• Sun. Jun 28th, 2026

प्रधानमंत्री मोदी और सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हरमाइनी के बीच हुई द्विपक्षीय वार्ता

प्रधानमंत्री मोदी और सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हरमाइनी के बीच हुई द्विपक्षीय वार्ता
narendramodi,seychellespresidentप्रधानमंत्री मोदी और सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हरमाइनी के बीच हुई द्विपक्षीय वार्ता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हरमाइनी के बीच आज राजधानी विक्टोरिया में द्विपक्षीय वार्ता हुई। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा की और क्षेत्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। इससे पहले स्टेट हाउस में प्रधानमंत्री मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। दोनों देशों के बीच कृषि, वित्त, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य और डिजिटल सहयोग सहित कई क्षेत्रों में समझौतों का आदान-प्रदान भी हुआ।

सेशेल्स ने प्रधानमंत्री मोदी को सतत विकास, हरित विकास और जलवायु अनुकूल विकास के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए देश के सर्वोच्च पर्यावरण सम्मान ‘गार्जियन ऑफ द ब्लू होराइजन’ से सम्मानित किया।

संयुक्त प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है। उन्होंने कहा कि भारत और सेशेल्स हिंद महासागर को साझा विरासत मानते हैं और इसकी सुरक्षा, स्थिरता तथा समृद्धि दोनों देशों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने आर्थिक सहयोग को और मजबूत बनाने, संपर्क बढ़ाने तथा उद्योगों के लिए नए अवसर तलाशने पर सहमति जताई है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत, सेशेल्स के साथ डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर का अपना अनुभव साझा करेगा। उन्होंने बताया कि सेशेल्स में यूपीआई लागू करने के लिए समझौता हुआ है। उन्होंने कहा कि जन औषधि योजना पर हुए समझौते से सेशेल्स के लोगों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हरमाइनी ने कहा कि दोनों देशों ने राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और समृद्धि के लिए अपनी साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई है।

प्रधानमंत्री मोदी आज सेशेल्स की नेशनल असेंबली को संबोधित करेंगे, भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात करेंगे और राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह में भारतीय सशस्त्र बलों की एक टुकड़ी और भारतीय नौसेना के दो युद्धपोत भी भाग लेंगे। प्रधानमंत्री मोदी तीन दिन की राजकीय यात्रा पर सेशेल्स में हैं।
==================================================Courtesy=============================

aum

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *