• Sat. Nov 14th, 2026

भारत का कुल निर्यात इस वर्ष अक्टूबर में रिकॉर्ड 90 अरब डॉलर के करीब पहुंचा: वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल

भारत का कुल निर्यात इस वर्ष अक्टूबर में रिकॉर्ड 90 अरब डॉलर के करीब पहुंचा: वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल
piyushgoyalभारत का कुल निर्यात इस वर्ष अक्टूबर में रिकॉर्ड 90 अरब डॉलर के करीब पहुंचा: वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत का निर्यात इस वर्ष अक्टूबर में रिकॉर्ड लगभग 90 अरब डॉलर तक पहुंच गया है। कल नई दिल्ली में भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि इसमें लगभग 50 अरब डॉलर का वस्तु निर्यात और 40 अरब डॉलर का सेवा निर्यात शामिल है।

श्री गोयल ने बताया कि चालू वित्त वर्ष के पहले सात महीनों में अक्टूबर तक देश का कुल निर्यात 570 अरब डॉलर तक पहुंच गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत इस वर्ष एक ट्रिलियन डॉलर के निर्यात लक्ष्य को हासिल कर लेगा। श्री गोयल ने कहा कि दुनिया में जारी संघर्षों और अनिश्चितताओं के बावजूद भारत का अंतरराष्ट्रीय व्यापार इस वर्ष 15 से 16 प्रतिशत बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि यह देश की मजबूत अर्थव्यवस्था और निर्यातकों के विश्वास को दर्शाता है।

मंत्री ने कहा कि दीपावली के दौरान देशभर के बाजारों में अच्छी खरीदारी हुई और कारोबार बढ़ा। उन्होंने बताया कि अक्टूबर में जीएसटी संग्रह अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया। उन्हें उम्मीद है कि नवंबर में भी जीएसटी संग्रह नया रिकॉर्ड बनाएगा।

श्री गोयल ने कहा कि फिलहाल चार ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था वाला भारत 2047 तक 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य रखता है। भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले का उल्लेख करते हुए श्री गोयल ने कहा कि यह मेला राज्यों, कारोबारियों और भारतीय उत्पादों को एक मंच पर लाता है। उन्होंने बताया कि भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन इस मेले को विदेशों में भी आयोजित करेगा।

इससे भारतीय कंपनियों, सेवा प्रदाताओं और स्टार्टअप को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपने उत्पाद और सेवाएं पेश करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि मेले का 45वां संस्करण विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन की ओर से आयोजित भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला आज नई दिल्ली में शुरू हो रहा है। इसमें देश-विदेश के 3500 से अधिक प्रदर्शक हिस्सा ले रहे हैं। इस वर्ष मेले की थीम ‘विकास और विरासत’ है। 14 दिन तक चलने वाले इस मेले में 32 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश अपने क्षेत्रीय उत्पादों, हस्तशिल्प, उद्योग, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन से जुड़ी विशेषताओं को प्रदर्शित करेंगे। मेले से कारोबारियों और उद्यमियों को नए अवसर मिलेंगे तथा घरेलू और अंतरराष्ट्रीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।
=====================================Courtesy=======================================

 

aum

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *