• Thu. Apr 25th, 2024

सीमा पर गोली चलती थी, तो सफेद झंडे दिखाती थी कांग्रेस सरकार : राजनाथ सिंह

केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा हमारी सरकार आतंकवाद, नक्सलवाद के सफाए को कटिबद्ध
आगर-मालवा/रतलाम। केंद्र में जब कांग्रेस की सरकारें थीं, तो सीमा पर पाकिस्तान की तरफ से गोली चलने पर सफेद झंडे दिखाए जाते थे। हमने जवानों से कहा पहली गोली अपनी तरफ से मत चलाओ, लेकिन अगर उस तरफ से गोली चलती है, तो फिर गोलियां गिनो मत, बस चलाते रहो। यह बात केंद्रीय गृहमंत्री श्री राजनाथ सिंह ने गुरूवार को आगरमालवा में पार्टी प्रत्याशी मनोहर उंटवाल, रतलाम जिले की जावरा विधानसभा के पिपलोदा में राजेंद्र पांडेय एवं आलोट विधानसभा के बड़ावदा में पार्टी प्रत्याशी जितेंद्र गेहलोत के समर्थन में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सहित पूरे देश में कांग्रेस की हालत पतली हो गई है।

सभा को संबोधित करते हुए श्री राजनाथसिंह ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं में मुख्यमंत्री बनने की होड़ मची हुई है। वे बिना दूल्हे की बारात लेकर चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में अभी कौन बनेगा मुख्यमंत्री का खेल चल रहा है। इस खेल में कोई छिंदवाड़ा से है, तो कोई गुना-अशोकनगर से है। कोई राघौगढ़ से है तो कोई झाबुआ और भोपाल से है। इनके सभी नेता मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जो एकजुट है, वही समाज का भला कर सकता है। कांग्रेस के सारे नेता अलग-थलग हैं और मध्यप्रदेश को जोड़ने की बातें करते हैं। यह आश्चर्य की बात है कि जो स्वयं एकजुट नहीं हैं, वह समाज का भला कैसे करेंगे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमारे विरोधी नेता कहते हैं कि आलू की फैक्टरी लगवाऊंगा। मुझे यह सुनकर आश्चर्य होता है। दुनिया में सिर्फ कांग्रेस ही ऐसा चमत्कार कर सकती है।

2020 तक टॉप थ्री में होगी भारत की अर्थव्यवस्था

केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था कांग्रेस के शासनकाल में 9वें नंबर पर थी। इसको भाजपा की सरकार ने 6 वें नंबर पर लाकर खड़ा कर दिया है और अब 2020 तक दुनिया में टॉप थ्री देशों में लाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में 2003 से पहले प्रति व्यक्ति आय 15 हजार रूपए थी, लेकिन 2018 में यह 80 हजार प्रति व्यक्ति हो गई है।

नक्सलवाद में आई 60 फीसदी कमी

केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि आतंकवाद, नक्सलवाद और उग्रवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी है। हम इनका पूरी तरह से सफाया करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार के समय में सीमा पर यदि पाकिस्तान की तरफ से गोली चलती थी, तो सफेद झंडे दिखाने की परंपरा थी। कांग्रेस ने 16 साल तक सफेद झंडे दिखाए हैं। जब हमारी सरकार बनी, तो मैंने यह कहा कि कम से कम पहली गोली भारत की तरफ से नहीं चलनी चाहिए और यदि पाकिस्तान ने एक भी गोली चलाई तो फिर भारत की तरफ से गोलियां गिननी नहीं चाहिए। हमने नक्सलवाद और उग्रवाद पर भी अंकुश लगाया है। नक्सलवाद 60 प्रतिशत कम हो गया है।

जात-पांत की राजनीति कर रहे कांग्रेस के नेता

केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि राजनीति देश बनाने के लिए होनी चाहिए, समाज बनाने के लिए होनी चाहिए। कांग्रेस के नेता जात-पांत के आधार पर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता एक समुदाय विशेष को कह रहे हैं कि 90 फीसदी वोट डालो नहीं तो हार जाएंगे। हम किसी की भी इस चाल को सफल नहीं होने देंगे। क्या इन्हें नहीं मालूम है कि यहां के ऋषि और मनीषियों ने भारत की सीमा में रहने वाले लोगों को ही नहीं, बल्कि विश्व की पूरी धरातल पर रहने वाले लोगों को अपने कुटुम्ब का सदस्य माना है। भारत की संस्कृति इतनी महान संस्कृति है। इसके प्रति भी इनकी आस्था नहीं है। ये लोग सरकार बनाने के लिए समाज को बांटने की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति इंसाफ और इंसानियत के आधार पर होनी चाहिए।

मध्यप्रदेश ने किए अनोखे काम

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार ने कई अनोखे कार्य किए हैं। ऐसे कार्य करने वाला मध्यप्रदेश देश का इकलौता राज्य है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में गरीबों के लिए सरकार ने संबल योजना बनाई है। स्कूल-कॉलेजों में पढ़ने वाले बच्चों की फीस सरकार भरवाती है। किसानों के लिए सरकार ने कई महत्वपूर्ण योजनाएं चला रखीं हैं। उन्होंने कहा कि लोग मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य कहा करते थे, लेकिन 15 वर्षों में विकास के मामले में मध्यप्रदेश ने लंबी छलांग लगाई है। उन्होंने कहा कि 15 वर्षों में सिंचाई का रकबा बढ़ा है तो बिजली के मामले में मध्यप्रदेश सरप्लस राज्य बना और यह सब मेहनतकश मुख्यमंत्री ने करके दिखाया है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने लगातार जनता की सेवा की है। उन्हें चौथी बार मुख्यमंत्री बनाकर विकसित मध्यप्रदेश को समृद्ध मध्यप्रदेश बनाने का मार्ग प्रशस्त करें।

हमारी जीत के बाद आभार व्यक्त करने आउंगा

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वे आगर-मालवा, आलोट और पिपलोदा एक बार फिर आना चाहेंगे, लेकिन इस बार फूलों की माला पहनने के लिए नहीं आउंगा, बल्कि भाजपा प्रत्याशी की जीत के बाद शीश झुकाकर सबका आभार व्यक्त करने के लिए आऊंगा। आगर-मालवा में सभा के दौरान जिलाध्यक्ष दिलीप सकलेचा, इकबाल सिंह गांधी, जिला महामंत्री प्रेम मस्ताना, श्यामसिंह परिहार, करण सिंह यादव, पूर्व विधायक फुलचंद वेदिया, जिला पंचायत अध्यक्ष कलाबाई गुहाटिया, कैलाश काका गवली, संगीता देसाई, जिला पंचायत अध्यक्ष देवास नरेन्द्रसिंह बैस, भेरुसिंह सौंलकी, गोविंदसिह बरखेड़ी, बहादुर सिंह राठौर, लालसिंह राजपूत, बड़ावदा में केंद्रीय मंत्री थावरचंद गेहलोत, सुल्तान सिंह शेखावत, दयाराम धाकड़ प्रदेश उपाध्यक्ष किसान मोर्चा, जितेंद्र राठौर, जितेंद्र रमेश मालवीय, रामविलास धाकड़, जीवन सिंह, कालूसिंह परिवार सहित बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

aum

Leave a Reply

Your email address will not be published.