रतलाम में इसी साल से मेडीकल कालेज के प्रयास
रतलाम। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार में एक ओर मध्यप्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है दूसरी ओर कांग्रेस केवल आरोपों की राजनीति कर रही है। कांग्रेस को मेरी जन आशीर्वाद यात्रा पर आपत्ति है, और आपत्ति दर्ज करने के कांग्रेस के तरीके भी अजब गजब है। अब कांग्रेसी नेता भगवान महाकाल को चिट्ठी लिख रहे हैं, यह केवल कांग्रेस के छपास की भूख है। महाकाल महाराज के प्रति श्रद्धा और भक्ति है तो महाकाल महाराज की शरण में जाएं, ध्यान करें और पूजा पाठ करें। राजनीतिक टोटके के बजाय कांग्रेस को जमीन पर ठोस काम करना चाहिए। जो लोकतंत्र के लिए भी बेहतर होगा। यह बात मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज रतलाम सर्किट हाउस पर पत्रकार वार्ता में कही।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आजकल कांग्रेस के नेताओ का टोने टोटके में ज्यादा भरोसा हो गया। कांग्रेस के एक नेता को किसी बहन, भाई ने नारियल दिया, तो किसी ने उनसे कहा सिंदूर लगा है फिंकवा दो। अब उन्होंने नारियल फैंका या फिकवा दिया, मुझे नहीं पता। कांग्रेस इसी तरह टोटके करती है। इन कारणों से ही ‘ई’ कांग्रेस ‘पी’ कांग्रेस’ बन गयी है। सिर्फ पंजाब और पंडुचेरी में सिमट चुकी हैं। जनता को भ्रमित करने से कांग्रेस को कुछ हासिल होने वाला नहीं है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कहते हैं कि मुख्यमंत्री रथ पर चल रहे हैं नीचे तो उतरें। उन्हें आकर देखना चाहिए कि मैं कितनी जगह नीचे रथ से उतरकर अपने प्राणों से प्यारी जनता से मिलता हूं। उन्होंने कहा कि व्यापारी समुदाय समाज का मुख्य अंग है, उसके बिना समाज का उद्धार नहीं हो सकता। चाणक्य ने भी अपने समय में व्यापारियों के महत्व को राजतंत्र का महत्वपूर्ण अंग बताया था। जीएसटी सहित अन्य समस्याओं का सुझाव प्राप्त कर निराकरण किया जाएगा। मुझे बीमारु प्रदेश विरासत में मिला था जिसे जनता के सहयोग से अब विकसित प्रदेश बनाया है। आने वाले 5 वर्षों में प्रदेश को समृद्ध राज्य बनायेगे। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव की दृष्टि से संकल्प समिति बनाई है, जो सभी के सुझाव प्राप्त करेगी। हम सभी के सुझाव के आधार पर कार्य योजना बनाएंगे। ताकि सभी की भागीदारी जन तंत्र में हो। सबके साथ सबका विकास ही हमारा लक्ष्य है। उन्होने कहा कि सोयाबीन सहित अन्य फसलों का दुगना उत्पादन हो रहा है। हम चीन को सोयाबीन निर्यात करेंगे ताकि अधिक दाम किसानों को मिल सके। प्रधानमंत्री जी से इस संबंध में बात हुई है। एक प्रतिनिधि मंडल चीन भेज कर इस दिशा में काम कर रहे है। रतलाम में मेडीकल कालेज इसी सत्र से प्रारम्भ हो ऐसे प्रयास किए जा रहे है।