हैदराबाद में 130 माओवादियों ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के समक्ष किया समर्पण
revantreddy,hyderabadहैदराबाद में 130 माओवादियों ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के समक्ष किया समर्पण
हैदराबाद में आज एकीकृत कमान और नियंत्रण केंद्र में एक सौ 30 माओवादियों ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के समक्ष समर्पण कर दिया। इस गुट में राज्य समिति के तीन सदस्य़, क्षेत्रीय समिति का एक और प्रादेशिक समिति के दस सदस्य शामिल है। समर्पण करने वाले माओवादियों ने एक सौ 24 अत्याधुनिक हथियारों का ज़खीरा भी सौंपा। इनमें हल्की मशीन गन, 31 ए. के. 47, 21 राइफल और 20 सेल्फ-लोडिंग राइफल शामिल हैं।
इस अवसर पर संवाददाता सम्मेलन में मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने इतनी बड़ी संख्या में माओवादियों के समर्पण को लोकतंत्र की बड़ी जीत बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हिंसा के बजाय बातचीत और महात्मा गांधी के शांतिपूर्ण सिद्धांत के ज़रिए समस्याओं को हल करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि तेलंगाना में जनवरी 2024 से अब तक 721 माओवादी मुख्यधारा में शामिल हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि पहले समर्पण कर चुके माओवादियों के प्रस्ताव और अधिक विचार के लिए गृह मंत्री अमित शाह को भेजे गए हैं।राज्य सरकार ने एक बड़े पुनर्वास पैकेज का भी वादा किया है इसमें इंदिराम्मा आवास, बेहतर चिकित्सा सुविधाएं और अधिक वित्तीय मुआवज़ा शामिल है। मुख्यमंत्री ने गणपति सहित सभी छिपे हुए माओवादियों से समर्पण करने की अपील की। उन्होंने माओवादी के बीच भरोसा बनाने के सफल प्रयासों के लिए पुलिस बल की भी प्रशंसा की।
=========================================================Courtesy=====================================================
हैदराबाद में 130 माओवादियों ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के समक्ष किया समर्पण
revantreddy,hyderabad
