• Thu. Apr 18th, 2024

पंजाब, कर्नाटक में नहीं किया, तो प्रदेश में क्या कर्ज माफ करेगी कांग्रेस : शिवराजसिंह चौहान

मुख्यमंत्री ने कहा मैं जो कहता हूं, करके दिखाता हूं- प्रदेश के विकास को देखने आएंगे लोगभिंड। कांग्रेस की सरकार वादाखिलाफी की सरकार है। इनके नेता सिर्फ वचन देना जानते हैं, लेकिन उनको पूरा करने का काम भाजपा की सरकार करती है। कांग्रेस ने पंजाब चुनाव में किसानों का कर्ज माफ करने का वादा किया था, फिर कर्नाटक के चुनाव में भी यही वादा किया, लेकिन आज तक वे किसानों का कर्ज माफ नहीं कर पाए। अब मध्यप्रदेश के किसानों को कर्ज माफी का


सपना दिखा रहे हैं। ये क्या करेंगे किसानों का कर्जा माफ, भाजपा की सरकार ही किसानों का भला करेगी। ये बातें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को सभाओं को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने ग्वालियर की भितरवार विधानसभा के मोहना में अनूप मिश्रा, भिंड की विधानसभा अटेर के परा में अरविंद सिंह भदौरिया, भिंड की ही विधानसभा लहार में रसाल सिंह और विधानसभा मेहगांव के गोरमी में राकेश शुक्ला के समर्थन में आयोजित सभाओं को संबोधित किया।

विभिन्न सभाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि मैंने मध्यप्रदेश के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी है। बीमारू मध्यप्रदेश को विकसित प्रदेशों की श्रेणी में लाकर खड़ा किया है। अब अगले पांच वर्षों में मध्यप्रदेश को समृद्ध प्रदेश बनाना है। इसके लिए प्रदेश की जनता से आशीर्वाद लेने के लिए पहुंच रहा हूं।


अखंड भ्रष्टाचार में डूबी थी कांग्रेस की सरकारें

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर खूब प्रहार किए। उन्होंने कहा कि चाहे देश हो या मध्यप्रदेश। हर जगह जब कांग्रेस का राज था, तो कांग्रेस के नेताओं ने खूब भ्रष्टाचार किया था। अखंड भ्रष्टाचार में डूबी हुई थी कांग्रेस की सरकारें। टूजी, थ्रीजी, कोयला घोटाला और न जाने कितने घोटाले किए हैं। यदि गिनाऊंगा तो सारे घोटालों को गिनाने में ही शाम हो जाएगी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश को भी कांग्रेस की सरकार ने बर्बाद कर दिया था, लेकिन हमने 15 सालों में उसे फिर से आबाद किया है।

सिर्फ विकास ही नजर आएगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में इतना विकास करूंगा कि यहां पर सिर्फ विकास ही नजर आएगा। मध्यप्रदेश के विकास को देखने के लिए लोग आएंगे। मुख्यमंत्री ने लहार और अटेर विधानसभा में कहा कि एक बार यहां पर भाजपा के विधायकों को सेवा करने का मौका दें। इन क्षेत्रों की तस्वीर बदल दूंगा।


फीस पर नहीं, पढ़ाई में मन लगाएं बच्चे

मुख्यमंत्री ने सभा में उपस्थित युवाओं और बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चो खूब पढ़ाई करना, कोई कमी मत रखना। यदि डॉक्टर बनना है, इंजीनियर बनना है, आईआईटी-आईआईएम में पढ़ाई करना है, या और कुछ करना है तो चिंता मत करना। सबकी फीस सरकार भरवाएगी, आपका मामा भरवाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने 12वीं में 75 प्रतिशत अंक लाने वाले बेटा-बेटियों को लेपटॉप दिया है और अब हमने अपने दृष्टिपत्र में 12वीं में 70 प्रतिशत अंक लाने वाली बेटियों को स्कूटी देने की बात भी कही है, ताकि वे स्कूटी से कॉलेज जा सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम हर वर्ग के बेटे-बेटियों को स्कॉलरशिप दिलवाएंगे। चाहे सामान्य वर्ग हो, ओबीसी हो, अनुसूचित जाति हो या अनुसूचित जनजाति हो।


यहां भी लीं मुख्यमंत्री ने सभाएं

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को विधानसभा गोहद में लालसिंह आर्य, विधानसभा ग्वालियर ग्रामीण के बेरजा में भारत सिंह कुशवाहा के समर्थन में भी सभाओं को संबोधित किया। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता एवं आमजन मौजूद रहे।

aum

Leave a Reply

Your email address will not be published.