• Sun. May 5th, 2024

(madhyapradeshnewsdiary) मुख्यमंत्री चौहान से देवराज और उसके माता-पिता ने की भेंट
6 वर्षीय देवराज का मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कराया था लिवर ट्रांसप्लाट
madhyapradeshnewsdiary,todayindia,todayindia24,shivrajsinghchouhan,mpcm,mpnews,madhyapradeshnews

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से लिवर ट्रांसप्लांट करा कर आए 6 वर्षीय देवराज और उसके माता-पिता ने मुख्यमंत्री निवास पर भेंट की। मुख्यमंत्री श्री चौहान की पहल पर शाजापुर जिले के ढाबला धीर गाँव के देवराज का लिवर ट्रांसप्लांट भोपाल के निजी अस्पताल में सफलतापूर्वक किया गया था। देवराज अब पूर्णत: स्वस्थ है। मुख्यमंत्री श्री चौहान का आभार व्यक्त करने देवराज और उसके माता-पिता मुख्यमंत्री निवास आए थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मिष्ठान खिलाकर देवराज को शुभकामनाएँ दी और देवराज के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।

उल्लेखनीय है कि 6 वर्षीय देवराज, लिवर की विल्सन डिजीस से पीड़ित था । इलाज के लिए लिवर ट्रांसप्लांट होना था। देवराज के माता-पिता की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वे अपने पुत्र का इलाज करा पाते। मुख्यमंत्री श्री चौहान को मीडिया से इस स्थिति की जानकारी हुई, तो उन्होंने देवराज का इलाज शासकीय व्यय से कराने का निर्णय लिया। भोपाल के बंसल अस्पताल में देवराज का सफल लिवर ट्रांसप्लांट हुआ। मुख्यमंत्री श्री चौहान, देवराज का हालचाल जानने स्वयं अस्पताल भी गए थे।
=======================================================
आठवाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को मनाया जाएगा
मध्यप्रदेश में ऐतिहासिक स्थलों और नदी, सरोवर के किनारे होगा योगाभ्यास
राज्य स्तरीय कार्यक्रम सहित जिला, विकासखंड और पंचायत स्तरीय कार्यक्रमों के लिए तैयारियाँ प्रारंभ
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने योग दिवस के कार्यक्रमों की तैयारियों की जानकारी प्राप्त की
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विचार- विमर्श किया। देश के साथ मध्यप्रदेश में भी आठवाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को मनाया जाएगा। वर्ष 2020 और 2021 में कोरोना की परिस्थितियों के कारण सार्वजनिक योगाभ्यास नहीं हो पाये। अब 2 वर्ष के अंतराल के बाद सार्वजनिक स्तर पर योग दिवस के कार्यक्रम होंगे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर योग का अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर महत्व बढ़ा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी योग से आमजन को जोड़ने की मंशा रखते हैं। इसके अनुरूप प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाए। व्यक्तिगत स्वास्थ्य और फिटनेस के लिए भारतीय योग के महत्व को विश्व के अनेक राष्ट्र ने स्वीकार किया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश के विश्व धरोहर स्थलों और अन्य ऐतिहासिक स्थानों जैसे किलों के प्रांगण एवं परिसर, सरोवरों और नदियों के किनारे सामूहिक योगाभ्यास के कार्यक्रम किए जाएँ।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के आग्रह पर संयुक्त राष्ट्र संघ ने 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की मान्यता दी है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव पर प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों पर योग दिवस के लिए स्वैच्छिक संगठनों को भी जोड़ा जाए। शिक्षा विभाग द्वारा विद्यालयों के स्तर पर योग कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी दी गई।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों के साथ ही एनसीसी,एनएसएस, पुलिस कर्मियों, शासकीय सेवकों, जन-प्रतिनिधियों और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योग के फायदों के बारे में आमजन में जागरूकता उत्पन्न करने के प्रयास भी किए जाएँ। आठवाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस योगाभ्यास के साथ ही विभिन्न संगोष्ठियों, कार्यशालाओं, संगीत के कार्यक्रम का समावेश करते हुए मनाया जाए। योग प्रदर्शन के लिए दिव्यांग वर्ग को भी सुविधानुसार समारोह में शामिल करने पर चर्चा हुई।

मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री मनीष रस्तोगी, प्रमुख सचिव संस्कृति श्री शिवशेखर शुक्ला, प्रमुख सचिव जनसंपर्क श्री राघवेंद्र कुमार सिंह के अलावा शिक्षा, आयुष और अन्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
=========================================================
पूर्व से संचालित विकास कार्यों के क्रियान्वयन पर ध्यान दें कलेक्टर्स : मुख्यमंत्री चौहान
पेयजल प्रबंधन, उर्वरक वितरण, स्वच्छ सर्वेक्षण जैसे कार्यों को न रोकें
कन्या विवाह योजना का क्रियान्वयन न रोका जाए
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कलेक्टर्स को वीडियो कॉन्फ्रेंस से किया संबोधित
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व से संचालित विकास कार्यों और जन-कल्याण से जुड़ी योजनाओं के यथासमय क्रियान्वयन के निर्देश प्रदेश के सभी जिला कलेक्टर को दिए हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पंचायत एवं नगरीय निकायों के निर्वाचन के लिए आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील होने के बावजूद प्रगतिरत कार्य यथावत जारी रहते हैं। लोकहितकारी योजनाओं के संचालन को संहिता के प्रावधानों का पालन करते हुए जारी रखना है। नई घोषणा या नई प्रशासकीय स्वीकृति न दी जाए, लेकिन पहले से चल रहे कार्यों को न रोका जाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज मंत्रालय से वीडियो कॉन्फ्रेंस द्वारा प्रदेश के कलेक्टर्स और अन्य अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। बैठक में मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में पूर्व से स्वीकृत कार्यों और योजनाओं के अमल को रोका जाना उचित नहीं है। संहिता के अनुसार नई स्वीकृतियाँ नहीं दी जानी चाहिए। लेकिन पंचायत एवं नगरीय निकाय क्षेत्रों में लोकहित के कार्य जारी रहें और हम आदर्श आचार संहिता का पालन भी करें, यह आवश्यक है। निर्वाचन की घोषणा होने तक जो कार्य प्रारंभ नहीं हुए हो, उन्हें भी प्रारंभ नहीं किया जाना चाहिए। इसी तरह जनोपयोगी सुविधा का शिलान्यास या उद्घाटन नहीं किया जाना चाहिए। कन्या विवाह योजना में भी मुख्य अतिथि के बिना कलेक्टर्स स्वयं इसके क्रियान्वयन को सुनिश्चित कर सकते हैं।

पेयजल प्रबंध और जलाभिषेक अभियान

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि अभी मानसून प्रारंभ नहीं हुआ है। गर्मी के कारण ग्रामीण और नगरीय निकाय क्षेत्रों में पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था के लिए उपलब्ध स्त्रोतों या परिवहन के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जाए। जल जीवन मिशन के अंतर्गत चालू किए गए कनेक्शन में निरंतर जल आपूर्ति होती रहे। हैण्डपम्प सुधार कार्य और संधारण के लिए भी प्रयास हों। जलाभिषेक अभियान में प्रारंभ किए गए और जून 2022 तक लक्षित अन्य कार्यों को मानसून के पहले पूर्ण कर लिया जाये। आगामी 22 जून को प्रधानमंत्री प्रगति की समीक्षा के अंतर्गत अमृत सरोवर की समीक्षा करेंगे। प्रदेश में आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर जिन अमृत सरोवरों के निर्माण के कार्य चल रहे हैं, उन्हें जारी रखा जाए। यह सरोवर देशभक्ति के प्रेरक स्थल और तीर्थ स्थल बन जाएं, इस दृष्टि से कार्यों को जारी रखना आवश्यक है। स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर इन सरोवरों के पास राष्ट्रध्वज भी फहराया जाएगा। इसी तरह पुष्कर धरोहर समृद्धि अभियान के कार्य पूरे कर विधिवत दस्तावेजीकरण भी किया जाए। इस अभियान में सुधारी गई जल-संरचनाओं का लाभ सिंचाई, मत्स्य-पालन, सिंघाड़ा उत्पादन के लिए लिया जा सके, इसके लिए पूर्व से संचालित गतिविधियों को जारी रखा जाए।

स्वच्छता सर्वेक्षण और स्वच्छता अभियान

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कलेक्टर्स को कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 के जमीनी परीक्षण का कार्य पूर्ण हो चुका है। नगरीय निकायों ने स्वच्छता सर्वेक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। मध्यप्रदेश शीर्ष राज्यों में शामिल है। हम सभी ने मिल कर स्वच्छता के नए प्रतिमान स्थापित करने का प्रयास किया है। यह कार्य रूकना नहीं चाहिए। कचरे का संग्रहण, प्रबंधन, कचरे को री-साइकिल करने, उसके प्र-संस्करण के कार्य होते रहेंगे। क्लस्टर और एकल परियोजनाओं के संयोजन से कचरा प्रबंधन के प्रयास भी किए जाएं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध के संबंध में 01 जुलाई की तिथि से इसे प्रभावशील करने का निर्णय लिया गया था। निकाय स्तर पर इसकी आवश्यक कार्यवाही की जाए। स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 का उद्देश्य मध्यप्रदेश में कचरे को रिसाइकिल कर उसके उत्पाद का विक्रय है। इसी तरह शत-प्रतिशत सीवर लाइन और सेप्टिक टैंक की मशीन के माध्यम से सफाई , जिलों में लैंडफिल साइट का निर्माण आदि कार्य करने के निर्णय पूर्व में ही लिए जा चुके हैं।

