स्पीडबोट हादसे के बाद वियतनाम के प्रधानमंत्री ने जांच के आदेश दिए, विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने जताया शोक
vietnam,vietnamspeedboadaccidentस्पीडबोट हादसे के बाद वियतनाम के प्रधानमंत्री ने जांच के आदेश दिए, विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने जताया शोक
वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हुन ने फु क्वोक द्वीप के पास स्पीडबोट हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। इस हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई ।
मुंबई में वियतनाम के महावाणिज्य दूतावास के अनुसार, प्रधानमंत्री ने अधिकारियों से हादसे के कारणों का पता लगाने और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा है। उन्होंने नियमों के उल्लंघन के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के भी निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के इलाज और मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने को कहा है।
यह हादसा कल उस समय हुआ जब 36 लोगों को लेकर जा रही स्पीडबोट फु क्वोक द्वीप के पास रट नगोआई टापू के निकट अचानक ऊंची लहर की चपेट में आकर पलट गई। नाव में चालक दल के चार सदस्य भी सवार थे।
स्थानीय प्रशासन ने 21 लोगों को बचा लिया, जबकि 15 भारतीयों की मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं हैं। वियतनाम में भारतीय दूतावास ने मृतकों की सूची जारी की है। इनमें 10 लोग तमिलनाडु, तीन आंध्र प्रदेश और दो केरल के रहने वाले थे।
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने वियतनाम में फू क्योक द्वीप के पास हुई नौका दुर्घटना में 15 भारतीय नागरिकों की मौत पर दुख व्यक्त किया है। डॉ. जयशंकर ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है कि वे दुखद नौका दुर्घटना से काफी आहत हैं। विदेश मंत्री ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
===========================================Courtesy================================
