प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर विश्व नेताओं के साथ कई द्विपक्षीय बैठकें कीं
narendramodi,BRICSsummit2026प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर विश्व नेताओं के साथ कई द्विपक्षीय बैठकें कीं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर विश्व नेताओं के साथ कई द्विपक्षीय बैठकें कीं। श्री मोदी ने कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्त तोक़ायेफ के साथ द्विपक्षीय बैठक में आपसी संबंधों में प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कजाकिस्तान के साथ भारत के प्राचीन सभ्यतागत संबंधों को याद करते हुए हाल के वर्षों में आपसी संबंधों में स्थिर विकास पर संतोष प्रकट किया। दोनों नेताओं ने राजनीति, व्यापार, रक्षा और सुरक्षा, संपर्क, ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, उभरती प्रौद्योगिकी, रचनात्मक अर्थव्यवस्था और लोगों के बीच आपसी संबंधों सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की। इस दौरान क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर भी चर्चा हुई। उन्होंने दोनों देशों के लोगों के आपसी हित और क्षेत्र में शांति, स्थिरता, विकास तथा समृद्धि के लिए रणनीतिक साझेदारी को और मज़बूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
प्रधानमंत्री ने मिस्र के राष्ट्रपति अबदुल फत्ताह अस्सीसी के साथ भी बैठक की। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि इस दौरान क्षेत्रीय घटनाक्रम और भारत-मिस्र की साझेदारी सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो के साथ मुलाक़ात में श्री मोदी ने कहा कि दोनों देश कई क्षेत्रों में साझेदारी को मज़बूत करना जारी रखेंगे। उन्होंने राष्ट्रपति सुबियांतो के स्नेहपूर्ण व्यवहार, सकारात्मक सोच और आशावादी रवैये की भी प्रशंसा की।
श्री मोदी ने फिलीपींस के राष्ट्रपति आर. मार्कोस जूनियर के साथ भी बातचीत की। उन्होंने मौजूदा आसियान अध्यक्ष के तौर पर ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में फिलीपींस की भागीदारी का स्वागत किया। दोनों नेताओं ने विभिन्न क्षेत्रों में आपसी सहयोग में प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। वे रक्षा और सुरक्षा, व्यापार और निवेश, अंतरिक्ष, रेलवे अवसंरचना, फिनटेक, शिक्षा, पर्यटन, विज्ञान और तकनीक, नवाचार और लोगों के बीच आपसी संबंधों में सहयोग को और प्रगाढ करने पर सहमत हुए।
अगस्त 2025 में राष्ट्रपति मार्कोस की भारत यात्रा के दौरान स्थापित रणनीतिक साझेदारी को और आगे बढ़ाने पर भी सहमति बनी। श्री मोदी ने आपदा-रोधी बुनियादी ढांचे के लिए गठबंधन में शामिल होने के फिलीपींस के फ़ैसले का स्वागत किया। दोनों नेताओं ने आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की और रणनीतिक साझेदारी के सभी क्षेत्रों में सहयोग को मज़बूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
प्रधानमंत्री पिछले दो दिनो से वैश्विक नेताओं के साथ लगातार द्विपक्षीय बैठकें कर रहे हैं। श्री मोदी दक्षिण अफ्रीका और बुरुंडी के राष्ट्रपतियों तथा नाइजीरिया और युगांडा के उप-राष्ट्रपतियों के साथ और द्विपक्षीय बैठकें करने वाले हैं। इन बैठकों में द्विपक्षीय संबंधों को मज़बूत करने और क्षेत्रीय व वैश्विक घटनाक्रमों पर विचारों के आदान-प्रदान पर ध्यान केंद्रित किए जाने की उम्मीद है।
============================================Courtesy=================================
