प्रधानमंत्री मोदी, ऑस्ट्रिया चांसलर डॉ. स्टॉकर के बीच वार्ता, कई समझौतों का आदान-प्रदान
narendramodi,austria,drstalkarप्रधानमंत्री मोदी, ऑस्ट्रिया चांसलर डॉ. स्टॉकर के बीच वार्ता, कई समझौतों का आदान-प्रदान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्ली में ऑस्ट्रिया के चांसलर डॉक्टर क्रिश्चियन स्टॉकर से बातचीत की। इस दौरान, दोनों देशों ने खाद्य सुरक्षा पर एक समझौता ज्ञापन और सैन्य मामलों में सहयोग तथा आतंकवाद विरोधी संयुक्त कार्य समूह पर आशय पत्रों सहित कई समझौतों और दस्तावेजों का आदान-प्रदान किया। संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में श्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रिया अवसंरचना, नवाचार और स्थिरता के क्षेत्र में विश्वसनीय साझेदार रहे हैं। उन्होंने इस बात पर भी खुशी व्यक्त की कि श्री स्टॉकर ने यूरोप के बाहर अपनी पहली विदेश यात्रा के लिए भारत को चुना। श्री मोदी ने कहा कि यह श्री स्टॉकर की दूरदृष्टि और भारत-ऑस्ट्रिया संबंधों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने यह भी कहा कि श्री स्टॉकर की यह यात्रा दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश को बढ़ावा देगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत, अपनी गति और व्यापकता के साथ, ऑस्ट्रिया की विशेषज्ञता का संयोजन करके विश्व के लिए विश्वसनीय प्रौद्योगिकी सुनिश्चित करेगा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत की प्रतिभा ऑस्ट्रिया के नवाचार और उत्पादकता को बढ़ावा देने में सक्षम है। श्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच युवा आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के लिए भारत-ऑस्ट्रिया वर्किंग हॉलिडे प्रोग्राम भी शुरू किया जा रहा है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि दोनों देश रक्षा, सेमीकंडक्टर, क्वांटम और जैव प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी साझेदारी को मजबूत करेंगे।
डॉक्टर क्रिश्चियन स्टॉकर ने भारत की अपनी यात्रा को ऑस्ट्रिया-भारत संबंधों के लिए एक मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रिया और भारत के बीच राजनयिक संबंध पहले से कहीं अधिक मजबूत हैं। श्री स्टॉकर ने यह भी कहा कि यूरोपीय संघ के बाहर भारत, ऑस्ट्रिया के सबसे महत्वपूर्ण व्यापारिक भागीदारों में से एक है। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार में सकारात्मक विकास हो रहा है और यह पिछले 10 वर्षों में बढ़कर लगभग 3 अरब यूरो हो गया है। श्री स्टॉकर ने कहा कि सेमीकंडक्टर उत्पादन, नवीकरणीय ऊर्जा, ऑटोमोटिव और बुनियादी ढांचे सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में 160 ऑस्ट्रियाई कंपनियां भारतीय बाजार में सक्रिय हैं। आगे उन्होंने कहा कि यह दर्शाता है कि दोनों देशों के बीच मित्रता का आधार बहुत व्यापक है। ऑस्ट्रियाई चांसलर ने यह भी रेखांकित किया कि भारत की सकल घरेलू उत्पाद वृद्धि दर लगभग सात प्रतिशत प्रति वर्ष है और यह सबसे गतिशील वैश्विक बाजारों में से एक है। उन्होंने कहा कि भारत उनके देश के लिए एक प्रमुख रणनीतिक साझेदार है।
श्री स्टॉकर ने कहा कि दुनिया भू-राजनीतिक उथल-पुथल और व्यवधान के युग में जी रही है। सत्ता के केंद्र बदल रहे हैं, नए गठबंधन बन रहे हैं और संघर्ष अधिक जटिल होते जा रहे हैं। उन्होंने मौजूदा परिदृश्य में स्थिरता, विश्वास और भरोसेमंद साझेदारियों की आवश्यकता पर बल दिया और भारत को ऑस्ट्रिया के लिए एक भरोसेमंद भागीदार बताया। श्री स्टॉकर और उनकी पत्नी गेर्डा स्टॉकर लेगेंस्टीन ने राजघाट पर महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की।
==================================================Courtesy===============================================
प्रधानमंत्री मोदी, ऑस्ट्रिया चांसलर डॉ. स्टॉकर के बीच वार्ता, कई समझौतों का आदान-प्रदान
narendramodi,austria,drstalkar
