सतगढ़ी औद्योगिक क्षेत्र भोपाल की विकास यात्रा में होगा मंदिर के समान : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
satgadi,satgaduindustrialarea,#mpnews,#madhyapradeshnews,#bhopalnews,#DrMohanYadav,#mohanyadav,#mpcm
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने डॉ. मुखर्जी को समर्पित किया इंडस्ट्रियल पार्क
हमारी सरकार खेत से कारखाने और उद्योग को बाजार से जोड़ने के लिए कर रही है कार्य
राज्य सरकार इसी माह समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में बढ़ रही है आगे
मुख्यमंत्री ने सतगढ़ी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क और कन्वेंशन सेंटर का किया भूमि-पूजन
भोपाल : सोमवार, जुलाई 6, 2026

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर भोपाल को सतगढ़ी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क और कन्वेंशन सेंटर की बड़ी सौगात मिली है। यह इंडस्ट्रियल पार्क देश के पहले उद्योग मंत्री डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम से जाना जाएगा। सतगढ़ी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क में 15 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। सतगढ़ी क्षेत्र औद्योगिक विकास की दिशा में एक मंदिर के समान होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हम जो कहते हैं, करके दिखाते हैं। प्रदेश में विकसित हो रहे औद्योगिक क्षेत्र हमारे किसानों के लिए भी समृद्धि का द्वार खोलेंगे। युवाओं को रोजगार मिलेगा। गारमेंट इंडस्ट्री से कपास उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा। हमारी सरकार खेत से कारखाने और उद्योग को बाजार से जोड़ने के लिए कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत अपनी अलग पहचान बना रहा है। उन्होंने गरीब, अन्नदाता, युवा और नारी कल्याण पर विशेष ध्यान दिया है। राज्य सरकार प्रदेश के हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर सोमवार को भोपाल के कोलार क्षेत्र स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट औद्योगिक क्षेत्र का भूमिपूजन और शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे।
समाज के हर वर्ग के लिए एक जैसा होना चाहिए कानून
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने ‘एक देश – एक विधान – एक निशान – एक प्रधान’ की बात कही थी। उनके इस संकल्प को साकार करने के लिए राज्य सरकार इसी माह समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। समाज के हर वर्ग के लिए कानून एक जैसा होना चाहिए। प्रदेश की जनता ने तय कर लिया है कि यूसीसी मध्यप्रदेश में लागू होगा। इसके लिए कमेटी ने सभी धर्म-समुदाय के सुझाव लिए गए, जिससे किसी के साथ भेदभाव न हो। देश के बड़े राज्यों में, मध्यप्रदेश समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य होगा। प्रधानमंत्री श्री मोदी के मार्गदर्शन में हम इस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
सतगढ़ी में बनेगा प्रदेश का सबसे बड़ा कन्वेंशन सेन्टर
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सतगढ़ी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क से राजाभोज विमानतल की दूरी महज 25 किलोमीटर है। रानी कमलापति स्टेशन भी मात्र 15 किलोमीटर की दूरी पर है। भोपाल का वेस्टर्न बायपास भी यहीं से गुजरेगा। सतगढ़ी के 25 एकड़ क्षेत्र में 10 हजार क्षमता वाला एक आधुनिक कन्वेंशन सेंटर भी बनेगा। यह प्रदेश का सबसे बड़ा कन्वेंशन सेंटर होगा। मध्यप्रदेश अपने औद्योगिक विकास और पारदर्शी व्यवस्था के साथ तेजी से आगे बढ़ता जाएगा। सागर ग्रुप के श्री सुधीर अग्रवाल सतगढ़ी में 100 करोड़ का निवेश करेंगे। भोपाल प्राकृतिक सुंदरता और झील-तालाबों की नगरी है, लेकिन अब यह स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क भी राजधानी की पहचान बनेगा। अनेक क्षेत्रों में रोजगार के अवसर सृजित होंगे। भोपाल औद्योगिक नगरी के रूप में नई पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। यहां से प्रदेश के विकास का नया सूर्योदय हो रहा है।
जीआईएस 2025 का 10 लाख करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर आया
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक अंचल में देश-दुनिया के निवेशक औद्योगिक इकाइयां स्थापित कर रहे हैं। पिछले रविवार को शिवपुरी में 2500 करोड़ लागत से रक्षा क्षेत्र की बड़ी औद्योगिक ईकाई का भूमि-पूजन किया है। यहां बनने वाली मिसाइलों की क्षमता 1000 किलोमीटर की होगी। इससे पहले मुरैना को सोलर सेक्टर की बड़ी सौगात दी है। रोजगार आधारित उद्योगों के लिए गुना में 2 हजार करोड़ रुपये का सीमेंट प्लांट भी बनाया जा रहा है। विकसित भारत @2047 के संकल्प की पूर्ति में मध्यप्रदेश विकास की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। भोपाल में पहली बार जीआईएस जैसे बड़ा आयोजन संपन्न हुआ, जिसे प्रधानमंत्री श्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह का आशीर्वाद मिला। जीआईएस 2025 में आए 30 लाख करोड़ रुपये के निवेश में से 10 लाख करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर आ चुका है।
किसान कल्याण वर्ष में अब तक 86 हजार करोड़ रुपये के एमओयू हुए साइन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसान कल्याण वर्ष में जनवरी से लेकर अब तक निवेशकों के साथ 86 हजार करोड़ के एमओयू साइन हुए हैं। प्रदेशभर में हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। प्रदेश की बहनों को भी हर महीने सौगात मिल रही है, अब तक मुख्यमंत्री लाड़ली बहन योजना में राज्य सरकार 50 हजार करोड़ से अधिक राशि लाड़ली बहनों को जारी कर चुकी है। बहनें रोजगार आधारित उद्योगों में काम करेंगी तो उन्हें 5000 रुपए अलग से मिलेगा। प्रदेश में विरासत से विकास का कारवां जारी है। हमारे सभी देवस्थान अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। राज्य सरकार रामराज्य की प्रेरणा से हर वर्ग के लिए रोजगार, भोजन और आवास सहित सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कार्य कर रही है।
अमेरिका, जापान, ब्रिटेन, कनाडा और दक्षिण कोरिया से प्रदेश को मिला 10 हजार करोड़ रुपये का निवेश
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज अमेरिका, जापान, ब्रिटेन, कनाडा और दक्षिण कोरिया जैसी बड़ी अर्थव्यवस्था वाले देश, मध्यप्रदेश के साथ काम कर रहे हैं। इन देशों से 10 हजार करोड़ रुपये का विदेशी निवेश भी मध्यप्रदेश को मिला है। प्रदेश में छोटे-मझोले उद्योगों की देनदारी का भुगतान किया जा चुका है। बिजली, पानी और सड़क हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हो रही है।
यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री स्थल पर बनेगा स्मारक और अस्पताल
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार यूनियन कार्बाइड के कचरे का निष्पादन कर फैक्ट्री के स्थान पर भव्य स्मारक और नया अस्पताल बनाएगी। यही गैस त्रासदी के मृतकों और पीड़ितों को सच्ची श्रद्धांजलि है। भोपाल अब एक समृद्ध नगर के रूप में पहचान बना रहा है।
संतुलित विकास के साथ आदर्श राज्य बनेगा मध्यप्रदेश
पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण, विमुक्त घुमन्तु और अर्द्धघुमन्तु कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश औद्योगिक प्रदेश बन रहा है। सतगढ़ी में स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का भूमि-पूजन एक नई सौगात है, जिसकी सालों से प्रतीक्षा थी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पहली बार राजधानी भोपाल में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट आयोजित की। मध्य प्रदेश अब कृषि के साथ-साथ औद्योगिक विकास की यात्रा में अग्रणी राज्य बन चुका है। प्रदेश के धार में पहले पीएम मित्र पार्क का भूमि-पूजन प्रधानमंत्री श्री मोदी ने किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विकास और जन कल्याण के क्षेत्र में संतुलन के साथ कार्य किया है। मध्यप्रदेश संतुलित विकास के साथ आदर्श और नंबर-वन राज्य बनेगा।
विधायक श्री रामेश्वर शर्मा ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी भारत के पहले उद्योग मंत्री थे। उनके नाम पर बन रहा सतगढ़ी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क और कन्वेंशन सेंटर भोपाल की नई पहचान बनेगा। तालाब और झीलों की नगरी भोपाल अब औद्योगिक विकास का केंद्र बन रही है। सतगढ़ी भोपाल के दक्षिणी बायपास पर स्थित है, जो कि नर्मदापुरम रोड से जुड़कर सीधे मंडीदीप औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ेगा यह पार्क राजधानी भोपाल के आसपास नया इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। कोलार क्षेत्र को 6 लेन सड़क की सौगात मिलने से रहवासियों का आवागमन सुलभ हुआ है।
औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन प्रमुख सचिव श्री राघवेंद्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा मध्यप्रदेश में निवेश आकर्षित करने के लिए किए गए सतत प्रयास अब धरातल पर परिणाम दे रहे हैं। देश-विदेश में आयोजित निवेशक संवाद और रोड-शो के सकारात्मक परिणामस्वरूप यूनाइटेड किंगडम की हेलियन, कनाडा की मैककेन फूड्स, जापान की टौपान स्पेशलिटी फिल्म्स, अमेरिका की टूयर स्प्लिटवाटर्स, दक्षिण कोरिया की कंपनियों, आयरलैंड की फेलिक्स जेनेरिक्स, यूके की क्लिनीसप्लाइज तथा जर्मनी की टीडब्ल्यूई ओबीटी जैसी वैश्विक कंपनियाँ मध्यप्रदेश में निवेश कर रही हैं। साथ ही चाइनीज कंपनी ल्यूगोंग भी पीथमपुर में निवेश करने जा रही है जिसका शुभारंभ परसों होगा ।वहीं पेप्सिको, अडाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस, अडाणी सीमेंट, लियूगोंग और धनुका बायोटेक जैसी प्रमुख औद्योगिक परियोजनाएँ प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति दे रही हैं। उन्होंने कहा कि लगभग 70 हेक्टेयर में विकसित होने वाली सतगढ़ी स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप आधुनिक औद्योगिक अधोसंरचना का उत्कृष्ट उदाहरण होगी, जहाँ प्लग एंड प्ले सुविधाएँ, विश्वस्तरीय कन्वेंशन एवं एग्जीबिशन सेंटर, लॉजिस्टिक्स एवं कॉमर्शियल हब, आवासीय सुविधाएँ, स्मार्ट कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, सीसीटीवी सर्विलांस तथा पर्यावरण अनुकूल अधोसंरचना विकसित की जाएगी। उन्होंने कहा कि 18 सेक्टर-विशिष्ट निवेश नीतियाँ, जन विश्वास अधिनियम, ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस के अंतर्गत किए गए व्यापक सुधार, अनुपालनों में कमी तथा पारदर्शी अनुमोदन प्रणाली ने मध्यप्रदेश को देश के सबसे निवेश-अनुकूल राज्यों में स्थापित किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सतगढ़ी स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप भोपाल को औद्योगिक विकास का नया केंद्र बनाने के साथ प्रदेश में निवेश, नवाचार और रोजगार सृजन को नई गति प्रदान करेगी।
कार्यक्रम में भोपाल महापौर श्रीमती मालती राय ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
==============================================================================================
सतगढ़ी औद्योगिक क्षेत्र भोपाल की विकास यात्रा में होगा मंदिर के समान : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
satgadi,satgaduindustrialarea,#mpnews,#madhyapradeshnews,#bhopalnews,#DrMohanYadav,#mohanyadav,#mpcm
