भारत और पोलैंड साइबर सुरक्षा सहित महत्वपूर्ण खनिजों जैसे क्षेत्रों में कई समझौतों पर काम कर रहे हैं: विदेश मंत्री एस. जयशंकर
sjaishankar,poland,cybersecurityभारत और पोलैंड साइबर सुरक्षा सहित महत्वपूर्ण खनिजों जैसे क्षेत्रों में कई समझौतों पर काम कर रहे हैं: विदेश मंत्री एस. जयशंकर
विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा है कि भारत और पोलैंड साइबर सुरक्षा, अंतरिक्ष, स्वच्छ ऊर्जा सहित महत्वपूर्ण खनिजों जैसे क्षेत्रों में कई समझौतों पर काम कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन समझौतों से द्विपक्षीय संबंधों में अधिक गहराई और मजबूती आएगी।
राजधानी वारसॉ में आज पोलैंड के उप प्रधानमंत्री रादोस्लाव सिकोरस्की के साथ वार्ता के बाद संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारत और पोलैंड के बीच दीर्घकालिक और सौहार्दपूर्ण संबंध हैं, जिन्हें वर्ष 2024 में रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया गया था।
डॉ. जयशंकर ने सिकोरस्की के साथ चर्चा को “फलदायक” बताते हुए कहा कि दोनों पक्षों ने यूक्रेन संघर्ष, पश्चिम एशिया की स्थिति और हिंद-प्रशांत क्षेत्र के घटनाक्रमों सहित प्रमुख वैश्विक और क्षेत्रीय विषयों पर भी विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा संघर्ष को समाप्त करने के लिए संवाद और कूटनीति को बढ़ावा देने के प्रयास किए जाने चाहिए।
विदेश मंत्री ने घोषणा की कि जामसाहेब मेमोरियल युवा संपर्क कार्यक्रम का दूसरा संस्करण अगले महीने आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पोलैंड के विश्वविद्यालयों में भारतीय विद्या और संस्कृत कार्यक्रम भी अच्छा कार्य कर रहे हैं।
भारत-यूरोपीय संघ संबंधों पर डॉ. जयशंकर ने कहा कि हाल के वर्षों में दोनों पक्षों के बीच संबंध काफी मजबूत हुए हैं। उन्होंने हाल ही में भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को संबंधों का केंद्रबिंदु बताते हुए कहा कि इससे दोनों पक्षों के लिए नए आर्थिक अवसर पैदा होंगे।
इस बीच, पोलैंड के विदेश मंत्रालय ने कहा कि जयशंकर और सिकोरस्की के बीच चर्चा में रणनीतिक साझेदारी के कार्यान्वयन और रक्षा, अंतरिक्ष और जहाज विनिर्माण सहित प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग पर बात हुई। दोनों पक्षों ने यूरोप की सुरक्षा स्थिति, बहुपक्षीय और क्षेत्रीय सहयोग, स्मारकों और स्मृति संबंधी मुद्दों के साथ-साथ प्रबुध्द विशेषज्ञों के बीच अधिक सहयोग पर भी विचार-विमर्श किया।
=================================================Courtesy================================
