• Sun. Nov 15th, 2026

सबका साथ-सबका विकास के मंत्र से करोड़ों लोग गरीबी से बाहर आए: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी

सबका साथ-सबका विकास के मंत्र से करोड़ों लोग गरीबी से बाहर आए: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी
narendramodi,sabkasaathsabkavikasसबका साथ-सबका विकास के मंत्र से करोड़ों लोग गरीबी से बाहर आए: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र ने गरीबों में नया आत्मविश्वास जगाया है और इससे करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकलने में मदद मिली है। श्री मोदी आज महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने उन अति पिछड़े जनजातीय क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया है, जहां बुनियादी सुविधाओं का अभाव था। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान – पीएम-जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के लिए एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का आवंटन किया गया है।

श्री मोदी ने कहा कि पहली बार 15 नवंबर 2021 को मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस अब राष्ट्रीय उत्सव बन गया है। उन्होंने कहा कि एक समय था, जब कई राष्ट्रीय अवसरों और त्योहारों को विदेशी नजरिये से देखा जाता था, लेकिन आज भारत अपनी विरासत, इतिहास और नायकों को गर्व और स्वाभिमान के साथ याद कर रहा है। उन्होंने इसे देश की राष्ट्रीय चेतना में बड़ा बदलाव बताया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की दो बड़ी उपलब्धियों की आज व्यापक चर्चा हो रही है। उन्होंने बताया कि करीब 50 करोड़ लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर आए हैं और देश ने नक्सलवाद तथा माओवादी हिंसा को समाप्त करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण प्रगति की है। श्री मोदी ने कहा कि सरकार ने लंबे समय से विकास में पिछड़ रहे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया है। इसके लिए एक सौ से अधिक आकांक्षी जिलों और पांच सौ आकांक्षी ब्लॉकों में विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इनमें बड़ी जनजातीय आबादी वाले क्षेत्र भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री कृषि धन-धान्य योजना के तहत कृषि क्षेत्र में पिछड़े एक सौ जिलों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

हाल ही में जारी विश्व बैंक की एक रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 12 से 13 वर्षों में करीब 50 करोड़ भारतीय अत्यधिक गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने इसे स्वतंत्रता के बाद भारत की प्रमुख उपलब्धियों में से एक बताया। श्री मोदी ने कहा कि यह प्रगति किसी एक सरकार की कोशिशों का परिणाम नहीं है, बल्कि समाज के सामूहिक प्रयासों, नागरिकों की कड़ी मेहनत और जनजातीय कल्याण सहित सरकार की लक्षित योजनाओं तथा पहलों का नतीजा है।

कार्यक्रम के दौरान श्री मोदी ने चुनिंदा जनजातीय लाभार्थियों से बातचीत भी की।इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने लगभग तीन हजार करोड़ रुपये की लागत वाली 246 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य देशभर के जनजातीय समुदायों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, आजीविका और सामुदायिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है। प्रधानमंत्री ने 173 परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें जनजातीय विद्यार्थियों के लिए 38 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय और प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान – पीएम-जनमन के तहत एक सौ बहुउद्देशीय केंद्र शामिल हैं। ये केंद्र विभिन्न सरकारी सेवाओं की उपलब्धता और सामुदायिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में काम करेंगे।

श्री मोदी ने 19 नए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों और 12 जनजातीय बहुउद्देशीय विपणन केंद्रों की आधारशिला भी रखी। इसके अलावा उन्होंने पीएम-जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत कई अन्य परियोजनाओं का उद्घाटन और शुभारंभ किया तथा इन दोनों कार्यक्रमों के अंतर्गत 42 परियोजनाओं की आधारशिला रखी।

प्रधानमंत्री ने अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में जनजातीय अनुसंधान संस्थान भवन और मिजोरम में रोपुइलियानी जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का भी उद्घाटन किया। इन संस्थानों का उद्देश्य जनजातीय संस्कृति और विरासत का संरक्षण तथा संवर्धन करना है।

इस कार्यक्रम के साथ ही देशभर में पहली से 15 नवंबर तक आयोजित जनजातीय गौरव पखवाड़े का समापन हुआ। केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने भी गढचिरौली में सभा को संबोधित किया।
=======================================Courtesy==========================

 

aum

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *