राजस्थान के कोटा में 1500 करोड़ रुपये लागत की ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा परियोजना का शुभारंभ
narendramodi,kota,rajasthan,greenfieldhawaiaddaराजस्थान के कोटा में 1500 करोड़ रुपये लागत की ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा परियोजना का शुभारंभ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि क्षेत्र में हवाई संपर्क से तीव्र और व्यापक विकास होता है। आज नए कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे के शिलान्यास समारोह में एक वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले भारत में लगभग 70 हवाई अड्डे थे, लेकिन अब इनकी संख्या बढ़कर 160 से अधिक हो गई है। उन्होंने बताया कि दिल्ली के आसपास कई हवाई अड्डों का विकास हुआ है। श्री मोदी ने कहा कि हवाई अड्डों के निर्माण से छोटे शहरों में उद्यमशीलता और पर्यटन को प्रोत्साहन मिलता है और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों में तेजी आती है। उन्होंने कहा कि कोटा हवाई अड्डा क्षेत्र के लिए प्रगति के नए द्वार खोलेगा और इससे युवाओं, व्यापारियों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सीधा लाभ होगा।
इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि कोटा में कई दशकों से ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे की मांग थी और अब यह सपना साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि कोटा में पहले से ही मजबूत सड़क और रेल संपर्क के साथ-साथ पर्याप्त बिजली तथा जल संसाधन मौजूद हैं। अब हवाई संपर्क शुरू होने से विकास के नए अवसर मिलेंगे। श्री बिरला ने कहा कि कोटा पहले से ही एक प्रमुख शैक्षणिक केंद्र है, साथ ही इसे एक औद्योगिक शहर के रूप में विकसित करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह क्षेत्र व्यापार और सेवा क्षेत्र के केंद्र के रूप में भी उभरेगा।
वहीं, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि उनकी सरकार अपने वादों को तेजी से पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि कोटा क्षेत्र में कई विकास परियोजनाएं आ रही हैं। नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू ने कहा कि हवाई अड्डे की परियोजना दो साल के भीतर पूरी हो जाएगी और इसके तुरंत बाद उड़ानें भी शुरू हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस हवाई अड्डे के निर्माण में एक हजार 500 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे। टर्मिनल भवन में आधुनिक बुनियादी ढांचे के साथ-साथ हाड़ौती क्षेत्र की कला और संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। कार्यक्रम से पहले, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे का शिलान्यास किया।
==================================================Courtesy===========================================
राजस्थान के कोटा में 1500 करोड़ रुपये लागत की ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा परियोजना का शुभारंभ
narendramodi,kota,rajasthan,greenfieldhawaiadda
