राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा शिक्षा लोगों को आत्मनिर्भर और सक्षम बनाती है
president,educationराष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा शिक्षा लोगों को आत्मनिर्भर और सक्षम बनाती है
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि शिक्षा सशक्तिकरण का एक शक्तिशाली साधन है। यह लोगों को आत्मनिर्भर, जागरूक और सक्षम बनाती है। आज नई दिल्ली में जनजातीय छात्रवृत्ति योजना के लाभार्थियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि सही विकास तभी संभव है जब समाज के सभी वर्ग सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक रूप से प्रगति करें। उन्होंने कहा कि सरकारी छात्रवृत्ति योजनाओं ने जनजातीय समुदाय को उच्च शिक्षा और नए अवसर प्रदान करके उनके जीवन को बदल दिया है। राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि भारत में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्होंने प्रतिभा को पहचानने, पोषित करने और उसके विकास के लिए सही मंच प्रदान करने की आवश्यकता पर बल दिया।
राष्ट्रपति ने कहा कि केंद्र सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जनजातीय समुदायों के युवाओं को सशक्त बनाने और उनका उत्थान करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति योजनाएं केवल वित्तीय सहायता का साधन नहीं हैं, बल्कि ये युवाओं के सपनों को पंख देने का माध्यम हैं। राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि छात्रवृत्तियां उन युवाओं के जीवन में नई संभावनाओं के द्वार खोलती हैं, जिनमें अपार प्रतिभा है, लेकिन संसाधनों की कमी के कारण वे प्रगति करने से वंचित रह जाते हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि युवा राष्ट्र की शक्ति, आशा और उज्ज्वल भविष्य का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने युवाओं, विशेषकर जनजातीय समुदायों के युवाओं से आग्रह किया कि वे अपनी जड़ों और अपने लोगों को न भूलें।
===============================================Courtesy=======================================
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा शिक्षा लोगों को आत्मनिर्भर और सक्षम बनाती है
president,education
