केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने युवाओं से पुस्तकालयों से जुड़ने का आह्वान किया
amitshah,youth,liabraryकेंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने युवाओं से पुस्तकालयों से जुड़ने का आह्वान किया
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने व्यक्तित्व निर्माण में पुस्तकालयों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए युवा पीढ़ी से पुस्तकालयों से जुड़ने की अपील की है । आज नई दिल्ली में जयप्रकाश नारायण सार्वजनिक पुस्तकालय का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण एक महान स्वतंत्रता सेनानी, विचारक और राष्ट्रवादी नेता थे जिन्होंने देश के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया। गृह मंत्री ने कहा कि देश और उसके लोगों को समझने के लिए पढ़ना आवश्यक है। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में पुस्तकालयों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ जनसमुदाय में देश की संस्कृति और ज्ञान के प्रसार का सशक्त माध्यम हैं।
श्री अमित शाह ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाली और देश को गौरव दिलाने वाली सभी गतिविधियाँ ज्ञान पर आधारित हैं, जो व्यवहार में लागू होने पर बुद्धिमत्ता और विवेक में परिवर्तित हो जाता है। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय ऐसे ज्ञान का एक महत्वपूर्ण स्रोत हैं। श्री अमित शाह ने रेखांकित किया कि सरकार ने विदयाथियों में पढ़ने को प्रोत्साहित करने के लिए पुस्तकालयों को विद्यालयों से जोड़ने के प्रयास किए हैं। उन्होंने बताया कि गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में हर गांव में पुस्तकालय खोले गए हैं, जिनमें से प्रत्येक में लगभग 3 से 4 हजार पुस्तकें हैं। उन्होंने कहा कि ये पुस्तकालय एक केंद्रीय पुस्तकालय से जुड़े हैं, जिसमें एक लाख 25 हजार से अधिक पुस्तकों का संग्रह है।
श्री अमित शाह ने दिल्ली सरकार से शहर भर के सभी पुस्तकालयों को आपस में जोड़ने और उन्हें स्कूलों से जोड़ने के लिए एक व्यापक योजना बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पुस्तक प्रेमियों को पुस्तकालयों से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए एक सुव्यवस्थित कार्य योजना तैयार की जानी चाहिए। उन्होंने जयप्रकाश नारायण सार्वजनिक पुस्तकालय के कर्मचारियों से नई दिल्ली के आसपास के दस विधानसभा क्षेत्रों के सभी स्कूलों तक पहुंचने, युवाओं को पुस्तकालय से जोड़ने और उन्हें आने के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक बार युवाओं में पढ़ने की आदत विकसित हो जाए, तो वे इसे स्वयं जारी रखेंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि जयप्रकाश नारायण सार्वजनिक पुस्तकालय में 32 हजार से अधिक पुस्तकों का संग्रह है। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय में शोधकर्ताओं के लिए समर्पित सुविधाएं, एक आधुनिक बहुउद्देशीय सभागार, समकालीन पठन क्षेत्र, बाल क्षेत्र, एक शोध केंद्र और एक करोड़ ऑनलाइन पुस्तकों तक पहुंच प्रदान करने वाला एक ई-पुस्तकालय है। पुस्तकालय में हर जगह मुफ्त वाई-फाई उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि कई मॉनिटर भी लगाए गए हैं, जिससे आगंतुक अध्ययन के दौरान नोट्स ले सकते हैं, सामग्री डाउनलोड कर सकते हैं तथा अपने विचारों को और विकसित कर सकते हैं। पुस्तकालय अत्याधुनिक आरएफआईडी आधारित पुस्तक प्रबंधन प्रणाली से सुसज्जित है।
इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन विभाग के मंत्री परवेश वर्मा, नई दिल्ली नगर परिषद के अध्यक्ष केशव चंद्र और कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
==========================================Courtesy==================================
