भारत की चुनाव प्रणाली की विश्वसनीयता और मजबूती को दुनियाभर में मान्यता: विदेश मंत्रालय
indianelectionprocessभारत की चुनाव प्रणाली की विश्वसनीयता और मजबूती को दुनियाभर में मान्यता: विदेश मंत्रालय
भारत ने इंडोनेशिया में आए भीषण भूकंप से हुई जानमाल की हानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने नई दिल्ली में संवाददाताओं को बताया कि भारत इस त्रासदी से बेहद दुखी है और मृतकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है। उन्होंने कहा कि भारत घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और बचाव तथा राहत कार्यों में लगे लोगों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करता है। श्री जायसवाल ने कहा कि इस कठिन घड़ी में भारत, इंडोनेशिया के साथ एकजुटता से खड़ा है। उन्होंने कहा कि भारत राहत और बचाव कार्यों में हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत की चुनाव प्रणाली की प्रशंसा करने और अमरीकी चुनावों में मतदाता पहचान पत्रों की कमी पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की टिप्पणी का जिक्र करने पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि भारत की चुनाव प्रणाली की विश्वसनीयता और मजबूती विश्व स्तर पर सर्वविदित तथ्य हैं।
बांग्लादेश से ऊर्जा संबंधी अनुरोध प्राप्त होने की खबरों पर श्री जायसवाल ने कहा कि भारत का बांग्लादेश के साथ ऊर्जा सहयोग जारी है। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त अनुरोध के संबंध में भारत अपनी आवश्यकताओं, शोधन क्षमता और उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए इसकी जांच कर रहा है। विकास सहयोग के बारे में पूछे जाने पर प्रवक्ता ने कहा कि भारत, बांग्लादेश के साथ पारस्परिक हितों और आपसी सहयोग पर आधारित सकारात्मक, रचनात्मक तथा प्रगतिशील संबंध चाहता है।
शहजाद भट्टी आतंकी नेटवर्क को लेकर भारत के दावों पर पाकिस्तान की प्रतिक्रिया पर श्री जायसवाल ने कहा कि भारत सरकार अपने इस रूख पर कायम है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के मामले बहुत गंभीर हैं और भारत इन्हें गंभीरता से लेता है। प्रवक्ता ने कहा कि भारत चाहता है कि वैश्विक समुदाय ऐसे कार्यों की गंभीरता को समझे। उन्होंने कहा कि भारत आतंकवाद से बुरी तरह प्रभावित हुआ है। पिछले कई वर्षों में, भारत ने आतंकवाद, विशेष रूप से सीमा पार आतंकवाद से लड़ने के लिए वैश्विक कार्रवाई को प्रेरित करने और उसे मजबूत करने के लिए बहुत प्रयास किए हैं। श्री जायसवाल ने कहा कि आतंकवाद से निपटने के लिए भारत का संघर्ष जारी रहेगा और इसके खात्में के लिए जो भी कार्रवाई आवश्यक होगी, भारत उसे करता रहेगा।
पाकिस्तानी कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में हो रहे विरोध प्रदर्शनों पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि वहां कई लोगों की जान गई है और बड़ी संख्या में लोग हताहत तथा घायल हुए हैं। आवश्यक वस्तुओं और रोजमर्रा की वस्तुओं पर कड़ी पाबंदियां लगाई गई हैं। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में स्थिति ऐसी है कि स्थानीय आबादी को अंतरराष्ट्रीय समुदाय से सहानुभूति और एकजुटता की जरूरत है और वे इसके हकदार भी हैं।
================================================Courtesy==================================