कृषि क्षेत्र

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि खरीफ सीजन में फसलों की बुवाई के लिए कम समय ही उपलब्ध होता है, जिसमें किसान अपने खेतों में बुवाई करते हैं। इस दृष्टि से जून और जुलाई माह खरीफ फसलों की बुवाई और कृषि आदान की व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण होते हैं। प्रदेश में पर्याप्त उर्वरक, बीज उपलब्ध हैं। आवश्यक अग्रिम भंडारण भी किया गया है। कलेक्टर्स यह सुनिश्चित करें कि आवश्यक उर्वरक उपलब्ध कराए जाएं। प्राकृतिक कृषि और फसलों के विविधीकरण से संबंधित पूर्व से संचालित कार्यों को भी नहीं रोका जाना चाहिए। इसी तरह भारत सरकार द्वारा उर्वरकों पर सब्सिडी की बढ़ाई गई राशि के प्रकाश में कलेक्टर्स कार्यवाही सुनिश्चित करें और यह देखें कि कहीं भी उर्वरकों की कालाबाजारी न हो।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आगामी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर ग्राम पंचायत स्तर पर भागीदारी को आवश्यक मानते हुए पत्र लिखे हैं। प्रदेश में पंचायत समितियों के अध्यक्ष सामूहिक योगाभ्यास के कार्यक्रमों के लिए कार्यवाही कर सकते हैं। पूरा देश और बल्कि दुनिया योग के महत्व को स्वीकार और अंगीकार कर चुकी है। प्रदेश में विभिन्न स्तरों पर योग दिवस के आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई है।
========================================================
वृक्षा-रोपण से धरती के साथ हमारा जीवन भी बनता है स्वस्थ और आनंदित : मुख्यमंत्री चौहान
वृक्ष हमें ऑक्सीजन देने के साथ ही परिवेश से नकारात्मकता अवशोषित करते हैं : परमपूज्य श्री दाजी
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पीपल, नीम और पारिजात के पौधे रोपे
हार्टफुलनेस संस्थान के वैश्विक अध्यक्ष परमपूज्य श्री दाजी ने भी किया पौधा-रोपण
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने हार्टफुलनेस संस्थान के वैश्विक अध्यक्ष पूज्य दाजी श्री कमलेश पटेल जी के साथ स्मार्ट सिटी उद्यान में पौध-रोपण किया। श्री दाजी, सहज मार्ग परंपरा के चतुर्थ गुरू और हार्टफुलनेस संस्थान के वैश्विक मार्गदर्शक तथा अध्यक्ष हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पीपल, नीम और पारिजात के पौधे लगाए।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए कहा कि पूरा समाज यदि यह संकल्प लेता है कि आने वाली पीढ़ियों के लिए धरती को सुरक्षित छोड़ने के लिए सबको वृक्षा-रोपण के अभियान में शामिल होना होगा, तो हम सबका यह छोटा सा प्रयास धरती के साथ हमारे जीवन को स्वस्थ और आनंदित बनाएगा।

पूज्य दाजी ने मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत में कहा कि वृक्षा-रोपण सम्पूर्ण मानव जाति के लिए अच्छा है। वृक्ष हमें ऑक्सीजन तो देते ही हैं, साथ ही परिवेश से नकारात्मकता अवशोषित कर सम्पूर्ण सकारात्मक प्रभाव प्रदान करते हैं। हमारी संस्कृति में भी यह मान्यता है कि पीपल के वृक्ष के नीचे सोने से गुस्सा कम होता है। इस प्रकार हर पौधे की अपनी महिमा है। वृक्षों के संबंध में इस प्रकार का ज्ञान हमें आत्म-सात करना चाहिए।

