• Tue. Jul 21st, 2026

प्रधानमंत्री मोदी ने पेपर लीक रोकने के लिए सभी पक्षों से मिलकर प्रयास करने का आह्वान किया

प्रधानमंत्री मोदी ने पेपर लीक रोकने के लिए सभी पक्षों से मिलकर प्रयास करने का आह्वान किया
narendramodi,paperleakप्रधानमंत्री मोदी ने पेपर लीक रोकने के लिए सभी पक्षों से मिलकर प्रयास करने का आह्वान किया
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के संसदीय दल की बैठक आज संसद भवन के जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम में हुई। पारंपरिक रूप से संसद सत्र के दौरान प्रत्येक मंगलवार को होने वाली एनडीए की यह बैठक ‘मंगल मिलन’ के नाम से जानी जाती है। बैठक के दौरान एनडीए के सहयोगी दलों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने पर बधाई देने वाला प्रस्ताव पारित किया।

बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने देश में भविष्य की परीक्षाओं में पेपर लीक रोकने के लिए सभी संबंधित पक्षों से मिलकर प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने परीक्षा पेपर लीक में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और देश के युवाओं के हितों की रक्षा करने के सरकार के संकल्प को दोहराया। प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल ही में हुए नीट पेपर लीक मामले में शामिल सभी लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है और 13 आरोपी अभी जेल में हैं। श्री रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कहा कि जिम्मेदार लोगों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

श्री रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने उन मुक्त व्यापार समझौतों के बारे में भी बात की जो भारत ने कई देशों के साथ किए हैं। बैठक के दौरान, श्री मोदी ने कहा कि हर मुक्त व्यापार समझौते में भारतीय किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि ऐसे सभी समझौते किसानों के कल्याण और राष्ट्रीय हित को ध्यान में रखकर किए गए हैं।

संसद के मॉनसून सत्र का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि एनडीए विधेयकों को पारित कराने में रचनात्मक और सकारात्मक भूमिका निभाएगा। श्री रिजिजू ने विपक्षी दलों से संसद में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि भले ही राजनीतिक मतभेद हों, लेकिन सभी सांसद देश की सेवा करने, उसके भविष्य की रक्षा करने और युवाओं के कल्याण के लिए काम करने के लिए चुने गए हैं। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से व्यापक राष्ट्रीय हित में मिलकर काम करने का आह्वान किया।
=========================================================Courtesy=============================

aum

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *