• Sun. Nov 15th, 2026

शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने भारत-सिंगापुर के बीच नवाचार सहयोग बढ़ाने पर दिया जोर

शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने भारत-सिंगापुर के बीच नवाचार सहयोग बढ़ाने पर दिया जोर
bharatsingapore,singapore,prahaldjoshiशिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने भारत-सिंगापुर के बीच नवाचार सहयोग बढ़ाने पर दिया जोर
शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने नवाचार को बढ़ावा देने और नए विचारों को व्यावहारिक समाधान में बदलने के लिए भारत और सिंगापुर के बीच अधिक सहयोग का आह्वान किया है। श्री जोशी ने आज सिंगापुर में चौथे सिंगापुर-भारत हैकाथॉन के उद्घाटन समारोह में यह बात कही। तीन दिन का यह हैकाथॉन 17 नवम्बर तक चलेगा। इसमें 120 युवा नवाचारकर्ता भाग ले रहे हैं। इनमें भारत और सिंगापुर के 60-60 विद्यार्थी शामिल हैं। ये विद्यार्थी दोनों देशों के प्रतिभागियों को मिलाकर बनाई गई 20 टीमों में काम करेंगे।

श्री जोशी ने प्रतिभागियों से सीमाओं से परे सोचने और नवाचार के माध्यम से समाधान तलाशने का आग्रह किया। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन और भारत इनोवेट्स जैसी पहलों के माध्यम से नवाचार के क्षेत्र में भारत की प्रगति का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उपयोगी विचारों को वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान में बदलने के लिए भारत और सिंगापुर के शैक्षणिक संस्थानों के बीच घनिष्ट सहयोग, निरंतर मार्गदर्शन और नवाचार के लिए अनुकूल वातावरण विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि दोनों देश बेहतर भविष्य के लिए युवाओं को मिलकर काम करने, नए विचार विकसित करने और समाधान तैयार करने के लिए सशक्त बनाने के प्रति वचनबद्ध हैं।

शिक्षा मंत्री ने सिंगापुर के और अधिक विश्वविद्यालयों को भारत में अपने परिसर स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने प्रस्तावित यूनिवर्सिटी टाउनशिप के विकास में सिंगापुर से सहयोग मांगा और इसके लिए नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ सिंगापुर के यूनिवर्सिटी टाउन मॉडल का उल्लेख किया। उन्होंने 2027 में पांचवें भारत-सिंगापुर हैकाथॉन का आयोजन भारत में करने और दोनों देशों के उच्च शिक्षण संस्थानों का नियमित सम्मेलन आयोजित करने का भी प्रस्ताव रखा।

इससे पहले, एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री जोशी ने कहा कि यह पहल दोनों देशों के बीच मजबूत होती व्यापक रणनीतिक साझेदारी और नवाचार तथा युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

अपनी यात्रा के दौरान श्री जोशी ने सिंगापुर के शिक्षा मंत्री डेसमंड ली के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की। दोनों मंत्रियों ने स्कूली और उच्च शिक्षा, कौशल विकास, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की। उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों के आदान-प्रदान, शैक्षणिक योग्यताओं की पारस्परिक मान्यता, शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग, उभरती प्रौद्योगिकियों और उद्योग तथा शिक्षण संस्थानों के बीच साझेदारी जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया। श्री जोशी ने शिक्षा के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए श्री डेसमंड ली को भारत आने का निमंत्रण भी दिया।
======================================Courtesy===================================

aum

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *