प्रौद्योगिकी रहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस्राएल यात्रा का मुख्य केंद्र : विदेश मंत्रालय
narendramodi,israelप्रौद्योगिकी रहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस्राएल यात्रा का मुख्य केंद्र : विदेश मंत्रालय
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस्राएल यात्रा का मुख्य केंद्र प्रौद्योगिकी रहा है, जिसमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता, साइबर सुरक्षा, नवाचार, अनुसंधान और स्टार्टअप जैसे क्षेत्र शामिल हैं। विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने प्रधानमंत्री की यात्रा के समापन पर यरुशलम में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि श्री मोदी और इस्राएल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने विज्ञान और प्रौद्योगिकी पर मौजूदा संयुक्त आयोग को मंत्रिस्तरीय स्तर तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि श्रह मोदी की इस्राएल यात्रा दोनों देशों के बीच संबंधों में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। विदेश सचिव ने कहा कि यह यात्रा पिछले एक दशक में हुई दोनों देशों के बीच संबंधों में प्रगति को दर्शाती है और इस महत्वपूर्ण साझेदारी के अगले चरण की नींव रखती है। उन्होंने बताया कि यह यात्रा पश्चिम एशिया के सभी देशों के साथ सक्रिय रूप से जुड़ने और भारत के संबंधों को मजबूत करने के प्रधानमंत्री के प्रयासों के संदर्भ में हुई है।
श्री विक्रम मिसरी ने कहा कि पिछले एक वर्ष में प्रधानमंत्री कुवैत, सऊदी अरब, जॉर्डन, ओमान और अब इस्राएल की यात्रा कर चुके हैं। इस यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी को दोनों देशों के बीच रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने में उनके असाधारण योगदान के लिए इस्राएल संसद के सर्वोच्च सम्मान, ‘स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल’ से सम्मानित किया गया। वे यह पुरस्कार पाने वाले पहले विदेशी नेता हैं। श्री मिसरी ने बताया कि इससे पहले, प्रधानमंत्री ने तेल अवीव में श्री नेतन्याहू के साथ वार्ता की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा की और जल प्रबंधन, कृषि, प्रौद्योगिकी तथा अन्य प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। श्री मिसरी ने बताया कि आज प्रधानमंत्री ने यरुशलम के याद वाशेम का दौरा किया, जहां उन्होंने होलोकॉस्ट के पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की और एक प्रार्थना समारोह में भाग लिया। उन्होंने इस्राएल के राष्ट्रपति इसैक हर्ज़ोग से भी मुलाकात की। इसके बाद श्री नेतन्याहू के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता हुई जिसमें विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी, नवाचार, रक्षा तथा सुरक्षा, व्यापार तथा निवेश और दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों पर चर्चा हुई।
=====================================================Courtesy=======================================
प्रौद्योगिकी रहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस्राएल यात्रा का मुख्य केंद्र : विदेश मंत्रालय
narendramodi,israel
