प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- वर्तमान सरकार की नीति सभी नागरिकों के लिए समाधान पर केंद्रित
narendramodiप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- वर्तमान सरकार की नीति सभी नागरिकों के लिए समाधान पर केंद्रित
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि दूरदर्शी नीतियों और कड़ी मेहनत के बल पर भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने का अपना सपना जरूर पूरा करेगा। नई दिल्ली में आज विकसित भारत संकल्प सभा को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि कभी नीतिगत निष्क्रियता की चर्चा से जुड़ा भारत अब अपनी बढ़ती ताकत और चुनौतियों से निपटने की क्षमता के लिए चर्चा में है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में स्थिति पूरी तरह बदल गई है। श्री मोदी ने कहा कि पहले आयात बढ़ाने के प्रयास किए जाते थे, जबकि आज भारत निर्यात के नए रिकॉर्ड बना रहा है। उन्होंने कहा कि पहले भारत अपनी जरूरत के मोबाइल फोन आयात करता था, जबकि आज भारत में बने मोबाइल फोन वैश्विक बाजार में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कृषि को भी भारत में आए बदलाव का एक बड़ा उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि 2015 से 2025 के दशक में स्वतंत्रता के बाद कृषि क्षेत्र में सबसे अधिक निरंतर वृद्धि दर्ज की गई और पिछले सभी रिकॉर्ड पीछे छूट गए। श्री मोदी ने कहा कि जब इरादा स्पष्ट हो और नीतियां अच्छी तरह तय हों, तो इस तरह का बदलाव संभव है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश अपनी चुनौतियों का स्थायी समाधान तलाश रहा है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 का मुद्दा कभी अंतहीन लगता था, लेकिन अब अनुच्छेद 370 की दीवार पूरी तरह हटा दी गई है। श्री मोदी ने कहा कि नक्सलवाद को कभी देश के लिए अभिशाप माना जाता था, लेकिन अब उसकी कमर टूट चुकी है।
उन्होंने कहा कि आतंकवाद भारत के भविष्य के लिए बड़ी चुनौती रहा है और लोगों को लगने लगा था कि न तो आतंकवादी और न ही उनके आका कभी पीछे हटेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि लेकिन आज भारत उनके मजबूत ठिकानों में घुसकर उन पर कड़ा प्रहार कर रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि अब भारत के लिए बड़े लक्ष्य तय करने का समय है। श्री मोदी ने अपनी पूरी राजनीतिक यात्रा को देशवासियों के अटूट विश्वास और समर्थन का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार की नीति सभी नागरिकों की समस्याओं का समाधान तलाशने पर केंद्रित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जनता का विश्वास और करोड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं का समर्पण उनके लिए सबसे बड़ी ताकत रहा है।
उन्होंने कहा कि उन्होंने आज सुबह श्री विनायक मंदिर जाकर देश और उसके 140 करोड़ नागरिकों की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने ईश्वर से उन्हें और अधिक शक्ति और ऊर्जा देने की प्रार्थना की, ताकि वे पूरी निष्ठा के साथ दिन-रात देश और जनता की सेवा करते रहें। श्री मोदी ने कहा कि 25 वर्षों में जनता से मिला विश्वास और इस दौरान हासिल अनुभव उनकी बड़ी पूंजी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जब उन्होंने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, तब उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि एक दिन यह मुकाम आएगा। उन्होंने कहा कि आज सरकार के प्रमुख के रूप में लगातार 25 वर्ष की सेवा पूरी हो रही है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा जनता के अटूट आशीर्वाद और समर्थन से संभव हुई है।
प्रधानमंत्री ने देश की जनता, भाजपा और लोकतंत्र में अटूट विश्वास रखने वाले अपने सभी राजनीतिक सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जनसेवा को अपने जीवन का एकमात्र उद्देश्य बनाया है और राजनीति को राष्ट्रसेवा का माध्यम माना है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को देश की 25 वर्षों की निरंतर, समर्पित और अथक सेवा पूरी करने पर बधाई दी।
श्री नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री ने गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं को केंद्र में रखकर कई योजनाएं बनाई और उन्हें लागू किया। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी ने 140 करोड़ भारतीयों के जीवन में विकास, आत्मविश्वास और स्वाभिमान लाने के लिए निरंतर काम किया है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि बड़ी वैश्विक चुनौतियों के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी ने समाज के सबसे गरीब और वंचित वर्गों के कल्याण को अपनी प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर रखा है। उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सरकार की पहलों की भी सराहना की। इनमें शौचालयों का निर्माण और उज्ज्वला योजना शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन पहलों से महिलाओं की सुरक्षा, गरिमा और स्वाभिमान बढ़ा है।
========================================================Courtesy=================================
