ईद-उल-फित्र का त्यौहार कल देश के अधिकांश भागों में मनाया जाएगा। राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति ने ईद की पूर्व संध्या पर लोगों को शुभकामनाएं दीराष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू ने ईद-उल-फित्र पर देशवासियों को बधाई दी है। राष्ट्रपति ने ईद के त्यौहार को प्रेम, शांति, भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक बताया है। उन्होंने कहा कि यह समाज के कमजोर वर्गों के कल्याण के प्रति लोगों की प्रतिबद्धता को व्यक्त करता है। राष्ट्रपति ने लोगों से कोविड-19 के भयावह संकट के बीच मानव सेवा की भावना को और मजबूत बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने लोगों से संक्रमण से बचाव के लिए परस्पर दूरी बनाए रखने के नियमों का पालन करने की अपील की। राष्ट्रपति ने विश्वास व्यक्त किया कि ईद का यह त्यौहार विश्व में क्षमा, परोपकार और आशा के सार्वभौमिक मूल्यों को और सशक्त बनाएगा।
उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू ने अपने संदेश में कहा कि ईद का त्यौहार समाज में दया, दान और परोपकार की भावना को मजबूत करता है। यह त्यौहार परिवारों और समुदायों को करीब लाने का अवसर है। उपराष्ट्रपति ने कहा कि ऐसे समय में जबकि देश और दुनिया कोविड जैसी महामारी से जूझ रही है, लोग अपने सभी पारंपरिक त्यौहार घरों में रह कर ही मना रहे हैं।
श्री नायडू ने कहा कि संकट की इस घड़ी में लोगों को कोई भी तीज-त्यौहार सामाजिक दूरी तथा साफ-सफाई के नियमों का पालन करते हुए मनाना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि ईद का पावन त्यौहार सभी लोग दया तथा एक-दूसरे के प्रति सम्मान की भावना के साथ मनाएंगे।
उपराष्ट्रपति ने उम्मीद जताई कि ईद-उल-फित्र से जुड़े महान आदर्श लोगों के जीवन में शांति, समृद्धि और सद्भाव की भावना को मजबूत बनाएंगे।
===================
Courtesy