• Fri. Apr 19th, 2024

महिलाओं का अपमान सहन नहीं करेगी मध्यप्रदेश की धरतीः शिवराजसिंह चौहान

मुख्यमंत्री ने कहा-सजावटी कहकर महिलाओं का अपमान कर रही है कांग्रेस
सुसनेर/जीरापुर। मध्यप्रदेश मां-बहनों की इज्जत करने वाला प्रदेश है। कांग्रेस के नेता मां-बेटियों को सजावट की वस्तु बता रहे हैं, लेकिन मध्यप्रदेश की धरती महिलाओं का यह अपमान सहन नहीं करेगी और कांग्रेस को उसकी सोच के लिए सबक सिखाएगी। यह बात मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने बुधवार को आगर मालवा जिले के सुसनेर और राजगढ़ जिले के जीरापुर में सभाओं को संबोधित करते हुए कही।


मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने बुधवार को आगर मालवा जिले के सुसनेर एवं राजगढ़ जिले की खिलचीपुर विधानसभा के जीरापुर में स्थानीय प्रत्याशियों के समर्थन में सभाओं को संबोधित किया। मुख्यमंत्री पहले सुसनेर और वहां से जीरापुर पहुंचे। जीरापुर में सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को महिलाओं को ‘सजावटी महिलाएं’ कहकर संबोधित किए जाने पर जमकर आड़े हाथों लिया। जीरापुर की सभा के दौरान मंच पर क्षेत्रीय सांसद रोडमल नागर, स्थानीय प्रत्याशी हजारीलाल दांगी, भाजपा जिला महामंत्री ज्ञानसिंह गुर्जर, उपाध्यक्ष जगन्नाथ तोमर, इंदिराजी, बलराम जाट सहित बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे।


भारतीय संस्कृति में मां-बहनों का उंचा स्थान

मुख्यमंत्री ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के लोग मां-बेटियों को सजावट का सामान कहते हैं। कमलनाथजी कहते हैं कि महिलाओं को सजावट के लिए टिकट थोड़े ही देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भारत भूमि है, भारतीय संस्कृति में मां-बेटियों का उंचा स्थान है। जहां पर मां-बेटियों का सम्मान होगा, वहीं देवता निवास करते हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश मां-बेटी की इज्जत करने वाला प्रदेश है। प्रदेश की भाजपा सरकार ने मां-बेटियों को उनका पूरा सम्मान दिया है। मध्यप्रदेश की धरती यह अपमान बिल्कुल सहन नहीं करेगी और निश्चित तौर पर महिलाओं के इस अपमान के लिए चुनाव में कांग्रेस को सबक सिखाएगी।

जनता मेरी भगवान और मैं उसका पुजारी हूं

मुख्यमंत्री ने राजगढ़ सभा में कहा कि मध्यप्रदेश मेरा मंदिर है, प्रदेश की जनता मेरी भगवान है और मैं इस भगवान का पुजारी हूं। उन्होंने कहा कि 54 साल कांग्रेस ने सरकार चलाई। 10-10 साल तक एक ही मुख्यमंत्री रहा, लेकिन राजगढ़ जिले की स्थिति क्या थी, यह बताने की जरूरत नहीं है। यहां पर विकास बिल्कुल नहीं हुआ, किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिला। अब भाजपा सरकार ने राजगढ़ जिले के विकास का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने कुंडलिया और मोहनपुरा बांध का काम शुरू कराया है। 4 हजार करोड़ से कुंडलियां बांध तैयार होगा। इससे सवा तीन लाख एकड़ में सिंचाई के लिए और 179 गांवों में पीने का पानी मिलेगा। इसी तरह 4 हजार करोड़ रूपए की मोहनपुरा योजना का काम भी पूरा हो गया है। इस योजना से किसानों को सिंचाई के लिए और 345 गांवों में पीने का पानी मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजगढ़ जिले की एक-एक इंच जमीन को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जाएगा और बहन-बेटियों को पीने के पानी के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।


सत्ता के लिए तड़प रहे राजा-महाराजा, उद्योगपति

आगर मालवा जिले के सुसनेर में सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के राजा-महाराजा और उद्योगपति सोचते थे कि सरकार चलाना उनका ही जन्मसिद्ध अधिकार हैं। उनको भरोसा नहीं था कि यह दुबला-पतला व्यक्ति भी 15 साल तक सरकार चला पाएगा। उनको लगा कि 5 साल बाद हट जाएगा, फिर लगा कि 10 साल बाद तो हट ही जाएगा। अब 15 साल हो गए और वे सत्ता की तड़प में रातभर करवटें बदलते हैं। भाजपा प्रत्याशी मुरलीधर पाटीदार के पक्ष में आयोजित सभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि 54 सालों के शासन में कांग्रेस प्रदेश को बीमारू राज्य की श्रेणी से बाहर नहीं निकाल पाई। मिस्टर बंटाढार ने तो प्रदेश का पूरी तरह से बंटाढार कर दिया। हमने मध्यप्रदेश को 15 वर्षों में बीमारू राज्य से निकालकर विकसित बनाया, फिर विकासशील बनाया है और अब समृद्ध मध्यप्रदेश के लिए आपसे आशीर्वाद लेने आया हूं।

दो-चार कलाकार बुलाए और कहलवा दिया ‘गुस्सा आता है’

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को भाजपा के विकास कार्यों पर गुस्सा आता है। कांग्रेस ने दो-चार कलाकारों को बुलवाकर एक विज्ञापन बनवा दिया, जिसमें वे कहते हैं कि उन्हें गुस्सा आता है। उन्होंने कहा कि मैं किसानों को फसलों का उचित मूल्य दे रहा हूं, तो इस पर कांग्रेस को गुस्सा आता है। गरीबों के लिए संबल योजना बनाई है, तो इस पर भी कांग्रेसियों को गुस्सा आता है। बेटियों को निःशुल्क शिक्षा की व्यवस्था की, उनको साइकिलें दिलाईं तो इस पर भी कांग्रेसियों को गुस्सा आता है।

भाजपा सरकार ने लिखी विकास की इबारत

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में कई विकास कार्यों की सौगातें दी हैं। इनकी फेहरिस्त बहुत लंबी है। आगर-मालवा के किसानों के लिए 4 हजार करोड़ की लागत से कुंडलियां बांध योजना का काम शुरू किया गया है। इस योजना से क्षेत्र के किसानों की जमीनों को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा। इसी तरह नलखेड़ा में कॉलेज खुलवाया, कोषालय खुलवाया। समूचे क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछाया।


कन्फयूज हैं कांग्रेस के नेता

मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल बाबा दिल्ली से आते हैं, तो मुझे खूब कोसते हैं। पिछले दिनों मध्यप्रदेश आए तो मेरे बेटे को पनामा मामले में आरोपी बना दिया। जब उनसे मीडिया ने पूछा तो कहा कि मैं कन्फयूज हो गया था। जब ये कांग्रेस के लोग इतने कन्फयूज्ड हैं तो फिर ये कैसे देश-प्रदेश चलाएंगे। उन्होंने कहा गरीबी हटाने का नारा कांग्रेस ने दिया था। पहले स्व. इंदिराजी, फिर स्व. राजीवजी भी गरीबी हटाने की बातें कहते थे और अब राहुलजी गरीबी हटाने की बातें कहते हैं। इन्होंने गरीबी तो नहीं हटाई, बल्कि गरीबों को ही हटा दिया। सुसनेर में सभा के दौरान भाजपा प्रत्याशी मुरलीधर पाटीदार, लक्ष्मण सिंह, अशोक लोहाटी, भवानी शंकर वर्मा, राजाराम गुर्जर, ईश्वर सिंह, गजेंद्रसिंह, नाथूलालजी परमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं आमजन मौजूद रहे।

 

aum

Leave a Reply

Your email address will not be published.