• Wed. Apr 24th, 2024

कांग्रेस की चार पीढ़ियां जो नहीं कर पाईं, चाय बेचने वाले ने चार सालों में कर दिया : प्रधानमंत्री

यह चुनाव चार पीढ़ी बनाम चार साल और 54 साल बनाम 15 साल का है
एक कमरे में बैठकर तुष्टिकरण की बातें करते हैं कमलनाथः शिवराजसिंह चौहान
शहडोल। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि कांग्रेस में एक ही परिवार की चार पीढ़ियों ने जितना विकास अब तक नहीं किया, उतना काम भाजपा की सरकार ने और एक चाय बेचने वाले ने चार वर्षों में कर दिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में होने वाला विधानसभा का चुनाव और अगले साल होने वाला लोकसभा का चुनाव विकास के नाम पर होना चाहिए। यह चुनाव चार पीढ़ी बनाम चार साल और 54 साल बनाम 15 साल के विकास कार्यों पर होना चाहिए। प्रधानमंत्री शुक्रवार को शहडोल में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे।


मध्यप्रदेश का भविष्य तय करेगा यह चुनाव

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण की शुरूआत जय बड़ादेव और नर्मदे हर के साथ की। इसके बाद उन्होंने उपस्थित जनसमूह से राम-राम की। उन्होंने कहा कि अब देश-प्रदेश में जात-पांत के नाम पर बहुत चुनाव हो गए, सांप्रदायिकता के नाम पर बहुत चुनाव हो गए, पीढ़ियों के नाम पर बहुत चुनाव हो गए। उन्होंने कहा कि यह चुनाव इस बात के लिए नहीं है कि कौन विधायक बने कौन नहीं बने, कौन दल जीते कौन नहीं जीते, कौन की सरकार बने कौन की नहीं बने। यह चुनाव देश-प्रदेश का क्या भविष्य होगा, इसका फैसला करने के लिए है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव मध्यप्रदेश का भविष्य क्या होगा, इसका फैसला करने के लिए है। हम हमारे बच्चों को कैसा मध्यप्रदेश देना चाहते हैं, इसका निर्णय इस चुनाव में प्रदेश की जनता को करना है।


कांग्रेस ने 54 सालों में क्या किया, यह सवाल पूछे जनता

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि जब मैं गुजरात का मुख्यमंत्री था, उस समय मैं मध्यप्रदेश के कार्यों को सुनने के लिए उत्सुक रहता था कि अब मध्यप्रदेश में क्या नया काम, क्या नई योजना शुरू होने वाली है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश को विकास का मॉडल बनाया है। यहां की कई योजनाओं को दूसरे राज्यों ने शुरू किया है। प्रधानमंत्री ने कहा है कि आजादी के 75 वर्षों में से 54 वर्षों तक मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकारें रहीं। उन्होंने कहा कि इन 54 सालों में मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकारों ने क्या विकास किया है, यह सवाल प्रदेश की जनता को उनसे पूछना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 54 सालों में जितने गरीबों को पक्के मकान नहीं दे सकी, उससे कहीं ज्यादा इन 15 वर्षों में भाजपा की सरकार ने बनाए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के मध्यप्रदेश में 12 लाख पक्के घरों की चाबी हम लोगों को सौंप चुके हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में बहन-बेटियों की सुरक्षा का कानून बनाने वाला पहला राज्य मध्यप्रदेश है। यहां पर दरिंदों को 5 दिनों के अंदर फांसी पर चढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि जनता-जनार्दन को विश्वास तब होता है जबकि सरकारें काम करती हैं, समाज के अंदर व्याप्त बुराइयां समाप्त होती हैं और इन बुराइयों को समाप्त करने में भाजपा की सरकारों ने बेहतर काम किया है।


मुझसे हिसाब मांगिए, पाई-पाई का हिसाब दूंगा

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आप लोग संकोच मत कीजिए और मुझसे भी साढ़े चार वर्षों का हिसाब मांगिए। मैं पाई-पाई का हिसाब दूंगा। उन्होंने कहा कि एक ही परिवार की चार पीढ़ियों ने देश को क्या दिया और एक चाय वाले ने साढ़े चार साल में क्या दिया, इसका मुकाबला भी हो जाए। उन्होंने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि इनका हाल मुंह में राम बगल में छुरी जैसा है। ये लोग हर जगह झूठ बोलते हैं, मध्यप्रदेश में भी इन्हें गुस्से के सिवाए कुछ नहीं सूझ रहा है। यहां पर ये सिर्फ गुस्सा बता रहे हैं।

झूठ बोलकर जीतती रही कांग्रेस

प्रधानमंत्री ने कहा कि अब समझ में आ रहा है कि कांग्रेस इतने वर्षों तक जीतती क्यों रही? उन्होंने कहा कि पहले विरोधी दल की ताकत कमजोर हुआ करती थी, मीडिया इतना सक्रिय नहीं था और सोशल मीडिया तो था ही नहीं। इसलिए कांग्रेस के लोग जो झूठ परोसते थे उसे ही जनता तक पहुंचाया जाता था। ये झूठ के कारोबारी और जीत के शंहशाह सिर्फ जनता को गुमराह करके ही सत्ता हासिल करते रहे, लेकिन अब विपक्ष मजबूत है, मीडिया सक्रिय है और सोशल मीडिया तो उससे भी ज्यादा सक्रिय है, इसलिए इनकी झूठ की दुकानें बंद हो गईं हैं। इसीलिए अब इन्हें गुस्सा आ रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले गैस के कूपन के लिए कांग्रेस के राज दरबार में सांसदों को मनुहार करनी पड़ती थी, कि गैस के कूपन दे दो। एक-एक सांसद को 25-25 गैस के कूपन मिलते थे, लेकिन हमारी सरकार ने प्रदेश के हर घर तक गैस पहुंचाने की व्यवस्था की है। हमने देशभर में 8 करोड़ गैस सिलेंडर देने का लक्ष्य तय किया था और हर घर तक इन्हें पहुंचाया है।

18 वीं सदी की तरह जी रहे थे लोग

प्रधानमंत्री ने कहा कि 21 वीं शताब्दी के प्रारंभिक दौर में भी प्रदेश की जनता को 18 वीं शताब्दी की तरह जीवन जीना पड़ रहा था। उन्हें न तो पर्याप्त बिजली मिल पाती थी और न ही बेहतर सड़कें। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने सिर्फ शहडोल में 40 हजार परिवार जो अंधेरे की जिंदगी में जीते थे, उनके घरों में बिजली दी है। जितने शौचालय एक ही परिवार की चार पीढ़ियां अब तक नहीं बना सकी उससे कहीं ज्यादा हमने चार वर्षों में बनाकर दे दिए हैं। अब माताएं-बहनों को शौच के लिए बाहर नहीं जाना पड़ता है।

नोटबंदी में बाहर आया, नेताओं के बिस्तरों में छुपा पैसा

प्रधानमंत्री ने कहा कि लोग सोचते हैं, पूछते हैं कि इस चाय बेचने वाले के पास इतना पैसे कहां से आ गया है कि यह इतने काम करवा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की चार पीढ़ियों से जो पैसा इनके नेताओं ने बिस्तरों के नीचे छुपा रखा था, बोरियां में भरकर रख रखा था, कमरों में भरकर रख रखा था उस पैसे को नोटबंदी करके बाहर निकलवाया है। अब ये विकास के कार्य उसी काली कमाई के बाहर आने से हो रहे हैं। ये पैसा देश की आम जनता का पैसा है। अब देश-प्रदेश में कोई नहीं रो रहा है, सिर्फ अकेली कांग्रेस रो रही है, क्योंकि उनकी चार पीढ़ियों का जमा किया हुआ पैसा चला गया है।


जिन्होंने वादे किए उनसे पूछिए

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि स्व. इंदिराजी ने गरीबी हटाओ के नारे के साथ सत्ता में आने का वादा किया था, लेकिन आज तक गरीबी हटाई क्या ? उन्होंने कहा कि स्व. इंदिरा गांधी ने बैंकों का राष्ट्रीयकरण गरीबों के नाम पर किया था, लेकिन आज तक गरीब बैंकों तक नहीं पहुंच सके। हमने पिछले चार वर्षों में हर एक गरीब का बैंकों में खाता खुलवाकर उसके खातों में पैसा जमा कराया है।

प्रदेश का माहौल खराब करना चाहते हैं कमलनाथ : शिवराजसिंह चौहान

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि कमलनाथ बंद कमरे में बैठकर तुष्टिकरण की बातें करते हैं। वे मध्यप्रदेश के माहौल को खराब करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में 70 में से 54 साल तक कांग्रेस ने राज किया। लगातार 10 वर्षों तक एक ही मुख्यमंत्री रहे। उस समय प्रदेश की क्या हालत थी, मध्यप्रदेश को कांग्रेस ने तबाह कर दिया था। प्रदेश का नाम बीमारू मध्यप्रदेश हो गया था, लेकिन भाजपा की सरकार ने 15 वर्षों में इसे पहले विकासशील और फिर विकसित बनाया। अब समृद्ध मध्यप्रदेश बनाना है। उन्होंने कहा कि शहडोल में भाजपा ने मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज शुरू कराए तो इस पर कांग्रेसियों को

गुस्सा आता है। इस दौरान मंच पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह, शहडोल सांसद श्री ज्ञान सिंह, सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, सांसद श्रीमती रीति पाठक, दुष्यंत जी, भाजपा के अनूपपुर जिलाध्यक्ष राजारामजी वैश्य, सुनील जैन, इंद्रजीत छावड़ा, भाजपा के प्रत्याशियों में ब्यौहारी के शरद कौल, जयसिंहनगर के जयसिंह मरावी, जैतपुर की श्रीमती मनीषा सिंह, कोतमा के दिलीप जायसवाल, अनूपपुर के रामलाल रौतेल, पुष्पराजगढ़ के नरेंद्र मरावी, बांधवगढ़ के शिवनारायण सिंह, मानपुर के मीना सिंह आदि उपस्थित थे।


कुंडम में मुख्यमंत्री ने कहा-सिंचाई के लिए शुरू कीं तीन परियोजनाएं

मुख्यमंत्री ने जबलपुर जिले की सीहोरा विधानसभा के कुंडम में भी पार्टी प्रत्याशी नंदनी मरावी के पक्ष में आयोजित सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कुंडम क्षेत्र के किसानों की खेती के लिए हमने तीन सिंचाई परियोजनाओं को मंजूरी दी है। एक परियोजना 310 करोड़ की, एक 236 करोड़ की और एक 35 करोड़ की परियोजना है। इन परियोजनाओं से यहां के किसानों को खेती के साथ ही पीने का पानी भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना से 134 सड़कें बनवाई है।

कांग्रेस महिलाओं का अपमान करती है, भाजपा ने

हमेशा सम्मान दिया : शिवराज सिंह चौहान

विकास के कार्य भाजपा करती है, कांग्रेस ने मध्यप्रदेश को तबाह और बर्बाद किया

भोपाल-छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कांग्रेस के नेता और कमलनाथ जी महिलाओं को सजावट का सामान कहते हैं। वे हमेशा से महिलाओं का अपमान करते रहे हैं, लेकिन भाजपा ने प्रदेश में महिलाओं को सम्मान देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि कमलनाथ जी बंद कमरे में बैठक करके वर्ग विशेष को भड़काने का काम करते हैं। वे घटिया राजनीति कर रहे हैं। मुख्यमंत्री छिंदवाड़ा जिले के विधानसभा अमरवाड़ा में पार्टी प्रत्याशी प्रेमनारायण ठाकुर के पक्ष में आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने बीमारू मध्यप्रदेश को आज विकासशील प्रदेशों की श्रेणी में लाकर खड़ा कर दिया है। अब अगले पांच वर्षों में समृद्धशाली प्रदेश बनाएंगे। कांग्रेस ने मध्यप्रदेश को तबाह और बर्बाद कर दिया था।

कांग्रेस क्या जाने आदिवासियों का दर्द

मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा है कि जिस पार्टी में राजा-महाराजा और उद्योगपति हों, उन्हें क्या पता कि आदिवासियों का दर्द क्या होता है। उन्हें तो सिर्फ अपनी ही चिंता रहती है। आदिवासियों का दर्द मैंने समझा है, भाजपा की सरकार ने समझा है। भाजपा की सरकार ने झारिया आदिवासियों के खातों में हर माह एक हजार रूपए देने की महत्ती योजना शुरू की। हमने किसानों के खेतों में सिंचाई के लिए पानी की व्यवस्था की है। इसके लिए कई छोटे-बड़े बांधों का निर्माण किया है।

विकास में पिछड़ गया अमरवाड़ा

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम यहां पर पिछले चुनाव में दुर्भाग्य से हार गए थे, इस कारण अमरवाड़ा विकास में पिछड़ गया है। मैंने तो विकास कार्यों के लिए कोई कमी नहीं रखी, लेकिन कांग्रेस के विधायक विकास करने में ही पीछे रह गए। मुझसे जिन्होंने भी मांगा मैंने विकास कार्यों के लिए भरपूर पैसा दिया, लेकिन विकास करने के लिए इच्छाशक्ति का होना जरूरी है। यह इच्छाशक्ति कांग्रेस के विधायकों के पास नहीं है। उन्होंने कहा कि अब अमरवाड़ा के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। 2022 तक सभी गरीब आदिवासियों के पक्के मकान होंगे। उन्हें अब झोपड़ियों में नहीं रहना पड़ेगा। इस दौरान पार्टी प्रत्याशी प्रेमनारायण ठाकुर, जिलाध्यक्ष नरेंद्र परमार, नगरपालिका अध्यक्ष नवीन जैन, बसंत चौबे, मंडल अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं आमजन मौजूद रहे।

aum

Leave a Reply

Your email address will not be published.