• Tue. Jul 21st, 2026

विपक्ष के हंगामे के कारण संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित

विपक्ष के हंगामे के कारण संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित
paperleak,NEETविपक्ष के हंगामे के कारण संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित
संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही नीट पेपर लीक मामले सहित कई मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के कारण दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई। दोपहर दो बजे के बाद दोनों सदनों की बैठक फिर शुरू होने पर विपक्षी सदस्यों के हंगामा जारी रहा। शोर-शराबे के कारण दोनों सदनों की बैठक कल तक के लिए स्थगित कर दी गई।

इससे पहले लोकसभा में पहले स्थगन के बाद 12 बजे कार्यवाही फिर शुरू होने पर हंगामे के बीच सदन में संसद की अलग-अलग समितियों के चुनाव के लिए प्रस्ताव पेश किए गए। पीठासीन अधिकारी संध्या राय ने सदस्यों से अपनी सीटों पर लौटने और सदन को सुचारू रूप से चलने देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि शून्य काल सदस्यों का होता है और पूरा देश सदन की कार्यवाही देख रहा है। उनकी अपील के बावजूद, विपक्षी सदस्य नीट तथा छात्रों के विरोध-प्रदर्शन को लेकर नारेबाजी करते हुए हाथों में तख्तियां लेकर सदन के बीचों-बीच पहुंच गए। हंगामें को देखते हुए लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई थी।

आज सुबह लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रश्नकाल शुरू करने की कोशिश की। विपक्ष के सदस्यों ने फिर नीट पेपर लीक मुद्दा उठाया। श्री बिरला ने विपक्ष से सदन चलाने में सहयोग करने का आग्रह किया। विपक्ष के सदस्यों ने अपना विरोध जारी रखा जिसके कारण लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई थी।

राज्यसभा में 12 बजे के स्थगन के बाद बैठक फिर शुरू होने पर सभापति सीपी राधाकृष्णन ने विपक्षी सदस्यों से अपनी सीटों पर जाने और सदन की कार्यवाही चलने देने की अपील की, लेकिन विपक्ष ने उनकी बात नहीं मानी। हंगामे के बीच राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

राज्यसभा में भी ऐसी ही स्थिति देखने को मिली। केंद्रीय मंत्रियों द्वारा सदन के पटल पर कागजात रखे जाने के बाद, सभापति सी पी राधाकृष्णन ने विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे को अपना मुद्दा उठाने की अनुमति दी। श्री खरगे ने नीट मुद्दे को लेकर कल नई दिल्ली में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन का मामला उठाया। इसके बाद, विपक्ष और सत्ता पक्ष के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
====================================================Courtesy=========================

 

aum

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *