ईरान पर अमरीका-इज़राइल के हवाई हमले जारी, तेहरान में कई विस्फोटों की खबर
america,israel,iran,tehranईरान पर अमरीका-इज़राइल के हवाई हमले जारी, तेहरान में कई विस्फोटों की खबर
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद लगातार दूसरे दिन ईरान पर अमरीका-इज़राइल के हवाई हमले जारी रहे। इज़राइल ने कहा कि वह तेहरान के प्रमुख स्थलों तक अपने अभियान का विस्तार कर रहा है। तेहरान में कई विस्फोटों की खबरें हैं।
ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई में इज़राइल पश्चिम एशिया में अमरीकी सैन्य ठिकानों और सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में दुबई सहित कई ठिकानों पर मिसाइलों और ड्रोनों से हमला किया। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कोर ने कहा है कि उन्होंने अमरीका के विमानवाहक पोत यू.एस.एस अब्राहम लिंकन पर चार बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया है। इस विमानवाहक पोत के साथ टोमाहॉक लैंड अटैक क्रूज मिसाइलों से लैस तीन विध्वंसक पोत भी हैं।
इज़राइल की आपातकालीन सेवाओं ने कहा है कि इज़राइल के बेत शेमेश शहर में ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल हमले में मरने वालों की संख्या अब नौ हो गई है। वहीं 27 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर है।
संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने पुष्टि की है कि ईरान के हमलों में अब तक तीन लोग मारे गए हैं। मंत्रालय ने बताया कि ईरान ने 165 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, जिनमें से 152 को रोक दिया गया, जबकि 13 समुद्र में गिर गईं। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि ईरान ने 541 ड्रोन भी दागे। इनमें से 506 ड्रोन नष्ट कर दिए गए और 35 ड्रोन संयुक्त अरब अमीरात पर गिरे। इनमें पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश के तीन-तीन लोगों की मौत हो गई और 58 अन्य घायल हो गए।
अबू धाबी के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि जायद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को निशाना बनाकर हमला करने वाले एक ड्रोन को रोक दिया गया है। एक अलग घटना में दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को भी नुकसान पहुंचा है। दुबई में दो घरों के आंगन में ड्रोन के मलबे के गिरने से दो लोग घायल हो गए।
अमरीका के सैन्य अड्डों वाले देश कतर, बहरीन, जॉर्डन और कुवैत ने भी अपनी ओर दागी गई मिसाइलों को रोकने की सूचना दी।
कुवैत की सेना ने कहा कि ईरान ने 97 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। इससे पहले, अली अल सलेम हवाई अड्डे पर मलबा गिरने से तीन कुवैती सैनिक घायल हो गए। कुवैत के स्वास्थ्य मंत्रालय ने क्षेत्रीय तनाव बढ़ने से एक की मौत होने और 32 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है।
बहरीन में गृह मंत्रालय ने बताया कि ड्रोन हमले में हवाई अड्डे को नुकसान पहुंचा है। सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने कहा कि उसने ईरान पर सऊदी अरब के खिलाफ हमले शुरू करने का आरोप लगाते हुए ईरानी राजदूत को तलब किया है।
=========================================================Courtesy================================================
ईरान पर अमरीका-इज़राइल के हवाई हमले जारी, तेहरान में कई विस्फोटों की खबर
america,israel,iran,tehran
