• Sat. Jul 4th, 2026

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने भारत का पहला ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल्‍स परिसर देश को समर्पित किया

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने भारत का पहला ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल्‍स परिसर देश को समर्पित किया
narendramodiप्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने भारत का पहला ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल्‍स परिसर देश को समर्पित किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राजस्थान के बालोतरा में लगभग एक लाख 6 हजार करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। ये परियोजनाएं पेट्रोकेमिकल्स, शहरी परिवहन, रेलवे, सड़क, नवीकरणीय ऊर्जा और विद्युत पारेषण सहित कई क्षेत्रों में हैं।

प्रधानमंत्री ने बालोतरा के पचपदरा में भारत का पहला ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल परिसर राष्ट्र को समर्पित किया। यह देश के ऊर्जा और पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। ग्रीनफील्ड रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल परिसर हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड और राजस्थान सरकार का संयुक्त उद्यम है। 90 लाख मीट्रिक टन प्रति वर्ष क्षमता वाले इस परिसर की स्‍थापना 79,450 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से की गई है।

प्रधानमंत्री मोदी ने 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक की कुल लागत वाली जयपुर मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण का भी शिलान्यास किया। दूसरे चरण में प्रहलादपुरा से तोड़ी मोड़ तक 41 किलोमीटर लंबा उत्तर-दक्षिण मेट्रो कॉरिडोर विकसित किया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने चूरू-सादुलपुर और चूरू-रतनगढ़ रेल दोहरीकरण परियोजनाओं और राष्ट्रीय राजमार्ग 125 -ए, जोधपुर रिंग रोड खंड-दो के चार लेन निर्माण को राष्ट्र को समर्पित किया। उन्होंने सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड की एक हजार मेगावाट बीकानेर सौर ऊर्जा परियोजना भी राष्ट्र को समर्पित की। श्री मोदी ने राजस्थान नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र-आरईजेड से बिजली निकासी के लिए 1,900 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित पारेषण लाइन का उद्घाटन किया। उन्होंने राजस्थान आर.ई.जेड. के लिए 530 किलोमीटर लंबी बिजली पारेषण प्रणाली की आधारशिला भी रखी।

प्रधानमंत्री मोदी ने राजस्थान सरकार के विभिन्न विभागों में भर्ती किए गए लगभग 54 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपे। इस अवसर पर श्री मोदी ने कहा कि चुनौती चाहे कितनी भी बड़ी हो नया भारत न तो अपने संकल्प से पीछे हटता है और न ही अपनी गति धीमी करता है। उन्होंने कहा कि आज जोधपुर में नए हवाई अड्डे के टर्मिनल का उद्घाटन देश की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि नए टर्मिनल से मारवाड़ क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और रोजगार के अवसर बढ़ेगे।

श्री मोदी ने कहा कि भारत अपने दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयासों से 21वीं सदी के सबसे बड़े ऊर्जा संकट से सफलतापूर्वक उबरने में कामयाब रहा है। उन्होंने कहा कि भारत ने हर स्तर पर समय रहते निर्णय लिए, उभरते संकट का सटीक आकलन किया, प्रभावी रणनीति तैयार की और देश के संसाधनों का संतुलित उपयोग सुनिश्चित किया। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि कूटनीति और रणनीतिक उपायों से देश ने इस संकट का सफलतापूर्वक सामना किया।

इससे पहले प्रधानमंत्री ने राजस्थान में जोधपुर हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया। चार सौ 80 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह नया टर्मिनल भवन प्रति वर्ष 20 लाख यात्रियों की आवाजाही के लिए डिज़ाइन किया गया है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नए टर्मिनल भवन से यात्रियों को सुगम और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा। इससे क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलेगा।

श्री मोदी ने संशोधित उड़ान योजना का भी शुभारंभ किया जिससे क्षेत्रीय संपर्क के साथ-साथ विमानन क्षेत्र को प्रोत्साहन मिलेगा। देश के नागर विमानन परिदृश्य में इस महत्वपूर्ण विकास से उड़े देश का आम नागरिक पहल को बल मिलेगा। 28,840 करोड़ रुपये के आवंटन के साथ इस योजना का उद्देश्य अगले 10 वर्षों में विमानन-आधारित विकास के अगले चरण को गति देना है।
==========================================Courtesy============================

aum

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *