प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली में इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान कई विश्व नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठक कीं
narendramodi,IndiaAIImpactsummit,AIsummitप्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली में इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान कई विश्व नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठक कीं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान विश्व नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें की। प्रधानमंत्री ने आज सुबह हैदराबाद हाउस में स्पेन के राष्ट्रपति पेद्रो सांचेज़ से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत-स्पेन साझेदारी को और मजबूत करने के उद्देश्य से कई मुद्दों पर चर्चा की। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में बताया है कि दोनों नेताओं ने व्यापार और अर्थव्यवस्था, सहित डिजिटल क्षेत्र, नवाचार, स्वास्थ्य, जलवायु परिवर्तन और शिक्षा आदि पर चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने भारत-यूरोपीय संघ के मजबूत संबंधों के लिए स्पेन के निरंतर समर्थन की सराहना की।
सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि उन्होंने भारत-स्पेन के बीच रक्षा, सुरक्षा, प्रौद्योगिकी और अन्य क्षेत्रों सहित दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि यूरोपीय संघ के साथ ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते का स्पेन के साथ आर्थिक साझेदारी पर बहुत सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा और दोनों देशों के लोगों को नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि दोनों देश 2026 को भारत-स्पेन संस्कृति, पर्यटन और एआई वर्ष के रूप में मना रहे हैं। श्री मोदी ने कहा कि इससे लोगों के बीच संबंध और मजबूत होंगे। भारत आए विश्वविद्यालयों के विशाल प्रतिनिधिमंडल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इससे लोगों को जोड़ने में काफी मदद मिलेगी।
प्रधानमंत्री ने फिनलैंड के प्रधानमंत्री आंत्ति पेत्तेरी ओर्पो से भी बातचीत की। उन्होंने स्थिरता और डिजिटलीकरण, एआई अनुसंधान और नैतिक नवाचार में सहयोग तथा भारतीय प्रतिभा द्विपक्षीय सहयोग को कैसे मजबूत कर सकती है, इस पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने एआई के क्षेत्र में उभरते नवाचारक के रूप में फिनलैंड के प्रयासों की प्रशंसा की। दोनों नेताओं ने जिम्मेदार, प्रतिभा-आधारित एआई को आगे बढ़ाने और एक स्थायी भविष्य के लिए तकनीक-आधारित समाधानों का उपयोग करने की प्रतिबद्धता को दोहराया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और फिनलैंड का लक्ष्य व्यापार को दोगुना करना है, जिससे आर्थिक संबंधों को मजबूती मिलेगी। उन्होंने 6जी जैसी भविष्यवादी प्रौद्योगिकियों, नवाचार, स्वच्छ ऊर्जा, जैव ईंधन और चक्रीय अर्थव्यवस्था में सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा की।
श्री मोदी ने सर्बिया के राष्ट्रपति आलेकसान्दर वूचिच के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। दोनों नेताओं ने व्यापार और निवेश, एआई, फिनटेक, शिक्षा, कृषि, पर्यटन और जन-समन्वय में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। उन्होंने पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया। विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत और सर्बिया दीर्घकालिक मित्र हैं और ये संबंध दोनों देशों के लोगों के बीच घनिष्ठ संबंधों पर आधारित हैं।
श्री मोदी ने क्रोएशिया के प्रधानमंत्री आंद्रे प्लेनकाविच के साथ वार्ता भी की।
प्रधानमंत्री मोदी आज दोपहर एस्टोनिया के राष्ट्रपति अलार कारिस, भूटान के प्रधानमंत्री दाशो छेरिड् तोबगे और कजाकिस्तान के प्रधानमंत्री ओलशाज़ बेक्तोनोफ से भी मुलाकात करेंगे।
इससे पहले आज सुबह प्रधानमंत्री मोदी ने गूगल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुंदर पिचाई से मुलाकात की। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने बताया कि उन्होंने एआई के क्षेत्र में भारत द्वारा किए जा रहे कार्यों और इस क्षेत्र में भारत के प्रतिभाशाली छात्रों और पेशेवरों के साथ गूगल किस प्रकार सहयोग कर सकता है, इस बारे में चर्चा की।
=====================================================Courtes==================================
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली में इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान कई विश्व नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठक कीं
narendramodi,IndiaAIImpactsummit,AIsummit
