प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पुडुचेरी में 2700 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया
narendrmaodiप्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज पुडुचेरी में 2700 करोड़ रूपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक पयर्टन, पारिस्थितिकी पयर्टन और स्वास्थ्य पर्यटन में निवेश से सरकार पुडुचेरी को वृहत्तर ऊचांई पर ले जा रही है। श्री मोदी ने कहा कि पुडुचेरी में प्रति व्यक्ति आय बढ़ी है और देश के सामाजिक सूचकांक में यह सबसे ऊपर है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार पुडुचेरी के आर्थिक विकास को और गति देगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य उनकी सरकार की प्राथमिकता है और इलाज की सुविधा सबकी पहुंच के दायरे में होनी चाहिए। उन्होंंने नौ चिकित्सा कॉलेजों की मौजूदगी, जवाहरलाल इंस्टीट्यूट ऑफ पोस्ट-ग्रैजुएट मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च में क्षेत्रीय केंद्र के आधुनिकीकरण और पुडुचेरी तथा करइकल में नए सघन चिकित्सा खंडों की आधारशिला रखते हुए विश्वास व्यक्त किया कि पुडुचेरी चिकित्सा पर्यटन का एक बड़ा केंद्र बन सकता है।
प्रधानमंत्री ने आज 1,142 करोड़ रूपये से अधिक की 19 परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि देशभर में विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे पर काफी ज़ोर दिया जा रहा है। श्री मोदी ने कहा कि इस वर्ष के केंद्रीय बजट में 12 लाख करोड़ रूपए बुनियादी ढांचा विकास के लिए रखे गए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, पेयजल आपूर्ति और तटीय क्षेत्रों में बुनियादी ढांचा विकास तथा स्कूल और अस्पताल के खुलने से पुडुचेरी में जीवन बेहतर होगा। ई-बसों की शुरूआत के संदर्भ में प्रधानमंत्री ने कहा कि पुडुचेरी जैसे पर्यटन केंद्र में इलेक्ट्रिक बस एक गेम चेंजर हो सकती है। आज जिन परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया, उनमें एकीकृत कमान और नियंत्रण केंद्र का उद्घाटन, आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए आवास तथा जलापूर्ति और जल निकासी के लिए एकीकृत पहल शामिल हैं।
प्रधानमंत्री ने 750 एकड़ में करासुर-सेद्रापेट औद्योगिक क्षेत्र के विकास की घोषणा भी की। उन्होंने एनआईटी कराईकल, जिपमेर क्षेत्रीय कैंसर संस्थान और पांडिचेरी विश्विविद्यालय के नए भवनों का उद्घाटन भी किया। श्री मोदी ने कहा कि सशक्त युवा ही राष्ट्रीय वृद्धि की आधारशिला होते हैं और सरकार इसके प्रति संकल्पित है।
प्रधानमंत्री ने 1,571 करोड़ रूपये से अधिक की 74 परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इनमें 41 ग्रामीण सड़कों का निर्माण, हैरिटेज टाउन का विकास, मैंग्रोव बहाली और बिजली क्षेत्र के निर्माण कार्य शामिल हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्यों को विशेष सहायता की केंद्रीय स्कीम में पुडुचेरी को शामिल करने से बेहतर सड़कें, जलनिकास नेटवर्क, सार्वजनिक भवन, छात्रावास और खेल केंद्र उपलब्ध होंगे।
श्री मोदी ने श्री अरबिंदो की 150वीं जयंती पर पांडिचेरी के ऑरोविले में वैश्विक आध्यात्मिक महोत्सव का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि श्री अरबिन्दो और मीरा अल्फासा ने ऑरोविले की कल्पना वैश्विक जागरूकता केंद्र के रूप में की थी।
प्रधानमंत्री ने पूर्वी तटीय औद्योगिक गलियारा परियोजनाओं सहित संपर्क सुविधा बेहतर बनाने पर ज़ोर दिया ताकि पुडुचेरी चेन्नै, बेंगलुरु और कोयंबतूर जैसे प्रमुख आर्थिक केंद्रों से जुड़ सके।
श्री मोदी ने यह भी कहा कि पिछली कांग्रेस और डीएमके सरकारें स्पीड ब्रेकर की तरह थीं क्योंकि उन सरकारों में पुडुचेरी में राजनीतिक अस्थिरता, भ्रष्टाचार, अपराध का बोलबाला था और गरीबों की उपेक्षा होती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार पुडुचेरी का उपयोग दिल्ली में बैठे परिवार के लिए एटीएम की तरह करती रही।
इस अवसर पर श्रम और रोजगार तथा युवा कार्य और खेल मंत्री मंसुख मांडविया, उपराज्यएपाल के. कैलाशनाथन, मुख्यमंत्री एन. रंगासामी, पुडुचेरी विधानसभा अध्यक्ष आर. सेल्वन सहित कई गणमान्य व्यक्ति शामिल थे।
==========================================================Courtesy=========================================
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पुडुचेरी में 2700 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया
narendrmaodi
