प्रधानमंत्री मोदी ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए आपसी सहयोग का आह्वान किया
narendramodi,asieansummitप्रधानमंत्री मोदी ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए आपसी सहयोग का आह्वान किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और आसियान के बीच बढ़ती साझेदारी पर बल दिया और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए सहयोग का आह्वान किया। श्री मोदी आज फिलीपींस की राजधानी मनीला में 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आसियान की सफल अध्यक्षता के लिए फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर को बधाई दी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आसियान नेताओं के साथ इस प्रारूप में यह उनकी 13वीं बातचीत है। उन्होंने कहा कि भारत की एक्ट ईस्ट नीति ने पिछले कई वर्षों में भारत-आसियान संबंधों को नई गति और मजबूती दी है। दोनों पक्षों के बीच बढ़ते सहयोग पर श्री मोदी ने कहा कि साझा संस्कृति और विरासत पर आधारित यह साझेदारी अब डिजिटल प्रौद्योगिकी, रक्षा और अंतरिक्ष जैसे नए क्षेत्रों में भी विस्तार कर रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 से भारत और आसियान ने लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने के लिए 100 से अधिक पहल की हैं। इसके अलावा, 250 से अधिक त्वरित प्रभाव वाली परियोजनाएं शुरू की गई हैं और कौशल विकास के लिए 10 हजार से अधिक छात्रवृत्तियां दी गई हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और आसियान के नौ देशों के बीच सीधी विमान सेवाएं तथा पर्यटन में बढ़ोतरी दोनों पक्षों के घनिष्ठ संबंधों को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि शिखर सम्मेलन का विषय मिलकर अपने भविष्य की राह तय करना वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में विशेष महत्व रखता है। श्री मोदी ने कहा कि इस वर्ष किसी आसियान देश की यह उनकी तीसरी यात्रा है, जो भारत के लिए आसियान के विशेष महत्व को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि भारत का विकास और आसियान की समृद्धि एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। आसियान समुदाय का दृष्टिकोण-2045 और 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य साझा आकांक्षाओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
श्री मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत और आसियान ने अपनी साझेदारी को नई गति दी है। उन्होंने क्षेत्र के भविष्य की दिशा तय करने के लिए मिलकर काम करने पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि यह शिखर सम्मेलन भारत-आसियान व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा और सुरक्षित, समावेशी तथा समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के निर्माण में योगदान देगा।
इसके बाद, प्रधानमंत्री 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में शामिल हुए। इसमें आसियान सदस्य देशों और उसके आठ संवाद सहयोगी देशों के नेताओं ने क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की।
इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज मनीला में खालसा दीवान गुरुद्वारे में मत्था टेका। उन्होंने पंज प्यारों की उपस्थिति में गुरुद्वारे के पुनर्विकास कार्य का शिलान्यास भी किया।
==========================================Courtesy==============================
