पश्चिम एशिया में संघर्ष तेज, इजरायल ने ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल ठिकानों को नष्ट करने का दावा किया
israel,iran,westasiaपश्चिम एशिया में संघर्ष तेज, इजरायल ने ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल ठिकानों को नष्ट करने का दावा किया
पश्चिम एशिया में संघर्ष और तेज हो गया है। इजरायली रक्षा बलों ने ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल बेड़े से जुड़े कई ठिकानों को नष्ट करने का दावा किया है। इनमें मिसाइल लॉन्चर और वायु रक्षा प्रणाली शामिल हैं, जो इजरायली वायुसेना विमानों के लिए खतरा मानी जा रही थी। इससे पहले, इजरायल ने पूर्वी तेहरान में ईरान के बड़े सैन्य परिसर पर हमला किया था। इस परिसर में आईआरजीसी, खुफिया निदेशालय, बासिज, कुद्स फोर्स, आंतरिक सुरक्षा बल, साइबर युद्ध बल और विरोध प्रदर्शनों को दबाने के लिए जिम्मेदार आंतरिक सुरक्षा इकाई का मुख्यालय शामिल हैं।
इस बीच, अमरीकी वायु सेना ईरान पर लगातार भारी हवाई हमले कर रही है। अमरीकी केंद्रीय कमान ने कहा कि उनके बलों ने 20 से अधिक ईरानी जहाजों को नष्ट कर दिया है या डुबो दिया है, जिनमें सोलेमानी श्रेणी का युद्धपोत भी शामिल है। अमेरिका ने ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के दौरान पहली बार लंबी दूरी की सटीक मारक मिसाइलोंपी का भी इस्तेमाल किया।
इस बीच, अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान के साथ युद्ध में अमरीका और इजरायल मज़बूत स्थिति में हैं और वे आगे भी कार्रवाई जारी रखेंगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि तेहरान के बैलिस्टिक मिसाइल भंडार को तेजी से नष्ट किया जा रहा है।
दूसरी ओर, ईरान भी इस क्षेत्र में अपने हवाई हमले जारी रखे हुए है। संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि उसके वायु रक्षा प्रणाली ने कल 3 बैलिस्टिक मिसाइलों को मार गिराया, 129 ड्रोन का पता लगाया, जिनमें से 121 को नष्ट कर दिया गया, जबकि 8 देश की सीमा के भीतर गिरे। मंत्रालय के अनुसार, संघर्ष की शुरुआत से अब-तक 189 बैलिस्टिक मिसाइलों का पता लगाया गया है, जिनमें से 175 मिसाइलों को नष्ट कर दिया गया, 13 समुद्र में गिरीं और एक मिसाइल देश की सीमा के भीतर गिरी। कुल 941 ईरानी ड्रोन का भी पता लगाया गया है, जिनमें से 876 को रोक लिया गया जबकि 65 देश के भीतर गिरे। आठ क्रूज मिसाइलों को भी नष्ट किया गया।
दुबई प्रशासन ने पुष्टि की है कि अमीरात के विभिन्न क्षेत्रों में सुनाई दी आवाजें सफल वायु रक्षा कार्रवाई का हिस्सा थीं और किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है।
कतर के गृह मंत्रालय ने कहा है कि संबंधित अधिकारी एहतियाती उपाय के तौर पर अमेरिकी दूतावास के आसपास रहने वाले निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहे हैं। जन सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उचित आवास की व्यवस्था की गई है।
सऊदी अरब ने भी कहा है कि उनकी वायु रक्षा प्रणाली ने अल-खारज प्रांत के पूर्व में तीन ड्रोन मार गिराए। इससे पहले, अल-खारज शहर के बाहर तीन क्रूज मिसाइलों को भी नष्ट किया गया था। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने यह भी बताया कि रास तनुरा रिफाइनरी पर हमले की कोशिश की गई थी।
इस बीच, बहरीन के गृह मंत्रालय ने बताया कि खाड़ी सहयोग परिषद-जीसीसी देशों के आपात एवं संकट प्रबंधन विभागों की बैठक आयोजित की गई। जीसीसी देशों में बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं।
========================================================Courtesy==================================
पश्चिम एशिया में संघर्ष तेज, इजरायल ने ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल ठिकानों को नष्ट करने का दावा किया
israel,iran,westasia
