• Sat. Mar 7th, 2026

प्रधानमंत्री मोदी ने ब्राज़ील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियों लूला दा सिल्वा से की विस्तृत वार्ता

प्रधानमंत्री मोदी ने ब्राज़ील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियों लूला दा सिल्वा से की विस्तृत वार्ता
narendramodi,brazil,brazilpresidentप्रधानमंत्री मोदी ने ब्राज़ील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियों लूला दा सिल्वा से की विस्तृत वार्ता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा के साथ विस्तृत वार्ता की। विदेश मंत्रालय ने बताया कि चर्चा व्यापार, ऊर्जा, रक्षा, कृषि, जलवायु परिवर्तन, प्रौद्योगिकी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर, महत्वपूर्ण खनिजों और ग्लोबल साउथ सहयोग सहित विभिन्न क्षेत्रों में भारत-ब्राजील रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर केंद्रित थी। दोनों नेताओं ने समावेशी और बहुध्रुवीय विश्व व्यवस्था के अपने दृष्टिकोण को दोहराया। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र, विशेष रूप से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में तत्काल सुधार का आह्वान किया। दोनों नेताओं ने आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई को मजबूत करने के प्रति अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता व्यक्त की।

महत्वपूर्ण खनिजों, डिजिटल सहयोग, पारंपरिक ज्ञान के साझाकरण, स्वास्थ्य, एम.एस.एम.ई, उद्यमिता, जनसंचार सहित कुल दस समझौतों का आदान-प्रदान किया गया। दोनों नेताओं ने अगले पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को 20 अरब डॉलर से अधिक तक बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।

अपने संयुक्त बयान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति लूला के नेतृत्व में भारत-ब्राजील संबंध मजबूत हुए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ब्राजील लैटिन अमरीका में भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है और आगामी पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को 20 अरब डॉलर से आगे ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत-ब्राजील व्यापार केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि विश्वास का प्रतीक है।

प्रधानमंत्री ने इस बात पर प्रसन्नता जताई कि भारत और ब्राजील, ब्राजील में डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना के लिए उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने की दिशा में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग न केवल दोनों देशों के लिए बल्कि पूरे ग्लोबल साउथ के लिए भी महत्वपूर्ण है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि महत्वपूर्ण खनिजों और दुर्लभ धातुओं पर समझौता सुदृढ़ आपूर्ति श्रृंखलाओं के निर्माण की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र में सहयोग भी लगातार बढ़ रहा है, जो दोनों देशों के बीच विश्वास और रणनीतिक तालमेल का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि इस लाभकारी साझेदारी को और मजबूत किया जाएगा। प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि जब भारत और ब्राजील मिलकर काम करते हैं, तो ग्लोबल साउथ की आवाज और अधिक सशक्त और आत्मविश्वासी बनती है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और ब्राजील इस बात पर सहमत हैं कि आतंकवाद और उसके समर्थक पूरी मानवता के दुश्मन हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देश इस बात पर भी सहमत हैं कि वर्तमान समय की चुनौतियों का सामना करने के लिए वैश्विक संस्थानों में सुधार करना अत्यंत आवश्यक है।

इससे पहले, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा का औपचारिक स्वागत किया। ब्राजील के राष्ट्रपति ने राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि भी अर्पित की। विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि महात्मा गांधी के मूल्य और आदर्श भारत-ब्राजील साझेदारी को प्रेरित करते रहेंगे।

भारत और ब्राजील के बीच सौहार्दपूर्ण, घनिष्ठ और बहुआयामी रणनीतिक साझेदारी है। दोनों देश संयुक्त राष्ट्र सुधार, जलवायु परिवर्तन और आतंकवाद से निपटने सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर समान विचार रखते हैं। दोनों देशों के बीच ब्रिक्स, आईबीएसए, जी20, जी-4, अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन, वैश्विक जैव ईंधन गठबंधन, आपदा प्रतिरोधी अवसंरचना गठबंधन जैसे बहुपक्षीय मंचों के साथ-साथ संयुक्त राष्ट्र, विश्व व्यापार संगठन और यूनेस्को जैसे बड़े बहुपक्षीय निकायों में भी उत्कृष्ट सहयोग है।
===================================================Courtesy========================================
प्रधानमंत्री मोदी ने ब्राज़ील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियों लूला दा सिल्वा से की विस्तृत वार्ता
narendramodi,brazil,brazilpresident

 

 

aum

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *