मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गायत्री धाम में मलखंभ की रोमांचक प्रस्तुति का किया अवलोकन
gaytridham,malkhamb,#topmpleader,#topmadhyapradeshleader,#madhyapradeshtopleader,#mpnews,#madhyapradeshnews,#bhopalnews,#DrMohanYadav,#mohanyadav,#mpcm

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़वानी जिले के गायत्री धाम कलाल्दा में आयोजित शरद उत्सव कार्यक्रम में सहभागिता के लिए पहुंचे और गायत्री धाम परिसर में आयोजित मलखंभ खेल की आकर्षक एवं रोमांचक प्रस्तुति का अवलोकन किया। इस अवसर पर नन्हे खिलाड़ियों ने अपने अद्भुत शारीरिक संतुलन, साहस, एकाग्रता और खेल कौशल से भारतीय पारंपरिक खेल मलखंभ की उत्कृष्ट प्रस्तुति दी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत मलखंभ की विभिन्न विधाओं का अवलोकन किया तथा उनके साहस, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल प्रतिभा की सराहना की और उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मलखंभ का शानदार प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री निधि से ₹1 लाख की प्रोत्साहन राशि प्रदान किए जाने की घोषणा की। उन्होंने विद्यार्थियों की मेहनत, लगन एवं समर्पण की प्रशंसा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारतीय पारंपरिक खेलों के महत्व को रेखांकित करते हुए मलखंभ को शारीरिक सुदृढ़ता, मानसिक एकाग्रता, अनुशासन एवं आत्मविश्वास विकसित करने वाला महत्वपूर्ण खेल बताया।
एकलव्य गुरुकुल के 20 विद्यार्थियों ने दिखाई अद्भुत प्रतिभा
शरद उत्सव के अंतर्गत एकलव्य गुरुकुल गायत्री धाम एवं जिला खेल एवं युवक कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मलखंभ खेल प्रस्तुति का आयोजन किया गया। इसमें एकलव्य गुरुकुल गायत्री धाम के कक्षा तीसरी से आठवीं तक के कुल 20 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। विद्यार्थियों ने मलखंभ की विभिन्न विधाओं का प्रदर्शन करते हुए अपनी शारीरिक दक्षता, लचीलेपन, संतुलन और सामूहिक समन्वय का परिचय दिया।
एकल मलखंभ में आठ विधाओं का किया शानदार प्रदर्शन
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने एकल मलखंभ के अंतर्गत आठ अलग-अलग विधाओं की आकर्षक प्रस्तुति दी। इनमें आड़ी मारना, वाने गुरुजी की पकड़, चक्रासन, धनुरासन, बजरंगी, पेट मयूरासन, हस्त मयूरासन एवं मलखंभ के शीर्ष पर खड़े होकर संतुलन बनाए रखने जैसी चुनौतीपूर्ण विधाएं शामिल रहीं।
नन्हे खिलाड़ियों ने मलखंभ पर कठिन आसनों एवं शारीरिक मुद्राओं का कुशलतापूर्वक प्रदर्शन कर अपनी नियमित अभ्यास क्षमता, आत्मविश्वास एवं एकाग्रता का परिचय दिया।

समूह पिरामिड मलखंभ में दिखा अद्भुत तालमेल एवं संतुलन
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण समूह पिरामिड मलखंभ की प्रस्तुति रही। इसमें विद्यार्थियों ने सात अलग-अलग पिरामिड संरचनाओं का प्रदर्शन किया। समूह में एक-दूसरे के सहयोग से संतुलन बनाते हुए विद्यार्थियों ने विभिन्न आकर्षक आकृतियां निर्मित कीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से खिलाड़ियों ने सामूहिक समन्वय, अनुशासन, आपसी विश्वास एवं शारीरिक दक्षता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री अंतर सिंह आर्य, बड़वानी जिले के प्रभारी मंत्री एवं कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम टेटवाल, विधायक श्री श्याम बर्डे, पूर्व राज्यसभा सांसद श्री सुमेर सिंह सोलंकी, शांतिकुंज प्रतिनिधि श्री प्रमोद भटनागर, श्री मेवालाल पाटीदार सहित अन्य गणमान्यजन विशेष रूप से उपस्थित रहे।
====================================================================================================
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गायत्री धाम में मलखंभ की रोमांचक प्रस्तुति का किया अवलोकन
gaytridham,malkhamb,#topmpleader,#topmadhyapradeshleader,#madhyapradeshtopleader,#mpnews,#madhyapradeshnews,#bhopalnews,#DrMohanYadav,#mohanyadav,#mpcm
