• Sat. Oct 31st, 2026

प्रधानमंत्री मोदी ने एकता नगर में 400 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्‍यास किया

प्रधानमंत्री मोदी ने एकता नगर में 400 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्‍यास किया
narendramodi,ektanagarप्रधानमंत्री मोदी ने एकता नगर में 400 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्‍यास किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गुजरात के एकता नगर में 400 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्‍यास किया। इन परियोजनाओं में सीवेज और जल शोधन संयंत्र, अग्रभाग प्रकाश व्यवस्था, नर्मदा घाट का उन्नयन और वर्षावन आदि शामिल हैं।

इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने एकता नगर स्थित एकता प्रतिमा पर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित की। सरदार पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री ने भव्य समारोह का नेतृत्व किया। सरदार वल्‍लभभाई पटेल का जन्‍मदिन राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है। वायु सेना के हेलीकॉप्टरों ने विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा पर फूल बरसाकर हवाई श्रद्धांजलि दी। बाद में आज शाम को, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में भाग लेंगे।

कल प्रधानमंत्री ने एकता नगर में ‘भारत पर्व 2026’ का उद्घाटन किया। यह उत्सव 15 नवंबर तक चलेगा। ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की थीम पर आयोजित इस उत्सव में देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की संस्कृति, परंपराओं, खान-पान, हस्तशिल्प और विरासत को प्रदर्शित किया जा रहा है। श्री मोदी ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के पास स्थित ‘फूलों की घाटी’ का भी दौरा किया। 24 एकड़ में फैले इस उद्यान में 112 प्रजातियों के लगभग 14 लाख पौधे हैं। इसे पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विकसित किया गया है।

प्रधानमंत्री ने बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की प्रसिद्ध रचना ‘आनंदमठ’ पर आधारित नाटक भी देखा। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय द्वारा सरदार सरोवर बांध की पृष्ठभूमि में प्रस्तुत इस कार्यक्रम में 300 कलाकारों ने भाग लिया। इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने ‘एकता प्रकाश पर्व’ में हिस्सा लिया और नर्मदा आरती में भी शामिल हुए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एकता नगर में पर्यटन और बुनियादी ढांचे से जुड़ी 31 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनका उद्देश्य स्टैच्यू ऑफ यूनिटी क्षेत्र में पर्यटक सुविधाओं का विस्तार करना और इसे एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना है। उद्घाटन की गई प्रमुख पर्यटन सुविधाओं में 50 करोड़ रुपये की लागत से बना आई.आर.सी.टी.सी. होटल, एकता क्रूज और इको ट्रेल शामिल हैं।

इसके अलावा, नागरिक सुविधाओं और पर्यटकों की सहूलियत के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया गया। इनमें सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, जल शोधन संयंत्र, ट्रैवलेटर, कॉलोनी सड़क, कर्मचारियों के आवास और नया परेड ट्रैक शामिल हैं। अन्य पूरी की गई परियोजनाओं में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के बैरक, मोखाड़ी गांव के पास टर्मिनल भवन और जेट्टी तथा शूलपाणेश्वर नर्मदा घाट का विस्तार और सौंदर्यीकरण शामिल हैं।

इसके अलावा, यूनिटी ग्लो गार्डन का जीर्णोद्धार, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में फसाड लाइटिंग और नए उच्च स्तरीय गोरा पुल पर लैंडस्केपिंग का काम भी किया गया है। प्रधानमंत्री ने कई महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी। इनमें गोरा-भनद्रा सड़क, खलवानी पुल, एकीकृत कैक्टस और बटरफ्लाई गार्डन तथा स्मार्ट जीरो वेस्ट प्रबंधन परियोजना शामिल हैं। क्षेत्र में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरदार सरोवर बांध के लिए एक आपदा नियंत्रण कक्ष भी बनाया जाएगा।
=================================================================Courtesy============================================

 

 

aum

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *