• Thu. Apr 25th, 2024

नवाचारों के लिए कमर कसें कार्यकर्ता – मेनन

11/08/2017
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के विभाग और प्रकल्पों के राष्ट्रीय प्रभारी श्री अरविन्द मेनन ने कहा कि भाजपा संगठन का आज व्यापक विस्तार हुआ है और जब कार्य का विस्तार होता है तो जिम्मेदारियां भी बढ़ती है, इसलिए सभी जिम्मेदार कार्यकर्ताओं को नवाचारों के साथ संगठन को और उंचाईयों पर ले जाने के लिए कमर कस लेना चाहिए। श्री मेनन यहां प्रदेश कार्यालय में विभाग और प्रकल्पों के प्रमुखों से चर्चा कर रहे थे। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री नंदकुमारसिंह चौहान, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री विजेश लुणावत, महामंत्री श्री विष्णुदत्त शर्मा सहित विभाग और प्रकल्पों के प्रमुख उपस्थित थे।
अपने अखिल भारतीय प्रवास की कड़ी में आज भोपाल आए श्री मेनन ने कहा कि आज यह गौरव की बात है कि देश में 18 राज्यों में हमारी सरकार है। 11 करोड़ हमारे सदस्य है और 70 प्रतिशत भू भाग पर हम है। सूर्योदय से सूर्यास्त तक भारतीय जनता पार्टी का परचम देश में लहरा रहा है, लेकिन इस सफलता के साथ हमारी जिम्मेदारियां भी बढ़ी है, इसलिए विभाग और प्रकल्पों का नवाचार पार्टी में हुआ है। विभाग और प्रकल्पों में जो कार्यकर्ता है उनका कार्य अंत्यत महत्वपूर्ण है। कार्यकर्ता, बैठक और प्रशिक्षण हमारी कार्यपद्धति है। लेकिन अब हमें शोध की ओर भी बढ़ना होगा। विश्व में अनेक राजनैतिक दलों के कार्यकर्ता अपने अपने देश की समस्याओं, संस्कृति और समाज पर शोध करते है। उन शोध का जो निष्कर्ष निकलता है उसके आधार पर ही वहां नीतियां बनायी जाती है। हम प्रदेश स्तर के कार्यकर्ताओं को भी अपने प्रदेश की समस्याओं, समाज, संस्कृति, शिक्षा जैसे विषयों पर शोध करके निश्चित दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने कहा कि न सिर्फ भारत को बल्कि सारी दुनिया को आज भारतीय जनता पार्टी से बहुत उम्मीदें है। आज विश्व के क्षितिज पर भाजपा की बढ़ती साख को देखकर मैं कह सकता हंू कि एक दिन वह भी आयेगा जब दुनिया के विद्धान भारतीय जनता पार्टी की विशालता के कारणों का अध्ययन करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रभाव ज्यो-ज्यों बढ़ रहा है त्यों-त्यों राजनैतिक रूप से असफल होते जा रहे राजनैतिक दलों की आंखों में किरकिरी बढने लगी है। हम समय-समय पर देखते है कि हमारे विरूद्ध ऐसे-ऐसे दुष्प्रचार होते है जिनका कोई ओर छोर नहीं होता। हमारा कोई वैचारिक संबंध किसी घटना से नहीं होता, फिर भी हमारे उपर उंगली उठाकर हमें बदनाम करने का प्रयास किया जाता है। ऐसी परिस्थितियों का मुकाबला हमारे कार्यकर्ताओं की सतर्कता और बौद्धिक कौशल से ही संभव है। इसलिए हमें षडयंत्र करने वालों पर पैनी नजर रखनी होगी। वहीं दूसरी ओर अपने सकारात्मक कार्यो को और अधिक गति देकर समाज में एक अनुकूल वातावरण खड़ा करने का प्रयास निरंतर करना होगा। श्री मेनन ने विभिन्न विभागों और प्रकल्पों के कामों को भी विस्तार से समझाते हुए उसको और अधिक कौशल के साथ कैसे किया जा सकता है ? यह भी बताया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री नंदकुमारसिंह चौहान ने कहा कि विभाग और प्रकल्प पार्टी के नए युग की रचना के लिए अस्तित्व में लाए गए है। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह जी दूरदृष्टा है। वे चाहते हैं कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता अपडेट रहे और संगठन को भी अपडेट रखे। इसी पद्धति से सशक्त राजनैतिक गतिविधियां खड़ी हो सकेंगी, क्योंकि समाज सेवा ही सर्वाधिक उपयुक्त कार्य है जिससे नकारात्मकता समाप्त होती है। आज हमारे प्रधानमंत्री जी समाज की ऐसे ही छोटे छोटे विषयों पर अपना फोकस कर रहे है, जिससे मानवता के समूचे कष्ट दूर किए जा सकते है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आव्हान किया कि सभी कार्यकर्ता पार्टी को अपने आइडिया देने के लिए स्वतंत्र है और निश्चित ही कई बार ऐसे आइडिया पार्टी को मिलते है जो पार्टी की संपत्ति बन जाते है। उन्होंने सभी विभाग और प्रकल्प प्रमुखों से आव्हान किया कि वे सदैव छात्रों की भूमिका में रहे और जहां से भी ज्ञान मिले उसका अध्ययन करंे। तो निश्चित ही भारतीय जनता पार्टी आने वाले समय के अनुकूल अपने आप को सदैव सिद्ध पायेगी।
प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत ने भी विभाग और प्रकल्पों की उपयोगिता पर संक्षिप्त प्रकाश डाला।

aum

Leave a Reply

Your email address will not be published.