मुख्यमंत्री श्री चौहान के साथ भोपाल के सामाजिक कार्यकर्ता श्री प्रसन्न जैन ने भी अपने जन्म-दिन पर पारिजात का पौधा रोपा। आज लगाया गया पीपल एक छायादार वृक्ष है। यह पर्यावरण शुद्ध करता है। इसका धार्मिक और आयुर्वेदिक महत्व है। एंटीबायोटिक तत्वों से भरपूर नीम को औषधि के रूप में जाना जाता है। पारिजात के पौधे को हरसिंगार भी कहा जाता है, जो उत्तम औषधि भी है।
===========================================================
मुख्यमंत्री चौहान द्वारा श्री गिरिराज किशोर के निधन पर शोक व्यक्त
अंतिम संस्कार में हुए शामिल
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक सदस्य, खनिज विकास निगम के पूर्व उपाध्यक्ष, लोकतंत्र सेनानी श्री गिरिराज किशोर के निधन पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान, सुभाषनगर विश्राम घाट पहुँचकर स्व. श्री गिरिराज किशोर के अंतिम संस्कार में शामिल हुए और श्रद्धांजलि अर्पित कर परिजन को सांत्वना दी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि श्री गिरिराज किशोर का सम्पूर्ण जीवन संगठन की सेवा और उसके निर्माण में बीता है। उनकी जीवटता और लोगों को लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर प्रेरित करने की क्षमता अद्भुत थी। उनके सेवा भाव को भुला पाना कठिन है। आज श्रमिक और कमजोर तबके ने अपनी एक आवाज खो दी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने और शोकाकुल परिजन को यह दुख सहन करने का संबल देने की प्रार्थना की है।
===========================================================
मुख्यमंत्री श्री चौहान से हार्टफुलनेस संस्थान के वैश्विक अध्यक्ष परमपूज्य दाजी श्री कमलेश पटेल ने की भेंट
हार्टफुलनेस ध्यान पद्धति के अनुसार मुख्यमंत्री श्री चौहान ने किया ध्यान
बच्चों के बौद्धिक और ग्रहणशीलता विकास के लिए प्रदेश में संचालित की जाएंगी गतिविधियाँ
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से हार्टफुलनेस संस्थान के अध्यक्ष परमपूज्य दाजी श्री कमलेश पटेल जी ने निवास कार्यालय में भेंट की। श्री दाजी, सहज मार्ग परम्परा के चतुर्थ गुरू और हार्टफुलनेस संस्थान के वैश्विक मार्गदर्शक तथा अध्यक्ष हैं। संस्थान योग गतिविधियाँ, प्राकृतिक स्वास्थ्य चिकित्सा और ध्यान प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करता है। हार्टफुलनेस ध्यान पद्धति से ध्यान का अभ्यास करने से अल्प समय में ही आत्मिक शांति और प्रसन्नता का अनुभव होता है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने भी परमपूज्य श्री दाजी के मार्गदर्शन में इस ध्यान पद्धति के अनुसार ध्यान किया। संस्थान द्वारा हरीतिमा विकास कार्यक्रम, मृदा एवं जल-संरक्षण, सौर ऊर्जा विकास और नैतिक मूल्य आधारित शिक्षा से संबंधित गतिविधियाँ विश्व के अनेक देशों में की जा रही हैं। संस्थान संयुक्त राष्ट्र संघ से मिल कर भी कार्य कर रहा है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने संस्थान द्वारा बच्चों के बौद्धिक विकास, उनकी ग्रहणशीलता एवं उन्नत चेतना के विकास के लिए संचालित गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। प्रदेश की कुछ शालाओं में यह कार्यक्रम संचालित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। संस्थान के मार्गदर्शन में प्रदेश के चयनित पर्वतों पर वृक्षा-रोपण, जल-संरक्षण, जल के उपयोग, विलुप्त हो रही पादप प्रजातियों के संरक्षण और प्राकृतिक खेती संबंधित गतिविधियाँ संचालित करने पर भी विचार-विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेश में सौर ऊर्जा सहित क्लीन एवं ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में जारी गतिविधियों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान से संस्थान की श्रीमती रूचिवर्धन मिश्र, श्री संजय सहगल, श्री बाबूलाल जाट, श्री नील केलकर और गजेंद्र गौतम ने भी भेंट की। मुख्यमंत्री श्री चौहान के सम्मुख संस्थान के ब्राइटर माइंडस् कार्यक्रम के बच्चों की ग्रहणशीलता पर प्रभाव का प्रदर्शन भी किया गया। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में हार्टफुलनेस संस्थान का पहला केंद्र 1987 में विदिशा के गंजबासौदा में स्थापित हुआ। वर्तमान में प्रदेश में 150 केंद्र, 12 आश्रम और 400 प्रशिक्षक कार्यरत हैं।
=====================================================(madhyapradeshnewsdiary) मुख्यमंत्री चौहान से देवराज और उसके माता-पिता ने की भेंट
6 वर्षीय देवराज का मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कराया था लिवर ट्रांसप्लाट
madhyapradeshnewsdiary,todayindia,todayindia24,shivrajsinghchouhan,mpcm,mpnews,madhyapradeshnews

 

aum

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *