• Fri. Jun 19th, 2026

सिंगापुर में हुए ट्रेड बिजनेस डेवेलपमेंट प्रशिक्षण में

सिंगापुर में हुए ट्रेड बिजनेस डेवेलपमेंट प्रशिक्षण में
singapore,MSME

एमएसएमई की श्रीमती टेंभरे ने किया भारत का प्रतिनिधित्व

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग की सहायक संचालक श्रीमती ओजस्वी टेंभरे ने सिंगापुर सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा आयोजित सिंगापुर पांच दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय प्रशिक्षण में “ट्रेड बिजनेस डेवेलपमेंट” में भारत का प्रतिनिधित्व कर प्रदेश एवं देश को गौरान्वित किया। उल्लेखनीय है कि इस प्रतिष्ठित प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए भारत से केवल एक प्रतिभागी का चयन किया गया था जिसमें श्रीमती ओजस्वी टेंभरे को देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त हुआ।

8 जून से 12 जून 2026 तक सिंगापुर के प्रतिष्ठित सिविल सर्विस कॉलेज में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विश्व के लगभग 25 देशों के प्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को व्यापार एवं व्यवसाय विकास, निवेश संवर्धन, उद्यमिता विकास, नवाचार, आर्थिक प्रगति, वैश्विक सहयोग तथा संस्थागत क्षमता निर्माण से संबंधित अंतर्राष्ट्रीय सर्वोत्तम प्रथाओं से अवगत कराना था।

मध्यप्रदेश के शिवपुरी जैकिट का प्रदर्शन

श्रीमती टेंभरे द्वारा मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के “एक जिला एक उत्पाद” अंतर्गत प्रसिद्ध शिवपुरी जैकेट को सिंगापुर के विदेश मंत्रालय के अधिकारीगण को स्मृति-चिह्न/उपहार स्वरूप भेंट किया गया। उन्होंने शिवपुरी जैकेट की विशेषताओं, स्थानीय कारीगरों के हुनर तथा मध्यप्रदेश शासन द्वारा स्थानीय उत्पादों के संवर्धन संबंधी पहलों की जानकारी भी साझा की। इस पहल के माध्यम से अंतर्राष्ट्रीय मंच पर मध्यप्रदेश की समृद्ध हस्तशिल्प परंपरा, स्थानीय उत्पादों तथा “वोकल फॉर लोकल” की भावना का प्रभावी प्रदर्शन किया गया।

प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को सिंगापुर के आर्थिक विकास मॉडल, व्यापार एवं निवेश संवर्धन तंत्र, उद्यमिता एवं स्टार्टअप पारितंत्र, कौशल विकास कार्यक्रमों, नवाचार आधारित प्रशासनिक व्यवस्थाओं तथा सार्वजनिक सेवा वितरण प्रणाली की सफल कार्यप्रणालियों का अध्ययन कराया गया। विषय विशेषज्ञों ने व्याख्यानों, समूह चर्चाओं, संवादात्मक सत्रों एवं अध्ययन भ्रमणों के माध्यम से प्रतिभागियों को वैश्विक स्तर की नीतियों, व्यवहारिक अनुभवों एवं सफल मॉडलों की जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों को सिंगापुर के उद्योग, व्यापार एवं नवाचार प्रणालियों का प्रत्यक्ष अध्ययन कराने के लिए विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों एवं नवाचार केंद्रों का भ्रमण भी कराया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में श्रीमती ओजस्वी टेंभरे ने विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों के साथ विचारों एवं अनुभवों का आदान-प्रदान किया तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, स्टार्टअप, नवाचार एवं व्यापार संवर्धन के क्षेत्र में अपनाई जा रही वैश्विक सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों का अध्ययन किया। उन्होंने प्रदेश में उपलब्ध संसाधनों, निवेशक मित्र नीति एवं व्यापार संचालन में सुगमता (EoDB) पर राज्य शासन द्वारा की गई पहल से अवगत कराया। उद्यमिता विकास, स्टार्टअप संवर्धन, निवेश प्रोत्साहन तथा एमएसएमई क्षेत्र में संचालित विभिन्न योजनाओं, पहलों एवं उपलब्धियों की जानकारी भी साझा की।
=================================================================================================

सिंगापुर में हुए ट्रेड बिजनेस डेवेलपमेंट प्रशिक्षण में
singapore,MSME

 

aum

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *