अमरीका, चीन और रूस का पहला त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन शेनझेन में आयोजित
america,china,russiaअमरीका, चीन और रूस का पहला त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन शेनझेन में आयोजित
अमरीका, चीन और रूस के नेताओं ने आज शेनझेन में अपना पहला त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन आयोजित किया। इसमें अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने परमाणु हथियारों को कम करने और उनके प्रसार को रोकने के लिए इन तीनों बड़ी ताकतों के बीच सहयोग का आह्वान किया।
श्री ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शेनझेन के काइलिन विला में एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग-एपीईसी शिखर सम्मेलन से अलग यह त्रिपक्षीय बैठक की। खबरों के अनुसार श्री ट्रंप ने इस बैठक में परमाणु हथियारों में कटौती और अन्य प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा करने की इच्छा प्रकट की थी।
आरंभिक टिप्पणी में श्री ट्रंप ने अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के महत्वपूर्ण मुद्दों पर तीनों देशों के मिलकर काम करने की जिम्मेदारी पर बल दिया। श्री ट्रंप ने तीनों देशों के परमाणु जखीरे का भी जिक्र किया और इस बात पर जोर दिया कि दुनिया भर में परमाणु हथियारों की संख्या कम करने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है।
श्री ट्रंप ने परमाणु निरस्त्रीकरण की चुनौतियों को स्वीकार करते हुए कहा कि जिन देशों के पास परमाणु हथियार हैं, उन्हें ये हथियार छोड़ने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
श्री शी ने बड़ी ताकतों के बीच शांतिपूर्ण संबंधों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सहयोग से वैश्विक स्थिरता आएगी, जबकि टकराव से अराजकता फैल सकती है। श्री पुतिन ने इस त्रिपक्षीय बैठक के दौरान वैश्विक और क्षेत्रीय आर्थिक संबंधों के साथ-साथ ऊर्जा सुरक्षा पर भी चर्चा करने का प्रस्ताव रखा।
अमरीका, चीन और रूस के राष्ट्रपतियों की अभूतपूर्व त्रिपक्षीय बैठक सम्पन्न हो गई। बैठक के बाद शांति, संयुक्त राष्ट्र में सुधार और ऊर्जा संकट दूर करने के लिए रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों का उत्पादन और आपूर्ति बढ़ाने की घोषणा जारी की गई। तीनों राष्ट्रपति अपनी चार सूत्री घोषणा में परमाणु जोखिम कम करने और परमाणु हथियारों के प्रसार को रोकने के बारे में संवाद करने पर भी सहमत हुए। वे इस बात पर भी सहमत हुए कि अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय और ऐसे ही अन्य निकायों को अपने न्यायाधिकार से बाहर जाकर कार्य नहीं करना चाहिए।
====================================Courtesy========================
