सरकार श्री अमरनाथ यात्रा करने वाले भक्तों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है: अमित शाह
shriamarnathyatra,amitshahसरकार श्री अमरनाथ यात्रा करने वाले भक्तों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है: अमित शाह
केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि सरकार श्री अमरनाथ यात्रा करने वाले भक्तों के लिए पूरी सुरक्षा और सुगम तीर्थ यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। श्री शाह ने आज नई दिल्ली में उच्च स्तरीय बैठक में यह बात कही। गृहमंत्री की अध्यक्षता में इस बैठक में श्री अमरनाथ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान श्री शाह ने तीर्थ यात्रा के मार्ग पर बहुस्तरीय सुरक्षा ग्रिड बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इसके लिए केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सभी सुरक्षा एजेंसियों को समन्वित प्रयास करने चाहिए।
गृहमंत्री ने ड्रोन, सीसी टीवी निगरानी और उन्नत निगरानी प्रणालियों जैसी आधुनिक प्रौद्योगिकी के व्यापक इस्तेमाल से सुरक्षा को चाक-चौबंद करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और जम्मू-कश्मीर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पूरे यात्रा मार्ग पर शिविरों में निरंतर निगरानी की व्यवस्था करेंगे।
गृहमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं के पंजीकरण, ठहरने, स्वास्थ्य सेवाओं, आपदा प्रबंधन और सभी अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने श्री अमरनाथ यात्रा से जुडे स्थानीय लोगों और पशुओं के भी पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। इन्हें क्यूआर कोड आधारित पहचान पत्र जारी किए जाएंगे। पशुओं की स्वास्थ्य जांच के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इस बैठक में सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल, जम्मे-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, सीआरपीएफ, बीएसएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी और एसएसबी के महानिदेशक शामिल हुए। श्री अमरनाथ यात्रा तीन जुलाई से शुरू होगी और 28 अगस्त तक चलेगी।
====================================================Courtesy===========================================
सरकार श्री अमरनाथ यात्रा करने वाले भक्तों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है: अमित शाह
shriamarnathyatra,amitshah
