राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, दिल्ली पुलिस ने सीजेपी के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन को अनुमति देने से इनकार किया
delhi,jantarmantar,cjp,cjpprotestराष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, दिल्ली पुलिस ने सीजेपी के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन को अनुमति देने से इनकार किया
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज जंतर-मंतर पर सीजेपी के प्रस्तावित प्रदर्शन को दिल्ली पुलिस ने अनुमति देने से इनकार कर दिया है। पुलिस ने पहले दिशा-निर्देशों के उल्लंघन और लोगों की सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं का हवाला दिया है। नई दिल्ली में कल मीडिया से बातचीत में दिल्ली पुलिस की संयुक्त आयुक्त नूपुर प्रसाद ने बताया कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन या अन्य कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति के लिए कम से कम 10 दिन पहले आवेदन करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि सीजेपी को पहले भी जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति दी गई थी, लेकिन पार्टी ने निर्धारित दिशा-निर्देशों और दिए गए आश्वासनों का पालन नहीं किया। सुश्री प्रसाद ने कहा कि पार्टी की ओर से पहले नियमों और आश्वासनों का पालन नहीं करने, मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति, लोगों की सुरक्षा और नई दिल्ली क्षेत्र में यातायात संबंधी नियमों को ध्यान में रखते हुए अनुमति नहीं देने का फैसला किया गया है।
संयुक्त आयुक्त ने बताया कि क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू है। इसका उद्देश्य लोगों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। उन्होंने चेतावनी दी कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दिल्ली पुलिस ने कहा कि प्रस्तावित सभा के लिए जरूरी अनुमति नहीं ली गई थी। पुलिस के अनुसार, उच्चतम न्यायालय ने भी सार्वजनिक प्रदर्शनों से जुड़े कानूनी प्रावधानों का पालन करने पर जोर दिया है। आयोजकों की जिम्मेदारी है कि वे प्रतिभागियों को संबंधित नियमों और बिना अनुमति सभा में शामिल होने के परिणामों के बारे में जानकारी दें।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि ये पाबंदियां अस्थायी और एहतियाती हैं। इनका उद्देश्य भीड़ को नियंत्रित करना, कानून-व्यवस्था बनाए रखना और प्रदर्शनकारियों, स्थानीय निवासियों तथा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। पुलिस ने कहा कि लोगों को कानून के दायरे में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने का अवसर मिलना चाहिए। साथ ही, शहर में सामान्य गतिविधियां भी जारी रहनी चाहिए। इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने सुरक्षा कारणों से आज 45 मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद रखने की घोषणा की है। सुरक्षा एजेंसियां स्थिति की समीक्षा करेंगी और इसके अनुसार आगे की जानकारी दी जाएगी।
प्रभावित स्टेशनों में जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, नई दिल्ली, सेवा तीर्थ और मंडी हाउस शामिल हैं। इन स्टेशनों पर मेट्रो बदलने की सुविधा जारी रहेगी। हालांकि, नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर यह सुविधा भी उपलब्ध नहीं होगी। दिल्ली में सराय काले खां और न्यू अशोक नगर के बीच नमो भारत ट्रेन सेवाएं आज रात 10 बजे तक निलंबित रहेंगी।
इस दौरान दिल्ली के आनंद विहार स्टेशन से उत्तर प्रदेश के मोदीपुरम स्टेशन के बीच ट्रेनें निर्धारित समय के अनुसार चलती रहेंगी। यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना उसी के अनुसार बनाने की सलाह दी गई है। दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों पर भी सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। रेलवे के डीसीपी बी. भरत रेड्डी ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली के सात प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर रेलवे पुलिस के 334 जवान तैनात किए गए हैं। इनमें लगभग 120 महिला जवान शामिल हैं। रेलवे स्टेशनों पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की कंपनियां तैनात करने का अनुरोध भी किया गया है।
इसके अलावा, दिल्ली यातायात पुलिस ने आज राजधानी के विभिन्न इलाकों में जरूरत के अनुसार यातायात मार्गों में बदलाव की संभावना को लेकर परामर्श जारी किया है। इसके अनुसार, शंकर रोड-वंदे मातरम टी-प्वाइंट से नई दिल्ली की ओर जाने वाले मार्ग, मातरम मार्ग, झंडेवालान, पंचकुइयां मार्ग, मंडी हाउस, अशोक रोड से जंतर-मंतर रोड, विंडसर पैलेस और टॉलस्टॉय मार्ग से जनपथ क्रॉसिंग सहित कई जगहों पर यातायात प्रभावित हो सकता है।
यातायात पुलिस ने लोगों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने और गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी है। दिल्ली पुलिस ने दोहराया है कि इन प्रतिबंधों का उद्देश्य कानून-व्यवस्था और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, ताकि सभी लोग कानून के दायरे में शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रख सकें।
========================================================Courtesy==============================
