• Thu. Nov 19th, 2026

पीएम नरेन्द्र मोदी ने उद्योग जगत से निवेश संबंधी सभी दूरगामी फैसलों का आधार ‘इंडिया फर्स्ट’ को बनाने का आह्वान किया

पीएम नरेन्द्र मोदी ने उद्योग जगत से निवेश संबंधी सभी दूरगामी फैसलों का आधार ‘इंडिया फर्स्ट’ को बनाने का आह्वान किया
narendramodiपीएम नरेन्द्र मोदी ने उद्योग जगत से निवेश संबंधी सभी दूरगामी फैसलों का आधार ‘इंडिया फर्स्ट’ को बनाने का आह्वान किया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उद्योग जगत से अगले 20 वर्षों में निवेश संबंधी सभी दुरगामी फैसलों का आधार ‘इंडिया फर्स्ट’ यानी ‘भारत प्रथम’ को बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि इससे आत्मनिर्भर राष्ट्र का निर्माण होगा और उद्योगों के विकास के नए अवसर भी खुलेंगे।

श्री मोदी आज नई दिल्ली में भारतीय वाणिज्य उद्योग परिसंघ फिक्की के शताब्दी समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 100 वर्षों के दौरान फिक्की ने देश के उद्योग जगत को कई उपलब्धियां हासिल करते देखा है। अब यह तय करने का समय है कि भारतीय उद्योग अगले 20 वर्षों में क्या हासिल कर सकता है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 100 वर्षों में भारतीय अर्थव्यवस्था ने कई दौर देखे हैं। देश ने लाइसेंस-कोटा राज, राष्ट्रीयकरण के असफल प्रयोग और 21वीं सदी में भारत को कमजोर अर्थव्यवस्थाओं के समूह-फ्रैजाइल फाइव में शामिल होते देखा है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में युवाओं, किसानों, श्रमिकों और उद्योग जगत के नेताओं ने इस स्थिति को बदलने के लिए कड़ी मेहनत की है।

श्री मोदी ने कहा कि आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है और इसकी विकास दर लगभग सात प्रतिशत रहने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि पिछले महीने भारत का वस्तु निर्यात लगभग 50 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जो अब तक का सबसे अधिक मासिक वस्तु निर्यात है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के मजबूत प्रदर्शन के कारण मूडीज रेटिंग्स, एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स, फिच रेटिंग्स, विश्व बैंक और एशियाई विकास बैंक जैसी संस्थाएं देश की विकास दर के अनुमान बढ़ा रही हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि विश्व बैंक की नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार, केवल 12 से 13 वर्षों में 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने कहा कि 1970 के दशक में जब ‘गरीबी हटाओ’ का नारा दिया गया था, तब भी भारत की आबादी लगभग 50 करोड़ थी और उसी समय गरीबी समाप्त की जा सकती थी। लेकिन फिक्की इस बात का साक्षी है कि उस समय नीतियों में कमी थी और सही नीयत का भी अभाव था।

श्री मोदी ने कहा कि जब सरकार ने सही नीतियों और नेक नीयत के साथ काम किया, तो केवल 12 से 13 वर्षों में 50 करोड़ गरीब लोग गरीबी से बाहर आ गए। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट है कि आज भारत जिस गति और दिशा में आगे बढ़ रहा है, वह सही है और देश की सफलता की गारंटी है।

उद्योग जगत को भारत के हाल के व्यापार समझौतों का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित करते हुए प्रधानमंत्री ने कारोबारियों से वैश्विक ग्राहकों की जरूरतों को समझने, अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरा उतरने और वितरण नेटवर्क विकसित करने में निवेश करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि घरेलू बाजार को ही अपनी सीमित दुनिया नहीं मानना चाहिए, बल्कि इससे वैश्विक बाजारों में प्रतिस्पर्धा करने का आत्मविश्वास मिलना चाहिए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि किसानों, छोटे उद्यमियों, उद्योग जगत, संपत्ति सृजित करने वालों और करदाताओं का सम्मान करने से ही राष्ट्र प्रगति करता है। उन्होंने अपनी सरकार की कारोबारी सुगमता और करदाताओं के हित में किए गए सुधारों का भी उल्लेख किया। इनमें वर्ष 2014 में कॉरपोरेट कर की मूल दर को 30 प्रतिशत घटाकर 22 प्रतिशत करना, लोगों की क्रय शक्ति बढ़ाने के लिए 12 लाख रुपये तक की आय को कर मुक्त करना, आयकर रिटर्न और रिफंड की प्रक्रिया सरल बनाना तथा मांग को प्रोत्साहन देने के लिए कई वस्तुओं पर जीएसटी दरें कम करना शामिल है।

फिक्की की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री ने संगठन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि किसी संगठन का सौ वर्षों तक लगातार सजग और सक्रिय रहना, बदलते समय के साथ खुद को विकसित करना और देश की आर्थिक यात्रा में अपनी भूमिका निभाते रहना एक बड़ी उपलब्धि है।
===================================Courtesy==========================

 

aum

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *