प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के पहले निजी प्रक्षेपण यान विक्रम-वन के सफल प्रक्षेपण पर दी बधाई
narendramodi,vikramoneप्रधानमंत्री मोदी ने भारत के पहले निजी प्रक्षेपण यान विक्रम-वन के सफल प्रक्षेपण पर दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत के पहले निजी तौर पर विकसित कक्षीय प्रक्षेपण यान विक्रम-वन के सफल प्रक्षेपण पर स्काईरूट एयरोस्पेस की टीम को टेलीफोन पर बधाई दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह ऐतिहासिक उपलब्धि देश के युवाओं को आगे आकर नवाचार में योगदान देने के लिए प्रेरित करेगी। श्री मोदी ने इस बात पर भी प्रसन्नता व्यक्त की कि स्काईरूट की टीम में अधिकतर युवा पेशेवर शामिल हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने विक्रम-वन की टीम को उनसे मिलने का भी निमंत्रण दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मिशन आगमन के अंतर्गत विक्रम-वन का सफल प्रक्षेपण अंतरिक्ष अन्वेषण में आत्मनिर्भरता की दिशा में भारत की यात्रा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। स्काईरूट एयरोस्पेस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, पवन कुमार चंदना और सह-संस्थापक नागा भरत डाका से टेलीफोन पर बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें इस अभियान की सफलता पर बधाई दी। श्री पवन चंदना ने प्रधानमंत्री को बताया कि विक्रम-वन रॉकेट पूरी तरह से स्वदेश में तैयार किया गया है। प्रक्षेपण यान के साथ 450 किलोमीटर सबसे निचली कक्षा में भेजे गए वंदे मातरम संदेश वाले पोस्टकार्ड का जिक्र करते हुए श्री चंदना ने प्रधानमंत्री को बताया कि उनका पोस्टकार्ड सफलतापूर्वक कक्षा में पहुंच गया है। चंदना ने कहा कि वंदे मातरम कक्षा में है।
सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह भारत की अंतरिक्ष यात्रा में एक निर्णायक क्षण है। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष अन्वेषण में भारत के निजी क्षेत्र की बढ़ती भागीदारी नए आयाम खोल रही है और नवाचार को गति दे रही है। श्री मोदी ने कहा कि यह उपलब्धि अनगिनत युवाओं को बड़े सपने देखने और निडर होकर नवाचार करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
============================================Courtesy=================================
