देश आज मना रहा है हिंदी दिवस, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला समेत गृह मंत्री और रक्षा मंत्री ने दी शुभकामनाएं
hindidiwasदेश आज मना रहा है हिंदी दिवस, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला समेत गृह मंत्री और रक्षा मंत्री ने दी शुभकामनाएं
आज देशभर में हिन्दी दिवस मनाया जा रहा है। 1949 में इसी दिन संविधान सभा ने देवनागरी लिपि में लिखी हिन्दी को देश की आधिकारिक भाषा के तौर पर अपनाया था। आज हिन्दी दुनिया में सबसे ज़्यादा बोली जाने वाली भाषाओं में से एक है और 52 करोड़ से ज़्यादा लोगों की पहली भाषा है।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज हिंदी दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। श्री बिरला ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि साहित्य और पत्रकारिता से लेकर सिनेमा, टेलीविजन, शिक्षा और डिजिटल जगत तक, हिंदी लाखों लोगों के लिए अभिव्यक्ति का एक सशक्त माध्यम बन गई है। उन्होंने कहा कि इंटरनेट, सोशल मीडिया, डिजिटल शिक्षा, प्रौद्योगिकी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के युग में भारतीय भाषाओं की भूमिका और भी महत्वपूर्ण होती जा रही है। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि हिंदी ज्ञान, विज्ञान, प्रौद्योगिकी और आधुनिक अभिव्यक्ति की एक प्रभावी भाषा के रूप में उभर रही है।
गृह मंत्री अमित शाह ने हिंदी दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। श्री शाह ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि हिंदी जनसंचार, सुशासन और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि सभी भारतीय भाषाओं के साथ आगे बढ़ते हुए हिंदी अब प्रौद्योगिकी और अनुसंधान की भाषा भी बन रही है। श्री शाह ने नागरिकों से हिंदी सहित सभी भारतीय भाषाओं को सशक्त बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने हिंदी को समृद्ध बनाने में योगदान देने वाली सभी विभूतियों को भी नमन किया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज नवी मुंबई में हिन्दी दिवस 2026 कार्यक्रम और छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में शामिल होंगे। दो दिन के इस सम्मेलन में विद्वान, साहित्यकार, शिक्षाविद, सांसद, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी और अलग-अलग क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियां इस बात पर चर्चा करेंगे कि हिन्दी को राजभाषा, जन-भाषा और संपर्क भाषा के तौर पर विकसित करने के साथ-साथ दूसरी भारतीय भाषाओं के साथ इसका तालमेल और कैसे बढ़ाया जाए।
श्री शाह, उद्घाटन सत्र के दौरान राजभाषा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए वर्ष 2025-26 के राजभाषा गौरव और राजभाषा कीर्ति पुरस्कार भी प्रदान करेंगे।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने हिंदी दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। श्री सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति, सभ्यता और जीवन-मूल्यों की सशक्त अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि हिंदी देश की विविधता को एकता के सूत्र में पिरोती है। रक्षामंत्री ने नागरिकों से हिंदी के संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लेने तथा ज्ञान, विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्रों में इसे और सशक्त बनाने का आह्वान किया।
==============================================Courtesy============================
