अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा, हालिया तनाव के बावजूद अमरीका-ईरान वार्ता जारी रखने पर सहमत
trump,america,americapresident,iran,americairantalkअमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा, हालिया तनाव के बावजूद अमरीका-ईरान वार्ता जारी रखने पर सहमत
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि हालिया तनाव बढ़ने के बावजूद अमरीका और ईरान वार्ता जारी रखने पर सहमत हो गए हैं, लेकिन पिछले महीने हुआ युद्धविराम समाप्त हो गया है। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि ईरान ने वार्ता जारी रखने का अनुरोध किया है और अमरीका इसपर सहमत हो गया है। अमरीका ने ईरान से होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों पर हमले रोकने की मांग भी तेज कर दी है।
इन हमलों के कारण तनाव बढ़ने से अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ गई हैं। इस संघर्ष के दौरान कतर और सऊदी अरब के 3 वाणिज्यिक टैंकरों पर हमले हुए थे, जिसके जवाब में अमरीका ने ईरानी ठिकानों पर हमले किए। इसके जवाब में ईरान ने खाड़ी देशों में अमरीकी सैन्य ठिकानों पर हमले किए। इस बीच, क्षेत्र में कल किसी नये हमले की खबर नहीं है।
ईरान की सरकारी मीडिया ने बताया है कि खाड़ी क्षेत्र में तनाव कम करने के लिए मध्यस्थ के रूप में कतर का एक प्रतिनिधिमंडल तेहरान जा रहा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि कतर के अधिकारी तनाव कम करने और व्यापक वार्ता के लिए अनुकूल स्थिति बनाने में सहायता के लिए ईरानी अधिकारियों के साथ बातचीत कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि ये बातचीत अमरीका के समन्वय से संचालित की जा रही हैं।
==================================================Courtesy==================================
