• Mon. Sep 16th, 2024

बूथ सशक्त होगा तो पार्टी अजेय बनेगी- डॉ. विनय सहस्रबुद्धे

9/7/2017
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और प्रदेश संगठन प्रभारी डॉ. विनय सहस्रबुद्धे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित राजनैतिक दल है और कार्यकर्ता संगठन का मेरूदंड है। पं. दीनदयाल जन्मशताब्दी वर्ष में चल रही विस्तारक योजना का गंतव्य मतदान केंद्र तक कार्यकर्ताओं का सेतु बनाना और घर-घर जन-जन तक संवाद बनाकर उन्हें पार्टी से जोड़कर विचारधारा की स्वीकार्यता का विस्तार करना है। डाॅ. सहस्रबुद्धे भोपाल नगरीय क्षेत्र के 132 मतदान केंद्रों के पदाधिकारियों को एम्स के समीप सामुदायिक भवन में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आव्हान किया कि अपने बूथ में पक्की पकड़ बनायें। कोई मतदाता संवाद से वंचित न रहे। मतदान केंद्र के सशक्त होने से मंडल और जिला सशक्त होगा, पार्टी संगठन अजेय बनेगा। 2018 और 2019 का मिशन सफल होगा। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता पूर्व मुख्यमंत्री श्री बाबूलाल गौर, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री विजेश लूनावत, प्रदेश मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर और स्थानीय विधायक, जिलाध्यक्ष श्री सुरेन्द्रनाथ सिंह सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
डॉ. सहस्रबुद्धे ने कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि हमारे पास सशक्त निर्णय लेने वाला, कल्याण योजनाओं का प्रवर्तक नेतृत्व हैं। केंद्र में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उपलब्धियों का जखीरा हैं प्रदेश में श्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में अमल में आयी हर वर्ग की जनहितैषी योजनाएं है जिनने प्रदेश और समाज का चेहरा बदला है। हम आत्मविश्वास के साथ जनता के बीच पहुंचे और उन्हें श्री नरेन्द्र मोदी और श्री शिवराजसिंह चौहान की उपलब्धियों से रूबरू करें। इन योजनाओं से करोड़ों लोग उपकृत हुए हैं। उनके रहन-सहन, माली हालत में सुखद परिवर्तन स्पष्ट दृष्टिगोचर हो रहा है। हितग्राहियों से संवाद और संपर्क करे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में होने जा रहे 2018 के विधानसभा और 2019 के लोकसभा चुनाव में जीत का लक्ष्य लेकर मैदान में सक्रिय रहे। सारा ध्यान सक्रियता मतदान केंद्र पर केन्द्रित करें। प्रदेश उपाध्यक्ष श्री विजेश लूणावत ने डॉ. विनय सहस्रबुद्धे का स्वागत करते हुए भोपाल जिला नगर के सभी 16 मंडलों की विस्तारक योजना की प्रगति से अवगत कराया। श्री बाबूलाल गौर, श्रीमती कृष्णा गौर ने भी कार्यकर्ताओं से चर्चा की। समापन के समय जिलाध्यक्ष श्री सुरेन्द्रनाथ सिंह ने सभी का आभार माना और जिले की ओर से मिशन 2018, 2019 में अभूतपूर्व विजय का विश्वास दिलाया।

aum

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *