• Thu. Mar 28th, 2024

किसानों का एक-एक प्याज खरीदा जाएगा-मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान

 

भोपाल : मंगलवार, जून 7, 2016
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि किसानों से एक-एक प्याज खरीदा जायेगा चाहे वह किसी भी साइज का हो। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने किसानों के आग्रह पर प्याज तुलाई केन्द्र पर वर्तमान में 20-20 किलोग्राम प्याज तौलने के बजाय पूरी ट्राली तौलने का इंतजाम करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि प्याज किसी भी जिले का हो, खरीदा जाए। किसानों को वापस नहीं भेजे। इस बात का ध्यान रखें कि प्याज अन्य राज्यों का न हो। खरीदी में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने किसानों से अनुरोध किया कि सड़े-गले प्याज बेचने के लिए नहीं लायें। किसानों को बर्बाद नहीं होने देंगे। किसानों ने पसीना बहाकर खेतों में प्याज पैदा किया है, जिसे कौड़ियों के दाम नहीं बिकने देंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आज शाजापुर में प्याज खरीदी के लिए बनाए गए ए.बी. रोड स्थित रूचि वेयर हाउस मझानिया का आकस्मिक निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री के साथ विधायक श्री अरुण भीमावद, श्री जसवंत सिंह हाड़ा, प्रमुख सचिव जनसंपर्क श्री एस.के. मिश्रा, प्रमुख सचिव उद्यानिकी एवं खाद्य प्र-संस्करण श्री अशोक वर्णवाल एवं प्रबंध संचालक मार्कफेड श्री बी.एम. शर्मा भी थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्याज खरीदी केन्द्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। वे एक-एक तौल-काँटे पर गए और प्याज खरीदी के लिए की गई व्यवस्था को देखा। उन्होंने प्याज विक्रय के लिए आए किसानों से चर्चा की और खरीदी व्यवस्था के संबंध में विचार जाने। इस मौके पर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि किसान अन्नदाता है, जो सबका उदर पोषण करता है। उन्होंने किसानों से कहा कि यदि मंडियों में 6 रूपये किलो से अधिक भाव मिल रहा हो, तो किसान अपना प्याज वहाँ बेचे और 6 रूपये किलों से कम में प्याज नहीं बेचें।

किसानों में खुशी है

मुख्यमंत्री को किसानों ने अवगत करवाया कि व्यवस्था बहुत अच्छी चल रही है। उनका प्याज पहले मंडियों में एक रूपये किलो भी नहीं बिक रहा था। प्रदेश सरकार ने प्याज खरीदी का फैसला लेकर किसानों के लिए एक अच्छा कार्य किया है। इससे किसानों में खुशी है।

किसान-कल्याण कोष बनेगा

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आपदा या विपरीत परिस्थितियाँ निर्मित होने पर किसानों के हितों के संरक्षण के लिए प्रदेश सरकार जल्दी ही किसान कल्याण कोष बनाने जा रही है। विपरीत परिस्थितियों के दौरान इस कोष से किसानों को मदद दी जाएगी। प्रदेश सरकार किसानों के साथ है।

महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज शाजापुर में वीर पुरूष महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप भारत माता के सच्चे सपूत और हिन्दुस्तान के गौरव थे। महाराणा प्रताप ने कभी झुकना स्वीकार नहीं किया। ऐसे वीर योद्धा के चरणों में शत-शत नमन। उन्होंने कहा कि सौभाग्य की बात है कि उन्हें महाराणा प्रताप के चरणों में नमन करने का मौका मिला।

aum

Leave a Reply

Your email address will not be published.