• Wed. Jun 17th, 2026

पीएम मोदी ने जी-7 शिखर सम्मेलन से अलग अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप से मुलाकात की

पीएम मोदी ने जी-7 शिखर सम्मेलन से अलग अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप से मुलाकात की
narendramodi,donaldtrump,G7पीएम मोदी ने जी-7 शिखर सम्मेलन से अलग अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप से मुलाकात की
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्‍य को आवाजाही के लिए खुला रखना वैश्विक अर्थव्‍यस्‍था के लिए अत्‍यन्‍त महत्‍वपूर्ण है। फ्रांस के एवियां में जी-7 शिखर सम्‍मेलन से अलग अमरीकी राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप के साथ द्विपक्षीय बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने आवाजाही की स्‍वतंत्रता सुनिश्चित किये जाने पर जोर दिया। श्री मोदी ने कहा समुद्री व्‍यापार के लिए विश्‍व के विभिन्‍न क्षेत्रों में लाखों भारतीय नाविक अपनी सेवाएं दे रहे हैं। नाविकों के योगदान को बताते हुए श्री मोदी ने कहा कि उनकी सुरक्षा सबसे महत्‍वपूर्ण है। उन्‍होंने पश्चिम एशिया में शांति प्रयासों में प्रगति के लिए राष्‍ट्र्रपति ट्रंप की सराहना की। श्री मोदी ने आशा व्‍यक्‍त की कि क्षेत्र में दीर्घकालीक शांति बहाल होगी। उन्‍होंने भारत और अमरीका के बीच व्‍यापार वार्ताओं की प्रगति पर प्रसन्‍नता भी व्‍यक्‍त की।

इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्त्‍ज के साथ बैठक में पश्चिम एशिया की स्थिति और रूस-यूक्रेन संघर्ष सहित क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों के बारे में चर्चा की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों में प्रगति की समीक्षा की। उन्‍होंने इस वर्ष के शुरू में भारत- यूरोपीय संघ के बीच मुक्‍त व्‍यापार समझौते पर वार्ता पूरी होने और श्री मर्त्‍ज की भारत की सफल यात्रा के साथ भारत-जर्मनी महत्‍वपूर्ण भागीदारी में आई नई गति पर संतोष व्‍यक्‍त किया। भारत और जर्मनी के बीच इस वर्ष राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर दोनों नेताओं ने व्‍यापार, निवेश, रक्षा, पर्यावरण अनुकूल और सतत विकास, प्रौद्योगिकी, नवाचार तथा शिक्षा सहित विभिन्‍न क्षेत्रों में सहयोग और मजबूत करने की प्रतिबद्धता की पुष्टि की। उन्‍होंने रक्षा औद्योगिक सहयोग प्रारूप पर हस्‍ताक्षर होने और जर्मनी के जरिये यात्रा करने वाले भारतीय नागरिकों के लिए ट्रांजिट वीजा छूट व्‍यवस्‍था लागू होने का स्‍वागत किया। श्री मर्त्‍ज ने श्री मोदी को इस वर्ष जर्मनी में आयोजित होने वाले 8वें भारत-जर्मनी अंतर-सरकारी परामर्श के लिए आमंत्रित किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने यूरोपीय आयोग की अध्‍यक्ष उर्सुला फॉन डेर लायन त‍था यूरोपीय परिषद के अध्‍यक्ष अन्‍तोनियो कोस्‍ता के साथ भी द्विपक्षीय बैठक की। बैठक में, आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया तथा पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रमों का स्‍वागत किया गया। उन्‍होंने बहुध्रवीय वैश्विक व्‍यवस्‍था को बढ़ावा देने की साझा प्रतिबद्धता दोहराई ताकि शांति, स्थिरता, स्‍मृद्धि और सतत विकास को बढावा मिल सके। उन्‍होंने भारत-यूरोपीय संघ मुक्‍त व्‍यापार समझौते पर हाल में सम्‍पन्‍न वार्ता को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्‍होंने इस पर जल्‍द हस्‍ताक्षर और अमल की जरूरत पर बल दिया। उन्‍होंने कहा कि इससे व्‍यापार और निवेश के लिए महत्‍वपूर्ण अवसर सृजित होंगे तथा चुनौतीपूर्ण भू-राजनीतिक माहौल के बीच आपूर्ति श्रृंखलाओं में विविधता लाने में मदद मिलेगी।

बैठक में संयुक्‍त भारत-यूरोपीय संघ व्‍यापक रणनीतिक एजेंडे की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बैठकों से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने फ्रांस के एवियां में एक महत्‍वपूर्ण कार्य सत्र में कहा कि अंतर्राष्‍ट्रीय वित्तीय संस्‍थाओं को ऐसे तंत्र विकसित करने चाहिए जो विकासशील देशों को आर्थिक मजबूती प्रदान करे। सत्र का विषय था- सभी के लिए संतुलित, समावेशी और सतत आर्थिक वृद्धि को बढावा देना। उन्‍होंने अफ्रीका, लातिन अमरीका और प्रशांत द्वीप देशों को जोड़ने वाली संपर्क परियोजनाओं का भी प्रस्‍ताव रखा। श्री मोदी ने संपर्क और व्‍यापार में तेजी लाने के लिए अंतर्राष्‍ट्रीय आवागमन भागीदारी तैयार करने का भी सुझाव दिया। इसके अंतर्गत जी-7 देशों की पूंजी, भारतीय प्रतिभाओं और ग्‍लोबल साउथ के देशों को एकसाथ लाया जा सकता है। उन्‍होंने कहा कि ठोस वृद्धि से समावेशन और लोगों के कल्‍याण को मजूबती मिलती है‍। उन्‍होंने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्‍वास और सबका प्रयास के मूलमंत्र के साथ भारत की विकास गाथा के बारे में भी बताया।

इसमें जी-7 सदस्‍य देश, सहभागी देश, अंतर्राष्‍ट्रीय मुद्रा कोष तथा आर्थिक सहयोग और विकास संगठन के प्रतिनधियों ने भाग लिया।
श्री मोदी ने सुरक्षित, त्‍वरित और प्रभावी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सुनिश्चित करने पर केंद्रित कार्य सत्र में भी भाग लिया। इसमें जी-7 सदस्‍य देशों, सहभागी देशों और प्रमुख आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनियों के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारियों ने डिजिटल नवाचार के भविष्‍य के बारे में चर्चा की।
==================================================Courtesy======================================================
पीएम मोदी ने जी-7 शिखर सम्मेलन से अलग अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप से मुलाकात की
narendramodi,donaldtrump,G7

 

aum

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *