• Sat. May 4th, 2024

भाजपा मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में सरकार बनाने जा रही है; कांग्रेस को तेलंगाना में पूर्ण बहुमत

भाजपा मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में सरकार बनाने जा रही है; कांग्रेस को तेलंगाना में पूर्ण बहुमत
assemblyelectianresult2023

चार राज्यों- मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और तेलंगाना विधानसभा चुनाव के ज्‍यादातर परिणामों और रूझानों के अनुसार मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिल गया है। कांग्रेस तेलंगाना में सरकार बनाएगी।

राजस्थान में कुल 200 में से एक सौ 99 सीटों के लिए मतदान हुआ था। श्रीगंगानगर के करणपुर सीट के लिए कांग्रेस उम्मीदवार गुरमीत सिंह के निधन के कारण चुनाव स्थगित कर दिया गया था। सभी 199 सीटों के परिणाम और रूझान मिल गए हैं। भारतीय जनता पार्टी ने 115 सीट जीती हैं। सत्तारूढ़ कांग्रेस ने 68 सीट जीती और एक पर आगे है। भारत आदिवासी पार्टी ने तीन जबकि बहुजन समाज पार्टी ने दो सीट जीती। अन्य ने 10 सीट जीती।

पूर्व केन्द्रीय मंत्री और भाजपा नेता राज्यवर्धन सिंह राठौर ने झोटवाड़ा सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को 48 हजार से अधिक वोटों से हराया। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने झालरापाटन सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को एक लाख 30 हजार से अधिक वोटों से पराजित किया। कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने टोंक सीट पर 29 हजार से अधिक वोटों से जीत दर्ज की।

मध्य प्रदेश में सभी 230 सीटों के रूझान या परिणाम आ गये हैं। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने 141 सीट जीत ली हैं और 24 सीटों पर आगे हैं। कांग्रेस ने 45 सीट जीती और 19 पर बढत बनाए हुए है। एक सीट भारत आदिवासी पार्टी के खाते में गई।

मध्‍य प्रदेश में भाजपा ने लगभग दो तिहाई बहुमत के साथ सत्‍ता बरकरार रखी है। मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्‍व में भाजपा ने 20 वर्ष का रिकार्ड तोडा।

भाजपा उम्मीदवार मंजू राजेन्द्र दादू ने नेपानगर सीट पर जीत दर्ज की है। मुख्यमंत्री और भाजपा नेता शिवराज सिंह ने बुधनी सीट एक लाख से अधिक वोटों से जीती। केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और प्रहलाद पटेल भी बढ़त बनाए हुए हैं। केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते निवास विधानसभा क्षेत्र से हार गए हैं।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व, गृहमंत्री अमित शाह की रणनीति और पार्टी कार्यकर्ताओं के कठिन परिश्रम को दिया है।

कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्‍यमंत्री कमलनाथ ने राज्‍य में पार्टी की हार स्‍वीकार करते हुए कहा है कि हम मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाते रहेंगे।

छत्तीसगढ़ में पांच वर्ष के बाद भाजपा का सत्‍ता में लौटना तय है। सभी 90 सीटों के रूझान या परिणाम मिल गए हैं। भारतीय जनता पार्टी ने 40 सीट जीती हैं और 14 पर बढत बनाए हुए हैं। सत्तारूढ़ कांग्रेस ने 30 सीट जीती हैं और 5 पर आगे है। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी एक सीट पर आगे है।

पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता रमन सिंह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरूण साओ, अमर अग्रवाल लता उसेंडी और नीलकांत टेकम जीत गए हैं।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पाटन सीट से विजयी हुए हैं लेकिन उपमुख्‍यमंत्री टी एस सिंहदेव अंबिकापुर सीट पर 158 वोट से हार गए हैं।

छत्तीसगढ भाजपा अध्यक्ष अरूण साओ ने कहा कि पार्टी अपने वायदे पूरे करेगी। पार्टी के राज्‍य प्रभारी ओम माथुर ने रायपुर में कहा कि मुख्‍यमंत्री पद के उम्‍मीदवार का निर्णय केंद्रीय नेतृत्‍व करेगा।

पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने कहा कि जनता ने भूपेश बघेल सरकार को अस्वीकार कर दिया है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वायदों पर भरोसा किया है। उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं और किसानों ने भारतीय जनता पार्टी को समर्थन दिया।

राज्य में चुनाव के लिए नक्सलग्रस्‍त बस्‍तर के एक सौ 26 गांवों में आजादी के बाद पहली बार मतदान केंद्र बनाए गए थे ताकि मतदाताओं को दुर्गम रास्तों से जाने की परेशानी न हो। यह बुलेट पर बैलेट की जीत का प्रतीक है।

तेलंगाना में सभी 119 सीटों के रूझान और परिणाम उपलब्ध हैं। कांग्रेस ने 62 सीट जीत ली हैं और 2 पर आगे है। भारत राष्ट्र समिति ने 35 सीट जीती और 4 पर बढत बनाए हुए है। भारतीय जनता पार्टी ने 8 सीट जीती हैं। एआई एमआईएम ने 5 सीट जीत ली हैं और दो पर आगे है। भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी ने एक सीट जीती है।

मुख्‍यमंत्री के चंदशेखर राव गजवेल से जीत गए लेकिन कामारेड्डी से चुनाव हार गए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्‍यक्ष कोडंगल से चुनाव जीते लेकिन कामारेड्डी से चुनाव हार गए हैं। कामारेड्डी सीट भाजपा नेता वेंकटरमन रेड्डी ने जीती।

तेलंगाना में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी माणिक राव ठाकरे ने हैदराबाद में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गाँधी और प्रियंका गाँधी ने अच्छा प्रचार किया और पार्टी के सभी नेताओं ने मिलकर चुनाव लडा़। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रेवंत रेड्डी ने इसे तेलंगाना की जनता की जीत बताया है। उन्होंने यह जीत तेलंगाना राज्य के गठन के लिए प्राणों की आहुति देने वाले लोगों को समर्पित की। श्री रेड्डी ने कहा कि पार्टी राज्य में छह गारण्टी लागू करेगी। उन्होंने भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिष्ट पार्टी और तेलंगाना जन समिति को धन्यवाद दिया।

इस बीच मुख्‍यमंत्री के चंद्रशेखर राव के आज शाम राजभवन पहुंचने की संभावना है।

राज्‍य में छह सांसदों ने चुनाव लडा। कांग्रेस के तीन सांसद उत्‍तम कुमार रेड्डी, रेवंत रेड्डी और वेंकट रेड्डी चुनाव जीत गए लेकिन भाजपा के तीन सांसद बंदी संजय, धर्मापुरी अरविंद और सोयम बापूराव चुनाव हार गए।

मिजोरम विधानसभा चुनाव के वोटों की गिनती कल होगी।

नागालैंड में तापी विधानसभा आरक्षित सीट का उपचुनाव नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी के वांगपांग कोन्याक ने जीत लिया है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के वांगलेम कोन्याक को 5 हजार 3 सौ 33 वोटों से हराया। इस सीट के लिए 96 दशमलव दो-पांच प्रतिशत मतदान रिकार्ड किया गया था।
================================Courtesy====================
भाजपा मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में सरकार बनाने जा रही है; कांग्रेस को तेलंगाना में पूर्ण बहुमत
assemblyelectianresult2023

 

 

 

aum

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *