• Fri. Apr 26th, 2024

आपने मुझ पर फूल बरसाए, आपकी राह में कांटे नहीं आने दूंगाः शिवराज सिंह

सागर जिले की जनता के आत्मीय स्वागत से अभिभूत मुख्यमंत्री ने किया वादा
सागर। आपने पूरे रास्ते मेरे ऊपर फूल बरसाए हैं, मैं आपकी राह में कांटे नहीं आने दूंगा। यह बात बुधवार को मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने सागर जिले के देवरी में जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान विशाल आमसभा को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने अपने शासनकाल के दौरान विकास न करने को लेकर कांग्रेस को जमकर आड़े हाथों लिया। उन्होंने जिले के विकास में बची कसर को पूरा करने के लिए जिले की जनता से आशीर्वाद मांगा।

मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान की जनआशीर्वाद यात्रा बुधवार को सागर जिले में पहुंची। यात्रा के पहले पड़ाव रहली में मुख्यमंत्री के आगमन पर उनका आत्मीय स्वागत किया गया। हेलीपैड पर स्थानीय भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। हेलीपेड से सभा स्थल तक के रास्ते में लोगों ने जगह-जगह मुख्यमंत्री का स्वागत किया और फूल बरसाए। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने यहां एक विशाल आमसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री प्रभात झा, मंत्री श्री गोपाल भार्गव, श्री भूपेंद्र सिंह, सांसद श्री लक्ष्मीनारायण यादव, पूर्व विधायक श्रीमती सुधा जैन, प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री लोकेंद्र पाराशर भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत कांग्रेस को फटकारने के साथ की।

बच्चे अनपढ़ रहें, इसलिए कांग्रेस ने नहीं खोले स्कूल-कॉलेज

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल के दौरान स्कूल और कॉलेज खोलने के लिए पहल नहीं की, क्योंकि वो चाहती थी कि बच्चे अनपढ़ रहें और उनमें हमारे शासन पर सवाल उठाने लायक समझ विकसित न हो सके। वे हमारी जय-जयकार करते रहें। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार आते ही शिक्षा के प्रसार के लिए ठोस प्रयास शुरू किए गए। पूरे प्रदेश में और सागर जिले में भी मांग के अनुरूप स्कूल और कॉलेज खोल दिए गए हैं। अब यहां का कोई भी बच्चा स्कूल जाए बिना नहीं रहेगा। मुख्यमंत्री ने बालिकाओं की शिक्षा के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी देते हुए कहा कि जिन-जिन बच्चियों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक मदद की जरूरत है, उन्हें सरकार अपने खर्चे पर पढ़ाने का काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के लिए खुशखबरी है कि शीघ्र ही प्रदेश में पुलिस की भर्तियां होने वाली हैं। पुलिस में भर्ती होकर हमारे नवयुवक प्रदेश में कानून व्यवस्था दुरुस्त करने का काम करेंगे।

विकास के लिए किया हरसंभव प्रयास

मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह ने सागर क्षेत्र में प्रदेश सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि पिछले 50 सालों में इस क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था को सुधारने के लिए इतनी राशि कभी नहीं दी गई थी, जितनी भाजपा सरकार ने दी है। उन्होंने कहा कि हमने सागर सहित रहली क्षेत्र में सिंचाई सुविधा के लिए 730 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। अब इस क्षेत्र के किसानों की फसल खूब लहलहाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने अमेरिका वालों से कहा है कि आपसे अच्छी सड़कें मध्यप्रदेश में बना कर दी हैं। लेकिन कांग्रेस को इस पर आपत्ति हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के नेता सड़क पर आएं और फिर सड़कें देखें। मंत्री गोपाल भार्गव ने विकास कार्यों का लेखा जोखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि हमने सरकार से जो भी मांगा, वह मिला है। हमने स्टेडियम मांगा, तो स्टेडियम मिला। सड़कें मांगी, तो सड़कें मिलीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने विकास के मामले में कोई कसर नहीं छोड़ी है।

हम अटल जी के सपनों का भारत बनाएंगे

सागर जिले के देवरी में सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हम श्रद्धेय अटल जी के सपनों का भारत बनाएंगे। उन्होंने अटल जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा अटल जी करोड़ों देशवासियों के हृदय में समाए हुए हैं, हम उनके सपनों को पूरा करेंगे। मुख्यमंत्री ने लोगों से कांग्रेस के 50 साल और भाजपा के 15 साल के बारे में राय पूछी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन के दौरान ना सड़कें थीं, न बिजली और न पानी। लेकिन हमने इन तीनों के लिए पर्याप्त इंतजाम किए हैं। उन्होंने कहा कि पहले भोपाल से सागर आना होता था तो हम पहले रेल से बीना आते थे, फिर सागर आते थे। लेकिन अब भोपाल से सागर के लिए चमाचम सड़कें तैयार हैं। उन्होंने कहा कि देवरी के विकास में अगर थोड़ी कमी रह गई है, तो इसके लिए कांग्रेस विधायक जिम्मेदार हैं। उन्होंने पिछले 5 सालों में विकास के लिए कोई प्रयास नहीं किया। मुख्यमंत्री ने सभा में उपस्थित लोगों से आशीर्वाद मांगते हुए कहा कि 2018 के चुनाव में भाजपा को जिताएं ताकि देवरी में विकास की गंगा बह सके।

बेटियों के अपराधियों को मिलेगी फांसी

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने महिला अपराधों के प्रति सरकार की नीति की चर्चा करते हुए देवरी में आयोजित आमसभा में कहा कि प्रदेश के अंदर अगर कोई बेटियों के साथ दुराचार करेगा तो उसे फांसी के तख्ते पर लटका दिया जाएगा। प्रदेश सरकार ने इसके लिए कानून बनाया है। उन्होंने कहा कि अभी तक इस प्रावधान के तहत 8 लोगों को फांसी की सजा हो चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भी फांसी की सजा के इस प्रावधान का स्वागत किया है।

आपने दीपक जलाकर उजाला किया, आपके जीवन में अंधेरा नहीं आने दूंगा

रहली के बाद देवरी में भी मुख्यमंत्री का स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। चांदपुर से देवरी तक रास्ते में कई जगह लोगों ने पुष्प वर्षा की। चांदपुर देवरी तिराहे पर एक बुजुर्ग मुख्यमंत्री के लिए चाय का प्याला लेकर आए। मुख्यमंत्री ने बड़ी सहजता के साथ चाय ली और दूसरे हाथ से सम्मान के प्रतीक शॉल और श्रीफल भी लेते जा रहे थे। हालांकि वर्तमान में यहां से कांग्रेस के हर्ष यादव विधायक हैं, लेकिन मुख्यमंत्री के पहुंचने पर समूचा देवरी कस्बा स्वागत के लिए उमड़ पड़ा। मुख्यमंत्री का स्वागत करने वालों में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। स्वागत से अभिभूत मुख्यमंत्री ने कहा कि देवरी के लोगों ने पूरे रास्ते में मेरे ऊपर फूल बरसाए हैं, मैं उनके जीवन में कांटे नहीं होने दूंगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं ने दीपक जला कर उजाला किया है, शिवराज सिंह चौहान उनकी जिंदगी में अंधेरा नहीं होने देगा।

aum

Leave a Reply

Your email address will not be published.