• Sat. May 4th, 2024

पं. दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानवदर्शन मानवता के लिए अनुपम उपहार- नंदकुमारसिंह चौहान

3/7/2017
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री नंदकुमार सिंह चौहान ने कहा कि दुनिया में शासन प्रणाली के अनेक दौर जैसे राजतंत्र, साम्राज्यवाद, अधिनायकवाद, साम्यवाद और पूंजीवाद आए और चले गए। उन सब में मानवीय चेहरा ओझल कर दिया गया था। पं. दीनदयाल उपाध्याय ने विश्व को एकात्म मानवदर्शन के रूप में अनुपम उपहार दिया है। जहां मानव गरिमा की स्थापना को राष्ट्र के सशक्तिकरण का सोपान मान्य किया गया है। मानवीय गरिमा की उपेक्षा करने वाले देश, दुनिया के नक्शे से बाहर हो चुके है। एकात्म मानवदर्शन ने मानवीयता को शीतल स्पर्श दिया। राष्ट्रवाद की भावना से संस्कारित किया है। इसके बिना राष्ट्र का सशक्तिकरण संभव नहीं है। श्री चौहान मुरैना में आयोजित पं. दीनदयाल उपाध्याय व्याख्यान माला में एकात्म मानवदर्शन पर उदबोधन दे रहे थे।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने एकात्म मानवदर्शन को धरातल पर उतारकर राष्ट्रवाद को परिभाषित किया है। भारतीय जनता पार्टी शासित राज्यों में एकात्म मानवदर्शन अंत्योदय के रूप में धरातल पर उतरा है। ग्रामोदय से भारत उदय का अभियान भी इसकी परिणति है। राष्ट्रवाद से प्रेरित होकर पं. अटलबिहारी वाजपेयी ने राष्ट्र की सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए पोखरण दो किया और पाश्चात्य महाबली देशों की धमकियों को धता बता दिया। अटलजी ने देश की सुरक्षा में जान गंवाने वाले शहीदों को सम्मान दिया। मध्यप्रदेश सरकार ने शहीद परिवारों को 25 लाख रूपए भेंट करने का संकल्प किया है। जिसने शहीद परिवार को सुरक्षा कवच का अहसास कराया है।
श्री चौहान ने कहा कि साम्यवाद का प्रणेता बिखर गया है। पूंजीवाद ने पारिवारिक संस्कार समाप्त कर दिए है। अमेरिका में समाज टूट गया है। भारत ने एकात्म मानववाद का अनुसरण कर मानवीय गरिमा प्रस्फुटित कर राष्ट्रवाद का जज्बा जुनून में परिवर्तन किया है। आज अशांत विश्व के लिए एकात्म मानव ही समाधान का मार्ग है। प्रदेश महामंत्री श्री अजयप्रताप सिंह, श्री विष्णुदत्त शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि विश्व के लिए एकात्म मानवदर्शन ही प्रेरणा स्त्रोत साबित होगा।
इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री श्री रूस्तम सिंह, श्री मुंशीलाल, महापौर श्री अशोक अर्गल, जिला अध्यक्ष श्री अनूपसिंह भदौरिया सहित जिला पदाधिकारी उपस्थित थे।

aum

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *