• Sun. May 19th, 2024

बहनों-भांजियों ने स्वागत में बरसाए फूल, मुख्यमंत्री ने दिया उनके सम्मान की रक्षा का वचन

धार जिले की जनआशीर्वाद यात्रा में दिखी रक्षाबंधन पर्व की भावना
धार। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान की जनआशीर्वाद यात्रा शुक्रवार को प्रदेश के धार जिले में पहुंची। जिले के आदिवासी अंचल उमरबन से शुरू हुई यह यात्रा भले ही राजनीतिक थी, लेकिन इस यात्रा में रक्षाबंधन के पर्व की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। यात्रा के दौरान जगह-जगह बहनों ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया, भांजियों ने उन पर फूल बरसाए, तो मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में बहनों और भांजियों के सम्मान की रक्षा का वचन दिया।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि बहनों, भांजियों के सम्मान से खेलने वाले दरिंदों को बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने धार जिले के सिंघाना, लोहारी, कुक्षी एवं बाग में सभा को संबोधित कर जनआशीर्वाद लिया।

जनआशीर्वाद यात्रा के अंतर्गत मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान शुक्रवार को हेलीकॉप्टर से धार जिले के उमरबन पहुंचे। यहां हेलीपैड से सभा स्थल तक के रास्ते में लोगों ने जगह-जगह उनके स्वागत के लिए मंच सजा रखे थे। पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए कतारों में खड़ी थीं, तो घरों की छतों पर खड़ी भांजियों ने फूल बरसाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने यहां विशाल आमसभा को संबोधित किया। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटलबिहारी वाजपेयी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री ने सभा में उपस्थित सभी लोगों को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं।

बहनों के सम्मान की रक्षा में कसर नहीं छोड़ूंगा

स्थानीय लोगों, बहनों और भांजे-भांजियों के आत्मीय स्वागत से अभिभूत मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत में इस स्वागत के लिए उपस्थित लोगों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि मैं रक्षाबंधन पर्व पर सभी बहनों और भांजियों को वचन देता हूं कि उनके सम्मान की रक्षा में कोई कसर नहीं छोड़ूंगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने बहनों, बेटियों के सम्मान से खेलने वालों के लिए कड़ी सजा का प्रावधान किया है और ऐसे कई मामलों में फास्ट ट्रैक कोर्ट ने तेजी से सुनवाई करके दरिंदों को फांसी की सजा सुनाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने महिलाओं को राजनीतिक अधिकार देने के लिए स्थानीय निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया है। वहीं, पुलिस भर्ती में भी आरक्षण देकर सरकार ने बेटियों के हाथों में डंडा थमा दिया है।

हर गरीब को मुस्कुराने का हक

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर गरीब को मुस्कुराने का हक है और इसके लिए उनकी सरकार हर संभव कदम उठाएगी। उन्होंने संबल योजना की जानकारी देते हुए कहा कि सभी पात्र व्यक्ति संबल योजना में अपना रजिस्ट्रेशन कराएं। उन्होंने कहा कि योजना के तहत गरीबों का निःशुल्क इलाज होगा। उनका बिजली का बिल शून्य हो जाएगा। जिले के कुक्षी में सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने 26 लाख लोगों का बिजली का बिल शून्य कर दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों को एक रुपए किलो चावल व गेहूं दे रही है। उन्होंने कहा कि स्कूल से कॉलेज तक बच्चों की पढ़ाई का सारा खर्च प्रदेश सरकार उठाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर गरीब के घर में उजाला करेगी और सभी को जमीन के पट्टे दिए जाएंगे।

कांग्रेस ने 70 सालों में कुछ नहीं किया

मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने विभिन्न सभाओं में अपने संबोधन में कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने 60-65 सालों के शासन में विकास के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने भाजपा सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों का हवाला देते हुए कहा कि प्रदेश के लोगों को अब 24 घंटे बिजली मिल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासन में सड़कों के विकास पर ध्यान नहीं दिया, लेकिन अब पूरे प्रदेश में सड़कों का जाल बिछ गया है। किसानों के लिए किए जा रहे प्रयासों की बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने किसानों को जीरो परसेंट ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराया है। मुख्यमंत्री ने जहां उमरबन में कॉलेज खोले जाने की घोषणा की, वहीं कुक्षी में कहा कि सरकार जल्द ही बदनावर तक नर्मदा नदी का पानी पहुंचाने का प्रयास करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने उमरबन, कुक्षी सहित जिले के अन्य क्षेत्रों के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी है। उन्होंने विभिन्न सभाओं में उपस्थित लोगों से कहा कि आप हर बार कांग्रेस को जिताते हैं, इस बार भारतीय जनता पार्टी को अपना आशीर्वाद देकर जिताएं।

लोगों में दिखा जबरदस्त उत्साह

धार जिले के ग्रामीण अंचल में मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान की जनआशीर्वाद यात्रा के प्रति महिलाओं, बच्चों, युवाओं सहित समाज के हर वर्ग के लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया। जगह-जगह लोग मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए कतारों में खड़े थे। रास्ते में विभिन्न समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए अपने-अपने मंच सजाए थे और इन मंचों पर परंपरागत तरीके से मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री के काफिले के साथ जिला पंचायत सदस्य श्री वीरेंद्रसिंह बघेल के नेतृत्व में दो सौ से अधिक बाइक सवार युवाओं का दल चल रहा था। इस दल में शामिल युवा ‘‘अबकी बार, दो सौ पार’’ के नारे लगाते हुए पूरे जोशो-खरोश के साथ चल रहे थे।

धार जिले की विभिन्न सभाओं के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री प्रभात झा, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नि श्रीमती साधना सिंह, सांसद श्रीमती सावित्री ठाकुर, विधायक श्रीमती रंजना बघेल, श्री भंवरसिंह शेखावत, श्री बाबूसिंह रघुवंशी, श्री मुकाम सिंह निकवाल सहित जिला पदाधिकारी मौजूद थे।

aum

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *